जमशेदपुर. जमशेदपुर के युवा आज खेल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं. कोई क्रिकेट तो कोई फुटबॉल में अपना भविष्य तलाश रहा है, लेकिन इसी बीच शहर के एक ऐसे युवा खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और जुनून से एक अलग मुकाम हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. हम बात कर रहे हैं जमशेदपुर के मात्र 20 वर्षीय दीपांशु सिंह की, जिन्होंने खेल को ही अपना जीवन बना लिया है. दीपांशु के लिए यह सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा, लेकिन उनके माता-पिता मनोज सिंह और उमा सिंह ने हर कदम पर उनका साथ दिया. इकलौते बेटे को खेल के प्रति इतना जुनूनी देखकर माता-पिता ने भी उनकी रुचि को समझा और पढ़ाई के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. फिलहाल दीपांशु जमशेदपुर में बीएससी जूलॉजी की पढ़ाई भी कर रहे हैं.
बचपन से खेल के प्रति था जुनून, पानी से हुआ खास लगाव
दीपांशु बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही खेलकूद का काफी शौक रहा है. शुरुआत में उन्हें बॉक्सिंग और स्केटिंग पसंद थी, लेकिन साल 2012 में जब उन्हें वाटर पोलो के बारे में पता चला, तो पानी के खेलों के प्रति उनका लगाव बढ़ता चला गया. इसके बाद उन्होंने स्विमिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स में अपनी रुचि विकसित की. साल 2016 में उन्होंने स्विमिंग में झारखंड के सबसे तेज तैराक का खिताब भी हासिल किया. इतना ही नहीं, साल 2018 और 2022 में रोल बॉल के क्षेत्र में उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हुआ. इन उपलब्धियों ने उनके हौसले को और मजबूत किया.
सुबह 4 बजे शुरू होती है दिनचर्या, रोजाना घंटों करते हैं अभ्यास
दीपांशु की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन सबसे बड़ी वजह है. उनकी दिनचर्या किसी आम युवा जैसी नहीं है. वह सुबह 4 बजे ही बिस्तर छोड़ देते हैं और सबसे पहले स्विमिंग के अभ्यास के लिए पहुंच जाते हैं. इसके बाद सुबह 6 बजे से 8 बजे तक शूटिंग की ट्रेनिंग करते हैं. दिन में कुछ समय आराम और अन्य जरूरी कामों के बाद दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक दोबारा स्विमिंग का अभ्यास करते हैं. इसके बाद शाम 5 बजे से 7 बजे तक जिम में पसीना बहाते हैं. इस तरह रोजाना कई घंटे उनका शरीर और दिमाग खेल की कठिन चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं.
6 साल से नहीं खाया बाहर का खाना, मिठाई से भी बनाई दूरी
एक खिलाड़ी बनने के लिए सिर्फ मैदान में मेहनत करना ही काफी नहीं होता, बल्कि खानपान और जीवनशैली पर भी उतना ही ध्यान देना पड़ता है. दीपांशु ने बताया कि पिछले 6 वर्षों से उन्होंने बाहर का खाना नहीं खाया है. यहां तक कि 6 साल से मिठाई भी नहीं खाई है. कई बार मन करता है कि कुछ पसंदीदा चीजें खा लें, लेकिन अपने लक्ष्य और डाइट को ध्यान में रखते हुए वह खुद पर नियंत्रण रखते हैं. उनके लिए यह त्याग सिर्फ खानपान तक सीमित नहीं, बल्कि अपने सपने को पूरा करने के लिए की गई एक बड़ी कुर्बानी है.
दुबई में भारत का बढ़ाया मान, जीते तीन ब्रॉन्ज और एक गोल्ड
हाल ही में दीपांशु ने दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में पेंटाथलॉन प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए तीन ब्रॉन्ज और एक गोल्ड मेडल जीता. मॉडर्न पेंटाथलॉन पांच अलग-अलग खेलों का मिश्रण है, जिसमें फेंसिंग, ऑब्स्टेकल, स्विमिंग, शूटिंग और रनिंग शामिल हैं. इन सभी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती और एकाग्रता भी जरूरी होती है.
भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं
दीपांशु का सपना सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं है. वह एक बेहतरीन एथलीट बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं. उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए खेलना और तिरंगे का मान बढ़ाना है. इसके लिए वह अपनी पढ़ाई, खानपान और निजी जिंदगी के साथ कोई समझौता नहीं कर रहे हैं. 20 साल की उम्र में जहां कई युवा अपने करियर को लेकर असमंजस में रहते हैं, वहीं दीपांशु ने अपना लक्ष्य तय कर लिया है. उनके लिए हर सुबह 4 बजे उठना, घंटों पसीना बहाना और अपनी पसंदीदा चीजों से दूरी बनाना एक ही सपने की ओर बढ़ते कदम हैं.