Last Updated:
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के अहरौरा में लोगों ने विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जाहिर की है. किसी ने विधायक के क्षेत्र में नहीं आने की शिकायत की तो किसी ने बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाए. एक व्यक्ति ने तंज कसते हुए कहा कि विकास देखने के लिए शायद स्टील का चश्मा लगवाना पड़ेगा. लोगों ने इस बार प्रत्याशी बदलने की मांग की है.
मिर्जापुर: चुनाव हो तो विकास, स्वास्थ्य व शिक्षा बड़ा मुद्दा बन जाता है. इसके साथ ही विधायक का चेहरा भी जनता के लिए एक प्रमुख वजह रहती है. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में अहरौरा में विकास कार्य, चिकित्सा व स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर किए गए कामों पर लोगों की राय जानने के लिए लोकल 18 की टीम पहुंची. इस दौरान विधायक के चेहरे और विकास को लेकर भी जनता से बातचीत की गई. बातचीत के दौरान लोगों ने कहा कि सरकार के द्वारा बेहतर काम किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय विधायक के दर्शन नहीं होते हैं. मंदिर में भगवान के दर्शन तो हो जाते हैं, लेकिन विधायक के दर्शन कभी नहीं होते हैं. ऐसे में चेहरा बदलने की आवश्यकता है. हम सभी लोग सरकार बनाने के लिए साथ हैं.
शिव कुमार ने बताया कि मड़िहान क्षेत्र में स्वास्थ्य को लेकर उम्मीद के मुताबिक काम नहीं किया गया है. अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलते हैं. सड़क का हाल बदहाल है. सड़क आपके सामने नजर आ रहा है कि कैसा है. विधायक को हम लोग जल्द देख ही नहीं पाते हैं कि वह क्षेत्र में आते हैं या नहीं. अहरौरा क्षेत्र को उन्होंने बेगाना बना दिया है, जो मड़िहान विधानसभा की जान है. यहां पर नगर पालिका भी है, लेकिन कोई यहां पर ध्यान देने वाला नहीं है. सरकार से हम लोग संतुष्ट हैं, लेकिन विधायक के कामों से हमें संतुष्टि नहीं है.
स्टील का लगवाना पड़ेगा चश्मा
विनय कुमार ने बताया कि विकास कार्य कहा हुए हैं, हम लोगों को पता ही नहीं है. विकास देखने के लिए हमें कौन सा चश्मा लगवाना पड़ेगा. यह शायद विधायक जी बता पाएंगे, क्योंकि अभी तो आंखों से विकास नजर नहीं आ रहा है. हो सकता है कि स्टील का चश्मा लगवा लेंगे तो विधायक के काम नजर आएंगे. विधायक जल्द क्षेत्र में आते नहीं है. उनके काम क्या ही होंगे, इससे अंदाजा लगा सकते हैं. इसलिए इस बार परिवर्तन होना बहुत जरूरी है. प्रत्याशी को बदलना चाहिए.
परिवर्तन होना जरूरी
राम गोपाल ने बताया कि यहां की सड़कों को देखकर ही आप जान जाएंगे कि मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में कितना विकास काम हुआ है, यहां के पूर्व नपाध्यक्ष के द्वारा विकास काम कराए गए, उसके बाद में वर्तमान अध्यक्ष के द्वारा कोई काम कराया जा रहा है और विधायक के काम तो नजर ही नहीं आ रहे हैं. जमीनी स्तर पर विधायक के कम सुनने को नहीं मिलता है. परिवर्तन करके नए उम्मीदवारों को मौका मिलना चाहिए. ताकि, क्षेत्र का विकास हो सके.