Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने नूरपुर को नया जिला बनाने की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने विधायक आरएस बाली पर राजनीतिक अनुभव की कमी का आरोप भी लगाया.
नूरपुर. हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार में मंत्री रहे नेता राकेश पठानिया ने नए जिले बनाने का समर्थन किया है. नूरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नूरपुर को जिला बनाने की मांग को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने विधायक आरएस वाली पर भी निशाना साधते हुए उन पर राजनीतिक अनुभव की कमी को लेकर तंज कसा.
राकेश पठानिया ने कहा कि आरएस वाली अभी नए-नए विधायक बने हैं और उन्हें राजनीति के बारे में बिल्कुल भी ज्ञान नहीं है. उन्होंने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने की मांग कोई नई नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोग पिछले लंबे समय से इस मांग को उठाते आ रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह और उनके साथी पिछले 20 वर्षों से नूरपुर को जिला बनाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.
पूर्व वन मंत्री ने कहा कि नूरपुर को पुलिस जिला बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का अहम योगदान रहा है. उनके प्रयासों से नूरपुर को पुलिस जिला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे.
पठानिया ने कहा कि अब नूरपुर को पूर्ण राजस्व जिला बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि नूरपुर जिला बनना चाहिए और क्षेत्र की जनता की यह लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होनी चाहिए. उन्होंने दो टूक कहा कि जो भी नूरपुर को जिला बनाने की पहल करेगा, वे उसका स्वागत करेंगे.
उन्होंने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने का मुद्दा किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक सुविधा और जनता की भावनाओं से जुड़ा हुआ विषय है.
एक और विधायक आए समर्थन में
हिमाचल में नए जिले बनाने के समर्थन में कांग्रेस के मंत्री यादवेंद्र गोमा, फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानियां, पालमपुर से आशीष बुटैल भाजपा विधायक जनक राज ने बयान दिए हैं. हालांकि, नगरोटा बगवां से आरएस बाली, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नए जिले बनाने का विरोध किया है.