Success Story: जन्म से नहीं है एक पैर, फिर भी 100 की रफ्तार से फेंकते हैं गेंद, जसवंत की कहानी है मिसाल

Success Story: जन्म से नहीं है एक पैर, फिर भी 100 की रफ्तार से फेंकते हैं गेंद, जसवंत की कहानी है मिसाल


पाली. दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जो जीवन में आने वाली छोटी-मोटी कठिनाइयों, असफलताओं या शारीरिक चुनौतियों से घबराकर हार मान लेते हैं. मगर राजस्थान के पाली जिले के रड़ावास के रहने वाले जसवंत सिंह राजपुरोहित ने अपना एक पेर न होने के बावजूद भी ऐसा नहीं किया बल्कि अपनी कमजोरी को अपनी ताकत बनाया और देश और दुनिया में क्रिकेट की दुनिया में बेहतर नाम करने का काम किया है. यही वजह है कि आज अपनी मेहनत के दम पर भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में जगह बना लिया है. जिसकी आज हर कोई तारीफ कर रहा है.

जब सामान्य बच्चे मैदानों में दौड़ते थे, तब जसवंत ने बैसाखियों के सहारे अपनी दुनिया को संवारना शुरू किया. क्रिकेट के प्रति उनका प्यार इतना गहरा था कि उन्होंने अपनी इस शारीरिक सीमा को कभी आड़े नहीं आने दिया. क्रिकेट की बारीकियों को सीखने और अपने खेल को निखारने के लिए उन्होंने राजधानी जयपुर का रुख किया. वहां उन्होंने कड़ी मेहनत की, खेल के गुर सीखे और खुद को इस काबिल बनाया कि आज वे बड़े-बड़े मैदानों में सामान्य खिलाड़ियों को भी टक्कर दे रहे हैं.

मैदान पर ‘तूफान’ बनकर उतरते हैं जसवंत सिंह

जसवंत सिंह की खेल शैली और उनका जज्बा देखकर हर कोई दंग रह जाता है. वह मैदान पर बैसाखी के सहारे उतरते हैं और अपनी टीम के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में क्रीज संभालते हैं. मैदान पर उतरते ही उनका बल्ला ऐसा गरजता है कि वे सामान्य खिलाड़ियों की तरह गेंदबाजों पर चौके और छक्कों की बरसात कर देते हैं. उनकी काबिलियत सिर्फ बल्लेबाजी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वे गेंदबाजी में भी माहिर हैं. अपनी बैसाखी के सहारे एक लंबा और शानदार रनअप लेकर जब वे दौड़ते हैं, तो लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर विरोधी बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा देते हैं. एक पैर के न होने के बावजूद ऐसी रफ्तार और सटीकता के साथ गेंदबाजी करना इंसानी जज्बे की पराकाष्ठा है.

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

जसवंत का सफर सिर्फ स्थानीय मैदानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है. उन्होंने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम (DCCI Team India) की ओर से खेलते हुए कई शानदार मैच खेले हैं. अपनी बेहतरीन कप्तानी कौशल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने चेन्नई में आयोजित ‘Abrct 2026’ और हैदराबाद में ‘HAP CAP’ जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई. देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक खेल मैदानों जैसे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेलने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ है. इसके अलावा, उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी हिस्सा लेकर देश का मान बढ़ाया है.

युवाओं के लिए एक जीवंत मिसाल हैं जसवंत सिंह 

आज जसवंत सिंह राजपुरोहित केवल राजस्थान या पाली जिले के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लाखों युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए संघर्ष, साहस और सफलता की एक जीवंत मिसाल बन चुके हैं. उनकी यह कहानी हमें सिखाती है कि मुश्किलें चाहे जितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर आपके इरादे मजबूत हैं और सपनों को पाने की जिद्द है, तो कोई भी विकलांगता या बाधा आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती. जसवंत ने यह साबित कर दिया है कि जीवन में पैर नहीं, बल्कि आगे बढ़ने के लिए मजबूत पंखों और हौसलों की जरूरत होती है.

बचपन से क्रिकेट के प्रति है दीवानगी

पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव रड़ावास के 34 वर्षीय जसवंत सिंह का जीवन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है, बल्कि यह उससे कहीं अधिक वास्तविक और प्रेरणास्पद है. जन्म से ही उनका बायां पैर नहीं था. एक बच्चे के लिए शारीरिक रूप से दिव्यांग होना और सामान्य जीवन जीना ही बहुत बड़ी चुनौती होती है, लेकिन जसवंत ने इस चुनौती को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. बचपन से ही उनके दिल में क्रिकेट के प्रति एक अलग ही जुनून और दीवानगी थी.



Source link