Last Updated:
Sooraj Barjatya On Yeh Prem Mol Liya Amid Dhurandhar and Pushpa Success: बॉलीवुड में इन दिनों एक्शन और भव्य फिल्मों का बोलबाला है. ‘धुरंधर’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों ने दर्शकों को एक्शन का दीवाना बना दिया है. ऐसे दौर में फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए प्यार, परिवार और रिश्तों की अहमियत दिखाने जा रहे हैं. आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर सूरज बड़जात्या ने बताया कि आखिर एक्शन के इस दौर में फैमिली ड्रामा बनाने के पीछे उनकी क्या सोच है.
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को रिलीज हो रही है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड में इन दिनों एक्शन और आध्यात्मिक फिल्मों का खूब शोर है. बड़े-बड़े सितारे पर्दे पर दुश्मनों से भिड़ रहे हैं और बॉक्स ऑफिस पर भी जमकर कमाई कर रहे हैं. वहीं, कुछ आस्था के साथ बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही हैं. हालांकि ‘धुरंधर’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों ने दर्शकों के बीच एक्शन का क्रेज जरूर बढ़ा दिया है. ऐसे माहौल में फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या एक बार फिर प्यार, रिश्तों और परिवार की कहानी लेकर आ रहे हैं. उनकी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी की जोड़ी नजर आएगी. बुधवार 18 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया. यहां सूरज बड़जात्या ने बताया कि आखिर एक्शन फिल्मों के दौर में फैमिली ड्रामा क्यों?
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के ट्रेलर लॉन्च पर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या से सवाल हुआ कि जब दर्शकों को एक्शन फिल्में पसंद आ रही हैं तो उन्होंने फैमिली ड्रामा बनाने का फैसला क्यों किया? इस पर निर्देशक ने ऐसा जवाब दिया, जिससे उनकी फिल्मों को लेकर सोच और साफ हो गई.
क्यों बनाई ड्रामा फिल्म?
18 नवंबर को मुंबई में ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ. इस दौरान सूरज बड़जात्या से पूछा गया कि ‘धुरंधर’ और ‘पुष्पा’ जैसी एक्शन फिल्मों की सफलता के बीच उन्होंने ऐसी फिल्म क्यों बनाई? इस पर सूरज ने खाने की थाली का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि लोगों को एक ही तरह का खाना पसंद नहीं आता. थाली में अलग-अलग चीजें चाहिए होती हैं. इसी तरह मनोरंजन में भी हर तरह की फिल्मों की जगह है.
‘धुरंधर’ को सराहा
निर्देशक ने ‘धुरंधर’ की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि यह शानदार फिल्म है. लेकिन कभी सुबह भजन सुनने का मन करता है, दोपहर में आराम करने का और शाम को कुछ अच्छा खाने का. इसलिए अगर ‘धुरंधर’ है तो ‘ये प्रेम मोल लिया’ जैसी फिल्म भी जरूरी है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें तो इसी तरह की फिल्में बनानी आती हैं, अब वह क्या करें.
सलमान खान को मानते हैं सबसे अच्छे ‘प्रेम’
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान खुराना से भी एक दिलचस्प सवाल पूछा गया. उनसे पूछा गया कि सूरज बड़जात्या की फिल्मों में उनका पसंदीदा ‘प्रेम’ कौन है? इस पर आयुष्मान ने बिना देर किए सलमान खान का नाम लिया. उन्होंने कहा कि सलमान भाई से बेहतर प्रेम कोई हो ही नहीं सकता. उनका लॉन्च भी ‘प्रेम’ के किरदार से हुआ था. आयुष्मान के मुताबिक, प्रेम बनना बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए समझना पड़ता है कि एक आदर्श इंसान कैसा होना चाहिए. आपको बता दें कि सलमान खान सूरज बड़जात्या की चार फिल्मों में प्रेम बन चुके हैं. इनमें ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ शामिल हैं.
क्या है ‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी?
फिल्म में आयुष्मान खुराना ‘प्रेम’ और शरवरी ‘पूर्वा’ के किरदार में हैं. दोनों को एक-दूसरे से प्यार होता है और फिर शादी कर लेते हैं. लेकिन शादी के बाद पूर्वा अपने परिवार की जिम्मेदारियों के कारण घर छोड़कर नहीं जा पाती. ऐसे में प्रेम एक अलग फैसला लेता है. वह अपने परिवार के साथ पत्नी के घर रहने पहुंच जाता है. इसके बाद दो परिवारों के बीच रिश्तों, जिम्मेदारियों और आपसी तालमेल की कहानी शुरू होती है. फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. इसका निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है. फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है.
कब रिलीज हो रही है ‘ये प्रेम मोल लिया’?
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना होगा कि एक्शन फिल्मों के इस दौर में सूरज बड़जात्या की यह पारिवारिक कहानी दर्शकों का कितना दिल जीत पाती है.