393 करोड़ खर्च, 34.57 KM लंबी सड़क तैयार, अब बिहार से नेपाल पहुंचना होगा आसान, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

393 करोड़ खर्च, 34.57 KM लंबी सड़क तैयार, अब बिहार से नेपाल पहुंचना होगा आसान, PM मोदी करेंगे उद्घाटन


Last Updated:

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे. इस दौरान चंपारण के लोगों को भी बड़ी सौगात मिलने वाली है. प्रधानमंत्री चोरमा-बैरगनिया सड़क का उद्घाटन करेंगे. इस सड़क के शुरू होने से पूर्वी चंपारण के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही नेपाल आने-जाने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी.

Zoom

चोरमा-बैरगनिया सड़क का उद्घाटन होगा.

मोतिहारीः बिहार से नेपाल जाना अब पहले से ज्यादा आसान होने वाला है. पूर्वी चंपारण में 393 करोड़ रुपये की लागत से बनी 34.57 किलोमीटर लंबी चोरमा-बैरगनिया सड़क तैयार हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे. इस सड़क के शुरू होने से ढाका, बैरगनिया और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही नेपाल आने-जाने और दोनों देशों के बीच कारोबार करने वालों को भी बड़ी राहत मिलेगी.

393 करोड़ रुपये से तैयार हुई सड़क
चोरमा-बैरगनिया सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227F का हिस्सा है. NHAI के प्रोजेक्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, इस सड़क की लंबाई करीब 34.57 किलोमीटर है. इसके निर्माण पर 393.11 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. सड़क को दो लेन और पक्के शोल्डर के साथ तैयार किया गया है. इसका निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल यानी HAM के तहत कराया गया. इस प्रोजेक्ट का काम धारीवाल बिल्डटेक लिमिटेड को मिला था.

नेपाल के साथ व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस सड़क का रूट चोरमा से ढाका होते हुए बैरगनिया तक जाता है. इससे पूर्वी चंपारण के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी. खासकर ढाका और आसपास के इलाकों के लोगों को इसका फायदा होगा. सड़क बेहतर होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ माल ढुलाई करने वाले वाहनों को भी सहूलियत मिलेगी. बैरगनिया नेपाल सीमा के करीब स्थित है. ऐसे में इस सड़क की अहमियत सिर्फ स्थानीय आवागमन तक सीमित नहीं है. बेहतर सड़क संपर्क से भारत और नेपाल के बीच व्यापार करने वाले लोगों को फायदा मिल सकता है.

बापू सभागार में होगा वर्चुअल कार्यक्रम
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान चंपारण को दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात मिलेगी. इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से पूर्वी चंपारण के बापू सभागार में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. चोरमा-बैरगनिया सड़क का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया जाएगा. वहीं, बेतिया-पटना 6 लेन ग्रीनफील्ड सड़क का शिलान्यास भी प्रस्तावित है.



Source link