Jodhpur Flight Fare | Jodhpur Airport Flight Ticket Price Hike

Jodhpur Flight Fare | Jodhpur Airport Flight Ticket Price Hike


Last Updated:

Jodhpur Flight Fare Hike: पर्यटन और शादियों के विंटर सीजन के शुरू होते ही जोधपुर से देश के प्रमुख शहरों का हवाई सफर काफी महंगा हो गया है. फ्लाइट्स की मांग बढ़ने से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और बेंगलुरु के विमान किराए सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा बढ़ गए हैं. हैदराबाद का टिकट 18 हजार और अहमदाबाद का किराया 16 हजार रुपए तक पहुंच गया है. वेडिंग सीजन और पर्यटकों की भारी आवाजाही के कारण सीटों की कमी हो गई है, जिससे अंतिम समय में टिकट बुक कराने वाले यात्रियों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है.

Jodhpur: पर्यटन और शादियों के विंटर सीजन के आगाज के साथ ही सूर्यनगरी जोधपुर से हवाई सफर करना आम यात्रियों की जेब पर भारी पड़ने लगा है. जोधपुर आने और जाने वाली फ्लाइट्स की मांग में अचानक तेजी आने से विमान किराए में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है. विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर देश के प्रमुख महानगरों के हवाई टिकट सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से भी अधिक कीमत पर नजर आ रहे हैं. विंटर शेड्यूल और पर्यटन सीजन की शुरुआत के कारण हर साल इन दिनों जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्री भार तेजी से बढ़ जाता है, जिसका सीधा असर हवाई किराए पर दिख रहा है. हालांकि विमानन कंपनियों की डायनेमिक प्राइसिंग व्यवस्था के चलते ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखने वाला यह किराया स्थिर नहीं रहता है और मांग व समय के अनुसार इसमें लगातार उतार-चढ़ाव होता रहता है.

यात्री भार बढ़ने के कारण दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों को सामान्य दिनों के मुकाबले हजारों रुपए अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं. वर्तमान में प्रमुख रूट्स पर किराए की स्थिति कुछ इस प्रकार है. हैदराबाद के लिए सामान्य दिनों में करीब 7 हजार रुपए रहने वाला किराया अब बढ़कर 9 हजार से 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है. अहमदाबाद के लिए आम दिनों में 5 से 6 हजार रुपए में मिलने वाला टिकट अब 6 हजार से लेकर 16 हजार रुपए तक नजर आ रहा है. बेंगलुरु जाने के लिए यात्रियों को अब 10 हजार से 15 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह किराया 8 हजार रुपए के आसपास रहता है. पुणे का किराया सामान्य दिनों के करीब 6 हजार रुपए से बढ़कर 7 हजार से 13 हजार रुपए तक पहुंच गया है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली के लिए आमतौर पर 5 हजार रुपए के आसपास रहने वाला टिकट अब 6 से 12 हजार रुपए तक मिल रहा है. मायानगरी मुंबई का सफर जो आम दिनों में 4 से 5 हजार रुपए में पूरा हो जाता था, उसके लिए अब 7 हजार से 12 हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं. इसके अलावा प्रदेश की राजधानी जयपुर के लिए भी सामान्य दिनों में 4 हजार रुपए के करीब रहने वाला किराया बढ़कर अब 6 हजार रुपए तक पहुंच गया है.

वेडिंग और टूरिज्म सीजन ने बढ़ाई फ्लाइट्स में सीटों की मांग
जोधपुर में पर्यटन सीजन के साथ ही शादियों का भव्य दौर शुरू होने से हवाई यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों से मेहमानों और देशी-विदेशी पर्यटकों का जोधपुर पहुंचना बढ़ गया है. खासकर रॉयल और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जोधपुर आने वाले मेहमानों के कारण दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में सीटों की भारी मांग बनी हुई है. इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और कॉर्पोरेट ट्रैवल बढ़ने से फ्लाइट्स में सीटों की उपलब्धता लगातार कम हो रही है. मांग के मुकाबले सीमित सीटें होने के कारण विमानन कंपनियां किराए में लगातार बढ़ोतरी कर रही हैं.

अंतिम समय की बुकिंग पड़ रही भारी, विशेषज्ञों ने दी राहत की सलाह
हवाई किराए में हुई इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ रहा है, जिन्हें किसी जरूरी काम या आपात स्थिति में अचानक यात्रा करनी पड़ रही है. यात्रा की तारीख नजदीक आने पर यात्रियों को मजबूरन कई गुना महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं. वहीं परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों का यात्रा बजट भी पूरी तरह बिगड़ गया है, क्योंकि एक साथ कई टिकट बुक कराने पर खर्च काफी ज्यादा बढ़ जाता है. टूर एंड ट्रैवल कारोबारियों के मुताबिक, यदि यात्रा पहले से तय है तो यात्रियों को काफी पहले एडवांस बुकिंग करा लेनी चाहिए. साथ ही टिकट बुक करते समय अलग-अलग एयरलाइंस और विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर किराए की तुलना जरूर करनी चाहिए, जिससे कुछ हद तक कम कीमत पर टिकट मिलने की संभावना बनी रहती है.



Source link