अर्पिता कलानुरिया ने 40 साल पुरानी आदत में देखा बड़ा बाजार, फिल्मों का काम छोड़ शुरू किया यूनि‍क कारोबार

अर्पिता कलानुरिया ने 40 साल पुरानी आदत में देखा बड़ा बाजार, फिल्मों का काम छोड़ शुरू किया यूनि‍क कारोबार


हम द‍िन रात सोचते रहते हैं क‍ि एक धांसू ब‍िजनेस आइड‍िया म‍िल जाए, फ‍िर क्‍या ज‍िंदगी संवर जाएगी. यही सोचते सोचते वक्‍त न‍िकल जाता है. कई बार हमारे आसपास कई ऐसी चीजें होती हैं, जो बड़ा बन सकती हैं, लेकिन हम देख नहीं पाते. ‘जुगाड़ से जैकपॉट’ बनाने वालों को यही चीजें नजर आ जाती हैं. अब अर्पिता कलानुरिया को ही देख‍िए. फ‍िल्‍मों में काम कर रही थीं. अच्‍छा खासा काम था, लाखों का पैकेज था. लेकिन एक द‍िन लोगों को खाली ड‍िब्‍बा फेंकते हुए देख ल‍िया. फ‍िर जिद ठान ली क‍ि इसे बदलना है. 40 साल पुरानी एक आदत में उन्‍हें बड़ा बाजार नजर आया. बस क्‍या था, फिल्मों का काम छोड़ यूनि‍क कारोबार शुरू कर द‍िया. आज दुन‍िया उनकी तारीफ कर रही है. सरकार ने उन्‍हें देश की उन 75 मह‍िलाओं में जगह दी है, जो समाज में बड़ा बदलाव ला रही हैं.

अर्पिता ने 2021 में Circular Business Podcast को दिए इंटरव्यू में कहा था, करीब 40 साल पहले भारत के मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों की लाइफस्‍टाइल आज के मुकाबले ज्यादा टिकाऊ थी. उस समय चीजों को लंबे समय तक इस्तेमाल करना सामान्य बात थी. जैसे दूध की कांच की बोतल. दूध खत्म होने के बाद बोतल वापस हो जाती थी. अगली बार उसी बोतल का इस्तेमाल किया जा सकता था. इसी तरह कई घरेलू चीजें ऐसे बर्तनों में आती थीं, जिन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता था. वक्‍त के साथ बाजार बदला. पैकेजिंग हल्की हुई, सुविधाजनक हुई और कंपनियों के लिए हर प्रोडक्‍ट को अलग पैक में बेचना आसान हो गया. लेकिन इसने पैकेट्स की गंदगी भर दी. जब मैंने इस गंदगी को देखा तो मुझे 40 साल पुराना वो आइड‍िया याद आ गया. मैने खुद से सवाल क‍िया क‍ि जब पहले बोतल वापस लेकर दोबारा इस्तेमाल की जा सकती थी, तो आज ऐसा क्यों नहीं हो सकता? यहीं मेरी कंपनी की नींव पड़ी.

2018 से शुरू किया काम, फिर बनी AmplePac

अर्पिता ने 2018 से सर्कुलर इकोनॉमी पर काम शुरू किया. वह चाहतीं थीं क‍ि पैकेज‍िंग उनमें हो, ज‍िनका दोबारा इस्‍तेमाल क‍िया जा सके. उन्‍होंने AmpleEarth Packaging & Systems Pvt. Ltd. शुरू की. कंपनी का ब्रांड AmplePac है. अर्पिता की कंपनी मेटल से बने ऐसे कंटेनर बनाती है, जिन्हें साफ किया जा सकता है और फिर से यूज क‍िया जा सकता है. वह चाहती हैं क‍ि दूध-दही, ब‍िस्‍कुट, तेल-दाल बेचने वाली सारी कंपन‍ियां इस ओर लौटें.

बोतल बेचने के बजाय पैकेजिंग की सर्विस

आमतौर पर पैकेजिंग बनाने वाली कंपनी दूसरी कंपनी को बोतल या डिब्बा बेचती है. उसके बाद पैकेजिंग का क्या हुआ, यह उसकी जिम्मेदारी नहीं रहती. अर्पिता की कंपनी कुछ अलग करती है. इसमें मेटल कंटेनर में सामान कस्‍टमर तक पहुंचता है. वह इस्‍तेमाल करता है और फ‍िर इसे वापस ले ल‍िया जाता है. फ‍िर उसकी सफाई होती है और दोबारा उसी कंटेनर में सामान पैक होकर दूसरे कस्‍टमर को भेज द‍िया जाता है. यानी स‍िर्फ कंटेनर बनाना नहीं, पूरी की पूरी सप्‍लाई चेन पर काम कर रही हैं.

रोज होता एक एक कंटेनर का ह‍िसाब

उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी क‍ि कंटेनर का ह‍िसाब कैसे रखा जाएगा. क‍िसने वापस द‍िया, क‍िसने नहीं द‍िया, यह कैसे तय होगा. इसके ल‍िए उन्‍होंने एआई और ब्‍लॉकचेन पर बेस्‍ड एक स‍िस्‍टम बनाया, ज‍िसे नाम द‍िया India Reuse. यह एक एक कंटेनर का रोज ह‍िसाब रखता है. वह चाहती हैं क‍ि कस्‍टमर को सामान खरीदने की अपनी पुरानी आदत बदलनी न पड़े, लेकिन पैकेजिंग का इस्तेमाल करने का तरीका बदल जाए.

100 से ज्यादा डिजाइन तैयार किए

अर्पिता ने मेटल से 100 से ज्यादा पैकेजिंग प्रोडक्‍ट डिजाइन किए हैं. इनका इस्तेमाल FMCG सेक्टर में एक बार इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग के विकल्प के तौर पर किया जा रहा है. उनकी कंपनी कई स्टार्टअप और इनोवेशन प्रोग्राम का ह‍िस्‍सा रही है. उन्‍हें नैस्‍कॉम स्‍टार्टअप वुमेन एंटरप्रेन्‍योर अवार्ड भी म‍िल चुका है. उनकी कंपनी माइक्रासॉफ्ट फॉर स्‍टार्टअप का ह‍िस्‍सा रही. इन्‍वेस्‍ट इंड‍िया प्रोग्राम में शाम‍िल रही. 2022 में अर्पिता ने पेरिस में VivaTech में भारत की ओर से प्रत‍िन‍िध‍ित्‍व भी क‍िया.



Source link