Jaisalmer News: कौन हैं जैसलमेर के गोविंद सिंह भाटी? 4 घंटे 46 मिनट में 100 गाने गाकर बनाया नेशनल रिकॉर्ड

Jaisalmer News: कौन हैं जैसलमेर के गोविंद सिंह भाटी? 4 घंटे 46 मिनट में 100 गाने गाकर बनाया नेशनल रिकॉर्ड


जैसलमेर. कहते हैं कि अगर किसी काम को जुनून और पूरी लगन के साथ किया जाए तो उम्र कभी सफलता के आड़े नहीं आती. राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर के एक युवा ने अपनी इसी प्रतिभा, मेहनत और संगीत के प्रति दीवानगी के दम पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक हो रही है. आमतौर पर युवा प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर की तैयारी में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करते हैं, लेकिन जैसलमेर के कुंडा गांव के 20 वर्षीय गोविंद सिंह भाटी ने पढ़ाई के साथ अपने संगीत के शौक को भी एक अलग मुकाम तक पहुंचा दिया. उन्होंने लगातार बिना रुके और बिना पानी पिए 100 बॉलीवुड गाने गाकर अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है.

खास बात यह है कि गोविंद ने अपने पसंदीदा गायक अरिजीत सिंह के ही 100 गाने एक के बाद एक गाए. इसके लिए उन्होंने महज 4 घंटे 46 मिनट 58 सेकंड का समय लिया. उनकी इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है. सबसे कम उम्र में सबसे तेज 100 गाने गाने का रिकॉर्ड बनाने वाले गोविंद की सफलता ने जैसलमेर को गौरवान्वित किया है. उनकी कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि वे संगीत के इस जुनून को अपनी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं.

अरिजीत सिंह के 400 से ज्यादा गाने जुबानी याद

गोविंद सिंह की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अपने पसंदीदा गायक अरिजीत सिंह के ही 100 गानों का चयन किया था. गोविंद को अरिजीत सिंह के 400 से अधिक गाने जुबानी याद है. बचपन से ही संगीत के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है. इसी रुचि को उन्होंने लगातार रियाज और मेहनत के जरिए अपनी प्रतिभा में बदला. अरिजीत सिंह के अलावा वे अरमान मलिक, विशाल मिश्रा, उदित नारायण और आतिफ असलम जैसे गायकों को भी सुनना पसंद करते हैं. उनके गानों से प्रेरणा लेकर उन्होंने अपनी गायकी को निखारा और इस अनूठे रिकॉर्ड तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया.

दिल्ली में रहकर कर रहे UPSC की तैयारी, संगीत को मानते हैं साधना

गोविंद सिंह फिलहाल दिल्ली में रहकर यूपीएएसी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. पढ़ाई के व्यस्त शेड्यूल और प्रतियोगी परीक्षा के दबाव के बीच भी उन्होंने संगीत से अपना रिश्ता कायम रखा है. उनके लिए संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता हासिल करने का जरिया है. वे संगीत को ध्यान और साधना की तरह देखते हैं. पढ़ाई के साथ अपने शौक को समय देते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सपना पूरा किया है.

युवाओं को दिया मेहनत और जुनून का संदेश

गोविंद सिंह का मानना है कि युवाओं को अपने सपने बड़े रखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए. उनका कहना है कि संगीत ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी एकाग्र रहना सिखाया है. अगर व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे तो पढ़ाई और दूसरे जुनून को एक साथ आगे बढ़ाया जा सकता है. जैसलमेर के कुंडा गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले गोविंद सिंह भाटी की यह उपलब्धि दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा है. उन्होंने साबित किया है कि सफलता के लिए सिर्फ एक रास्ते पर चलना जरूरी नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा और रुचि को भी मेहनत के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है. उनकी इस कामयाबी से परिवार, गांव और पूरे जैसलमेर जिले में उत्साह का माहौल है.



Source link