Devuthani Ekadashi 2026 Katha: देवउठनी एकादशी का व्रत 20 और 21 नवंबर को है. 20 नवंबर को गृहस्थ लोग व्रत रखेंगे और 21 नवंबर को वैष्णव लोगों का व्रत होगा. कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी या देवोत्थान एकादशी कहते हैं. इस दिन योग निद्रा से भगवान विष्णु बाहर आते हैं तो चातुर्मास खत्म होता है और मांगलिक कार्य प्रारंभ होते हैं. जो लोग देवउठनी एकादशी का व्रत रखें, वे भगवान विष्णु की पूजा के समय देवउठनी एकादशी व्रत कथा जरूर सुनें या पढ़ें. इससे व्रत का संपूर्ण फल मिलता है और व्रत का महत्व भी पता चलता है. इस व्रत को करने से व्यक्ति पाप मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति करता है और हरि कृपा से उसे वैकुंठ में स्थान में मिलता है.
देवउठनी एकादशी व्रत कथा (Dev Uthani Ekadashi Vrat Katha)
पौराणिक कथा के अनुसार, पुराने समय में एक ऐसा राज्य था, जहां पर सभी लोग एकादशी व्रत करते थे और विधिपूर्वक पूजा, नियम का पालन करते थे. एकादशी को उस राज्य में किसी को अन्न खाने को नहीं मिलता था. इस वजह से पशु-पक्षी भी अन्न नहीं खा पाते.
एक दिन वहां के राजा के दरबार में एक व्यक्ति नौकरी मांगने के लिए पहुंचा. राजा ने उसे नौकरी तो दे दी, लेकिन उसने राज्य में रहने की एक शर्त भी बताई. हर महीने 2 एकादशी व्रत होंगे, उस दिन व्रत रखना होगा और अन्न खाने को नहीं मिलेगा.
नौकरी के लालच में उस व्यक्ति ने शर्त मांन ली. अगले महीने एकादशी का व्रत आया, तो शर्त के अनुसार उसे अन्न नहीं मिला, उसके बदले फल मिले. वह फल लेकर राजा के पास गया और कहा कि राजन! फल खाकर मेरा पेट नहीं भरता है. अगर अन्न नहीं खाएगा तो मर जाएगा. इस वजह से मुझे अन्न दें.
इस पर राजा ने एकादशी व्रत की शर्त याद दिलाई. लेकिन वह व्यक्ति अन्न के लिए विनती करता रहा. राजा ने उसे अन्न देने का आदेश कर दिया. उसे चावल, दाल, आटा, हल्दी, नमक आदि सभी चीजें दे दी गईं. उनको पाकर वह खुश हो गया. खाद्य सामग्री लेकर नदी किनारे पहुंचा. उसे एक स्थान पर रखकर सबसे पहले स्नान किया. फिर खाना पकाने लगा. जब खाना बन गया तो उसने एक थाल में परोसा और भगवान की प्रार्थना करने लगा. बोला कि हे भगवन! खाना परोस दियार है, आप इसे ग्रहण कर लें. तब ही मैं भोजन करुंगा.
उसकी बातें सुनकर भगवान विष्णु प्रकट हो गए. उसने श्रीहरि को बैठने के लिए आसन दिया. भगवान भोजन ग्रहण करने लगे तो उसके बाद वह भी भोजन करने लगा. फिर भगवान विष्णु वैकुंठ लौट गए. उसके बाद वह व्यक्ति अपने काम में लग गया. अगली एकादशी को भी वो राजा से अन्न मांगने पहुंचा.
राजा ने अन्न मांगने का कारण जानना चाहा तो उसने बताया कि पिछली बार भगवान विष्णु ने भी खाना खाया था, इस वजह से अन्न कम हो गया और वह भूखा ही रह गया. पिछली बार जितना अन्न मिला था, उतने में हम दोनों सही से भोजन नहीं कर पाते. ये बातें सुनकर कर राजा हैरान रह गया.
उसने बोला कि क्या बात कर रहे हो? क्या यह सच है? विश्वास नहीं होता. क्या श्रीहरि विष्णु तुम्हारे साथ खाना खाते हैं? मैं तो हर एकादशी का व्रत पूरे विधि विधान से करता हूं, लेकिन आज तक भगवान विष्णु के दर्शन ही नहीं हुए, खाने की बात तो दूर है.
तब उस नौकर ने कहा कि आप स्वयं चलकर देख लीजिए, यदि आपको मेरी बातों पर विश्वास न हो. एकादशी पर राजा ने उसे दोगुना अन्न दिलाया और वह भी नदी के किनारे गया, पेड़ के पीछे छिप गया. नौकर अन्न लेकर पहुंचा, पहला नहाया और उसके बाद खाना बनाने लगा. खाना बनने पर भगवान विष्णु से प्रार्थना किया कि आप भोजन कर लें. लेकिन उस दिन श्रीहरि नहीं आए. उसने कई बार विनती की, लेकिन प्रभु नहीं आए. तब अंत में उसने कहा कि यदि आप नहीं आएंगे तो वह अपने प्राण दे देगा.
भक्त की जिद पर भगवान विष्णु को आना ही पड़ा. जैसे ही वो नदी में कूदकर अपने प्राण देने वाला था, वैसे ही श्रीहरि प्रकट हो गए. उसके प्राण बच गए. उसने श्रीहरि को भोजन परोसा और वे भोजन करने लगे. उसके बाद नौकर भी खाने लगा. खाना खत्म होने के बाद श्रीहरि विष्णु ने उसे अपने विमान में बैठा लिया और अपने साथ वैकुंठ लेकर चले गए.
इस पूरी घटना को देखकर राजा को अपनी गलती का एहसास हुआ. उसे ज्ञान हुआ कि जब व्रत सच्चे मन और पवित्र भावना से करते हैं, तो उसका संपूर्ण फल प्राप्त होता है. पूजा का ढोंग करने से हरि कृपा नहीं मिलती है. उसके बाद से राजा सच्चे मन और पवित्रता से एकादशी व्रत करने लगा. जब उसकी मृत्यु हुई तो भगवान विष्णु की कृपा से उसे मोक्ष की प्राप्ति हुई.
जो व्यक्ति सच्चे मन से एकादशी का व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करता है, उसे हरि कृपा प्राप्त होती है. उसे मोक्ष मिल जाता है.