Last Updated:
नोएडा के सेक्टर 61 से 18 की ओर जाने वाली एमपी-टू एलिवेटेड रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने से दरारें आई थीं. पैबंद लगाने के बजाय प्राधिकरण आईआईटी रुड़की की देखरेख में पूरा सेगमेंट बदल रहा है. 10 दिसंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद है. उसके बाद रोड की सुरक्षा जांच के बाद इसे आम जनता के लिए खोलने पर विचार किया जाएगा.
बेयरिंग कमजोर होने से इस एलिवेटेड रोड पर एक ही जगह बार-बार सड़क खराब होती थी.
नोएडावासियों के लिए एक राहत वाली खबर है. नोएडा के सेक्टर 61 से सेक्टर 18 की ओर जाने वाली पहले एलिवेटेड रोड की बीमारी का पता चल गया है. इस रोड को ही एमपी-टू एलिवेटेड रोड कहा जाता है. इस रोड पर बार-बार गड्ढा होने और सड़क के क्षतिग्रस्त होने की तकनीकी वजह सामने आ गई है. शुरुआती जांच में प्रभावित हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने की बात सामने आई है. बेयरिंग पर पर्याप्त भार नहीं संभल पाने के कारण एलिवेटेड रोड के कंक्रीट सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें आ गईं. इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर पड़ा. धीरे-धीरे कंक्रीट का पैनल क्षतिग्रस्त हुआ और इस कारण सड़क की ऊपरी सतह पर बार-बार गड्ढा बनने लगा.
बदला जाएगा पूरा हिस्सा
नोएडा प्राधिकरण ने अब इस समस्या का स्थायी समाधान करने का फैसला लिया है. इसके तहत केवल गड्ढे को भरकर सड़क को ठीक नहीं किया जाएगा, बल्कि क्षतिग्रस्त हिस्से के पूरे सेगमेंट को बदलकर नया हिस्सा लगाया जाएगा. मरम्मत का काम आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में कराया जा रहा है. प्राधिकरण ने 10 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है. हालांकि, मरम्मत की जटिलता को देखते हुए एलिवेटेड रोड पर यातायात कब तक बहाल होगा, यह काम पूरा होने और सुरक्षा जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
बेयरिंग कमजोर होने से बिगड़ा भार का संतुलन
एलिवेटेड रोड के निर्माण में अलग-अलग कंक्रीट सेगमेंट को जोड़ने के लिए बेयरिंग का इस्तेमाल किया जाता है. इनका काम पुल के ऊपर से गुजरने वाले वाहनों का भार संभालना और तापमान में बदलाव के कारण पुल के फैलने व सिकुड़ने के दौरान नियंत्रित हलचल की गुंजाइश देना होता है. यदि बेयरिंग कमजोर हो जाए या सही तरीके से काम नहीं करे तो संबंधित हिस्से पर भार का संतुलन बिगड़ सकता है. शुरुआती तकनीकी जांच में प्रभावित स्थान पर इसी तरह की समस्या सामने आई है. इसके चलते करीब 11 मीटर लंबे कंक्रीट पैनल में दरारें आने से सड़क की सतह खराब हो गई.
पैबंद नहीं, पूरा सेगमेंट बदलेगा प्राधिकरण
विशेषज्ञों की सलाह पर प्राधिकरण ने क्षतिग्रस्त हिस्से को सामान्य तरीके से रिपेयर कराने के बजाय पूरा सेगमेंट बदलने का निर्णय लिया है. इसके लिए पुराने क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर नया कंक्रीट सेगमेंट तैयार कर लगाया जाएगा. नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में मरम्मत कराई जा रही है. एलिवेटेड रोड के अन्य सेगमेंट की भी जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी तकनीकी समस्या दूसरे हिस्सों में सामने न आए. इससे पूरी सड़क की संरचनात्मक मजबूती का आकलन करने में मदद मिलेगी.
प्रीकास्ट तकनीक से बनी है एलिवेटेड रोड
एमपी-टू एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रीकास्ट तकनीक से किया गया है. इसमें कंक्रीट के बड़े-बड़े हिस्से पहले से तैयार करके निर्माण स्थल पर लाए जाते हैं और फिर उन्हें गर्डर तथा अन्य संरचनात्मक हिस्सों के साथ जोड़ा जाता है. ऐसे निर्माण में किसी एक सेगमेंट को बदलना सामान्य सड़क की मरम्मत जैसा आसान नहीं होता. पुराने हिस्से को हटाने, आसपास के स्ट्रक्चर की सुरक्षा और नए सेगमेंट को सही तरीके से स्थापित करने में तकनीकी सावधानी बरतनी पड़ती है. इसी वजह से मरम्मत में समय लग रहा है.
करीब एक माह से बंद है एक तरफ का यातायात
सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली एलिवेटेड रोड की लेन पर 21 अक्टूबर से यातायात बंद है. सेक्टर-33 में इस्कॉन मंदिर के सामने सड़क पर पहली बार गड्ढा दिखाई देने के बाद प्राधिकरण ने मरम्मत कराई थी, लेकिन कुछ ही दिन बाद उसी स्थान पर दोबारा गड्ढा बन गया. इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरी लेन पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई. अब वाहन चालकों को नीचे स्थित महाराजा अग्रसेन मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है.
करीब 4.8 किलोमीटर लंबी यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-18 से सेक्टर-61 तक यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. एक तरफ का रास्ता बंद होने से सेक्टर-31, 33 और 61 के आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है. पीक आवर्स में वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. अब लोगों को उम्मीद है कि 10 दिसंबर तक मरम्मत पूरी होने के बाद एलिवेटेड रोड पर यातायात बहाल हो सकेगा.