आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने दुनियाभर में तेजी से अपनी जगह बनाई है. सभी एआई कंपनियों के बीच Anthropic कंपनी अब शेयर बाजार में उतरने के तैयारी कर चुकी है. एंथ्रोपिक (Anthropic) ने दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा IPO पेश कर स्पेसएक्स के 75 अरब डॉलर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. कंपनी ने अपने IPO के लिए 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर की प्राइस रेंज तय की थी, लेकिन निवेशकों की जबरदस्त मांग को देखते हुए शेयर 83 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर अलॉट किए गए. यानी शेयरों की कीमत तय की गई अपर प्राइस लीमिट से भी ज्यादा रही. IPO को निवेशकों से उम्मीद से बेहतर रिस्पांस मिला है और शेयरों की मांग ऑफर किए गए शेयरों की संख्या से कई गुना ज्यादा रही. कंपनी के शेयर गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार Nasdaq पर ANT टिकर के नाम से कारोबार शुरू करेंगे. यह AI सेक्टर के सबसे बड़े IPO में से एक माना जा रहा है.
83 डॉलर पर तय हुई IPO की कीमत
Anthropic ने शुरुआत में IPO के तहत 82.5 करोड़ शेयर बेचने का प्लान बनाया था. हालांकि, निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी को देखते हुए कंपनी ने ऑफर का आकार बढ़ा दिया है. IPO से पहले आयोजित रोड शो में निवेशकों ने बड़ी संख्या में शेयर खरीदने की इच्छा जताई. इसी के बाद कंपनी ने शेयर की कीमत अपनी शुरुआती अनुमानित रेंज से ऊपर तय की.
यह इस साल AI सेक्टर से जुड़ा दूसरा बड़ा IPO है. इससे पहले जून में SpaceX का बड़ा IPO आया था. Anthropic की शेयर बाजार में एंट्री ऐसे समय हो रही है, जब दुनियाभर के निवेशक AI कंपनियों में निवेश के मौके तलाश रहे हैं. हालांकि, AI मॉडल तैयार करने, उन्हें ट्रेनिंग देने और चलाने पर होने वाले भारी खर्च को लेकर निवेशकों की चिंता भी बढ़ रही है.
भारतीय निवेशक Anthropic IPO में कैसे निवेश कर सकते हैं?
भारतीय निवेशक INDmoney ऐप के जरिए Anthropic के शेयरों के लिए प्री-ऑर्डर दे सकते हैं. इसके लिए कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे.
- सबसे पहले आप ऐप पर US Stocks अकाउंट खोलें और जरूरी KYC प्रोसेस पूरा करें.
- US शेयर खरीदने के लिए पर्याप्त डॉलर बैलेंस रखें. RBI के LRS नियमों के तहत भारतीय निवासी एक वित्त वर्ष में 2.5 लाख डॉलर तक विदेश में निवेश कर सकते हैं.
- फिर स्टॉक ब्रोकरेज ऐप में Anthropic या ANT टाइप करके कंपनी का स्टॉक पेज खोलें.
- शेयर खरीदने के लिए Buy ऑप्शन चुनें. प्री-ऑर्डर में केवल पूरे शेयर खरीदे जा सकते हैं, आधे शेयर नहीं.
- फिर लिमिट प्राइस तय करें. वह अधिकतम कीमत डालें, जिस पर आप एक शेयर खरीदना चाहते हैं. कीमत ऐप में दिखाई गई निर्धारित रेंज के भीतर होनी चाहिए.
- शेयरों की संख्या, कीमत और अन्य चार्ज चेक करके ऑर्डर सबमिट करें.
- लिस्टिंग के बाद ऑर्डर तभी पूरा होगा, जब आपकी तय कीमत पर शेयर उपलब्ध होंगे. ऑर्डर पूरा होने की गारंटी नहीं है.
Claude AI की बढ़ती मांग से कंपनी की कमाई में तेजी
Anthropic की ग्रोथ में उसके AI मॉडल Claude की अहम भूमिका है. खासकर Claude Code को सॉफ्टवेयर डेवलपर्स के बीच अच्छी डिमांड देखने मिली है. कंपनी की IPO फाइलिंग के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक उसका सालाना रेवेन्यू रन रेट 81 अरब डॉलर पहुंच गया. 30 सितंबर के मुकाबले इसमें 10 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई.
कंपनी के बड़े कस्टमर्स की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है. 30 सितंबर तक Anthropic के ऐसे ग्राहकों की संख्या 11,900 हो गई, जिनसे पिछले 12 महीनों में कम से कम 1 लाख डॉलर का सालाना रेवेन्यू मिला. पिछले साल के अंत में ऐसे ग्राहकों की संख्या 1,500 से कुछ ज्यादा थी. 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 47 फीसदी बढ़कर 16.96 अरब डॉलर रहा. ये आंकड़े बताते हैं कि AI सर्विसेस की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनियां अपने कामकाज में इन तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं.
AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च भी भारी
तेजी से बढ़ते रेवेन्यू के बावजूद Anthropic के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने खर्च को संभालना है. AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए कंपनी को बड़ी कंप्यूटिंग क्षमता और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है. इस पर कंपनी का खर्च लगातार बढ़ रहा है.
IPO डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में Anthropic ने कंप्यूटिंग कैपेसिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 9 अरब डॉलर खर्च किए. यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग चार गुना है. इसके अलावा, तीसरी तिमाही में भी कंपनी का कंप्यूटिंग खर्च करीब 5 अरब डॉलर रहा. बढ़ते खर्च का असर कंपनी के मुनाफे पर भी पड़ा है. दूसरी तिमाही में 974 मिलियन डॉलर का ऑपरेटिंग प्रॉफिट दर्ज करने वाली कंपनी को तीसरी तिमाही में 567 मिलियन डॉलर का ऑपरेटिंग लॉस हुआ. वहीं, उसका नेट लॉस 66.3 अरब डॉलर से घटकर 23.3 अरब डॉलर रह गया. इसमें शेयरों में बदले जा सकने वाले बॉन्ड से जुड़े गैर-ऑपरेटिंग मदों का भी असर शामिल है.
Amazon और Google के साथ 900 अरब डॉलर की कमिटमेंट
Anthropic ने AI मॉडल के विकास और ऑपरेशन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स के साथ करीब 900 अरब डॉलर के कंप्यूटिंग खर्च की प्रतिबद्धता जताई है. इन पार्टनर्स में Amazon और Google जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. इसका मतलब है कि आने वाले समय में कंपनी को AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश जारी रखना होगा.
हालांकि, कंपनी ने अपने IPO डॉक्यूमेंट्स में इससे जुड़े रिस्क का भी जिक्र किया है. Anthropic के मुताबिक, उसके कुछ कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स चिप खरीदने और डेटा सेंटर बनाने के लिए बाहरी फाइनेंसिंग पर निर्भर हैं. अगर उन्हें यह फंडिंग नहीं मिलती या इसकी लागत बढ़ जाती है, तो कंपनी को मिलने वाली कंप्यूटिंग कैपेसिटी में देरी हो सकती है. इसके अलावा, तय कैपेसिटी में कटौती या खर्च बढ़ने का रिस्क भी है.
AI कंपनियों के बढ़ते कर्ज और डेटा सेंटर पर भारी निवेश को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में निवेशक यह देखना चाहेंगे कि Anthropic अपनी तेज ग्रोथ के साथ खर्च को किस तरह संतुलित करती है.
AI सेफ्टी पर भी उठ रहे सवाल
Anthropic के लिए सिर्फ वित्तीय प्रदर्शन ही चुनौती नहीं है. कंपनी को AI सेफ्टी और तकनीक के तेजी से विकास से जुड़े सवालों का भी सामना करना पड़ रहा है. कंपनी के CEO डारियो अमोदेई पहले ही कह चुके हैं कि AI इंडस्ट्री को ज्यादा ताकतवर मॉडल बनाने और उन्हें बाजार में उतारने की रफ्तार पर विचार करना चाहिए. उनका मानना है कि AI तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ सकती है कि समाज के लिए उससे जुड़े रिस्क को संभालना मुश्किल हो जाए.
इस बीच, Anthropic का सबसे बड़ा कंपाटिटर OpenAI भी 2027 में IPO लाने की तैयारी कर रही है. Anthropic के इस IPO के लिए Goldman Sachs और Morgan Stanley लीड अंडरराइटर हैं. कुल 22 बैंक इस पेशकश से जुड़े हैं. अब निवेशकों की नजर Nasdaq पर Anthropic के शेयरों की लिस्टिंग और बाजार में उनके शुरुआती परफॉर्मेंस पर रहेगी.