Last Updated:
YouTube Creator Meet in Udaipur: झीलों की नगरी उदयपुर में आयोजित YouTube Creator Meet में देशभर से 100 से अधिक दिग्गज डिजिटल क्रिएटर्स शामिल हुए. राफेल होटल में हुए इस खास कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ, फराह खान, शेफ रणवीर बराड़ और नीतू बिष्ट जैसी प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की. सभी ने बदलते दौर में सोशल मीडिया और क्रिएटिव कंटेंट की भूमिका पर चर्चा की. पर्यटन सीजन के बीच इस भव्य आयोजन ने उदयपुर को रॉयल वेडिंग के साथ-साथ बड़े डिजिटल इवेंट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाई है.
Udaipur: झीलों की नगरी उदयपुर इन दिनों सिर्फ पर्यटकों और रॉयल वेडिंग्स के लिए ही नहीं, बल्कि देशभर के बड़े कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी एक खास डेस्टिनेशन बनता जा रहा है. शहर में आयोजित भव्य YouTube Creator Meet में देश के कोने-कोने से 100 से ज्यादा जाने-माने यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल क्रिएटर्स ने शिरकत की. इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि इसमें डिजिटल दुनिया के सितारों के साथ-साथ बॉलीवुड से जुड़े कई चर्चित चेहरे भी नजर आए, जिससे पूरे शहर में इस इवेंट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
YouTube की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से दिग्गज क्रिएटर्स उदयपुर पहुंचे. इनमें मशहूर शेफ और कंटेंट क्रिएटर रणवीर बराड़, फिल्ममेकर फराह खान और लोकप्रिय क्रिएटर नीतू बिष्ट समेत कई चर्चित डिजिटल चेहरे शामिल रहे. इस आयोजन को और भी खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी उदयपुर पहुंचीं. कार्यक्रम के दौरान कैटरीना ने कंटेंट क्रिएटर्स से खास बातचीत की और बदलते डिजिटल दौर में क्रिएटिव कंटेंट की बढ़ती ताकत व भूमिका पर अपने विचार साझा किए.
राफेल होटल में सजे मंच पर साझा हुए अनुभव
उदयपुर के लग्जरी राफेल होटल में आयोजित इस YouTube Creator Meet में अलग-अलग श्रेणियों में काम कर रहे क्रिएटर्स एक ही मंच पर नजर आए. यहां फूड और ट्रैवल से लेकर लाइफस्टाइल, एंटरटेनमेंट और एजुकेशन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके क्रिएटर्स मौजूद थे. सभी ने मिलकर कंटेंट क्रिएशन की बारीकियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार और आधुनिक दौर में सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर गहन चर्चा की. यह मंच नए और अनुभवी दोनों तरह के क्रिएटर्स के लिए नेटवर्किंग और अनुभव साझा करने का एक बेहतरीन माध्यम साबित हुआ.
पर्यटन और डिजिटल पहचान को मिल रहा बढ़ावा
उदयपुर का नाम पिछले कुछ सालों में बड़े राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और सेलिब्रिटी इवेंट्स के साथ लगातार जुड़ रहा है. रॉयल वेडिंग से लेकर बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग और हाई-प्रोफाइल कॉर्पोरेट कार्यक्रमों तक, देश की कई बड़ी हस्तियां यहां आती रही हैं. इसकी मुख्य वजह उदयपुर की खूबसूरत झीलें, ऐतिहासिक विरासत, शाही होटल और मेवाड़ की समृद्ध संस्कृति है. वर्तमान में शहर में पर्यटन सीजन भी अपने चरम पर है, ऐसे में YouTube Creator Meet जैसे आयोजन उदयपुर के पर्यटन और इसकी आधुनिक डिजिटल पहचान दोनों को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं.