बिहार में बदलेगा मौसम, चक्रवाती तूफान अकवान लाएगा बारिश, पटना-गया समेत 13 जिलों में झमाझम, बढ़ेगी ठंड

बिहार में बदलेगा मौसम, चक्रवाती तूफान अकवान लाएगा बारिश, पटना-गया समेत 13 जिलों में झमाझम, बढ़ेगी ठंड


पटनाः बिहार के मौसम को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब बिहार के मौसम पर भी देखने को मिलेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि इस तूफान का असर बिहार पर बहुत ज्यादा नहीं रहेगा. लेकिन इसकी वजह से राज्य के कई जिलों में बारिश की पूरी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार इक्कीस नवंबर को प्रदेश के तेरह जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.

इन 13 जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक 21 नवंबर को पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा और गया में बारिश के आसार हैं. इसके अलावा लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 22 नवंबर को भी दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. 22 नवंबर को जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी हल्की फुहारें पड़ सकती हैं.

इन जिलों में बारिश का कोई अलर्ट नहीं
बिहार के कुछ ऐसे जिले भी हैं जहां बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है. बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में 21 नवंबर को बारिश बिल्कुल नहीं होगी. इन सभी इलाकों में मौसम पूरी तरह सामान्य बना रहेगा. हालांकि, उत्तर बिहार के कई जिलों में सुबह के समय घना कुहासा छाया रह सकता है.

आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा तूफान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात अकवान इस समय बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में पूरी तरह सक्रिय है. इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की पूरी संभावना है. इस तूफान का सबसे ज्यादा और सीधा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश के रूप में देखने को मिलेगा. चूंकि बिहार इस तूफान के केंद्र से काफी दूर है, इसलिए यहां इसका प्रभाव काफी कम रहेगा. राज्य में तेज हवा या बहुत भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है.

आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
आज गुरुवार, 19 नवंबर के मौसम की बात करें तो अलग-अलग जिलों में स्थिति अलग-अलग रहेगी. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में सुबह हल्की धुंध छाई रहेगी और रात के समय अच्छी खासी ठंड महसूस होगी. मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिलेगा. जिससे कुछ जगहों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है. सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में सुबह के समय धुंध के साथ ठंडी हवाएं चलेंगी. बेगूसराय, खगड़िया और भागलपुर में भी सुबह कोहरा छाया रहेगा और रात में ठंड बढ़ने का अहसास होगा. वहीं, पटना, गया, नालंदा, नवादा और जहानाबाद में सुबह के वक्त धंध रहेगा. दिन में अच्छी धूप खिलेगी और रात होते ही ठंड बढ़ जाएगी. राहत की बात यह है कि आज किसी भी जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है. सभी जिलों को फिलहाल ग्रीन जोन में रखा गया है.

कोहरे की वजह से घटेगी विजिबिलिटी
पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय कोहरा काफी बढ़ गया है. बीते बुधवार की सुबह समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल में विजिबिलिटी घटकर मात्र 100 मीटर के आसपास रह गई थी. वहीं, पूर्णिया में यह लगभग 400 मीटर दर्ज की गई थी. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटे तक सुबह के वक्त हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा. कुछ खास जगहों पर विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक भी गिर सकती है. जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी.

तापमान का हाल 
बीते दिन के तापमान पर नजर डालें तो सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 26.8  डिग्री, गया में 27 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 24 डिग्री, भागलपुर में 26 डिग्री और दरभंगा में 27.5 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अरवल में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जिससे ठंड का असर साफ महसूस हो रहा है.

पटना का मौसम 
राजधानी पटना की बात करें तो आज गुरुवार को सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहेगा. दिन चढ़ने के साथ ही आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और चटक धूप निकलेगी. पटना में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 20 नवंबर को मौसम बिल्कुल सामान्य रहेगा. इसके बाद 21 नवंबर को आसमान में बादल छाने के पूरे आसार बन रहे हैं.



Source link