Infrastructure: अजमेर में सड़कों का नेटवर्क होगा मजबूत, दिसंबर तक 39 सड़कें बनेंगी, अस्पताल कॉटेज भी होगा तैयार

Infrastructure: अजमेर में सड़कों का नेटवर्क होगा मजबूत, दिसंबर तक 39 सड़कें बनेंगी, अस्पताल कॉटेज भी होगा तैयार


अजमेर. राजस्थान के अजमेर शहर में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत दिसंबर 2026 के अंत तक 39 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इन सड़कों के बनने से शहर की कई कॉलोनियों, प्रमुख मार्गों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी करनी होंगी. देवनानी ने प्रभात टॉकीज और इंडिया मोटर्स सर्किल सहित विभिन्न इलाकों में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने की शिकायतों पर नाराजगी जताई. उन्होंने इन शिकायतों की जांच कराने और दोषी अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार काम पूरा कराने को कहा.

39 सड़कों से शहर और ग्रामीण इलाकों को मिलेगी कनेक्टिविटी

दिसंबर के अंत तक जिन सड़कों का निर्माण पूरा किया जाना है, उनमें अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों की कॉलोनियों, प्रमुख मार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें शामिल हैं. शहर में प्रगति नगर, अंबे विहार कॉलोनी, गणपति नगर, कीर्ति नगर, स्वास्तिक नगर, प्रेम नगर, चामुंडा कॉलोनी, संत कंवरराम कॉलोनी और अनुपम नगर सहित कई इलाकों में सड़क निर्माण होगा. इसके अलावा डिग्गी चौक से पन्नीग्राम चौक तक सीसी सड़क बनाई जाएगी. जवाहर नगर मुख्य मार्ग, अजमेर अस्पताल मार्ग, सावित्री चौराहे से आयुर्वेद निदेशालय तक का मार्ग और लवकुश उद्यान से आनासागर पुलिस चौकी तक सड़क निर्माण भी इस योजना में शामिल है. वार्ड 71 की सागर विहार कॉलोनी, बलदेव नगर, गणेश गुवाड़ी, करणी नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी और आरपीएससी कॉलोनी की क्षतिग्रस्त सड़कों का भी नवीनीकरण किया जाएगा. इसके साथ ही रातीडांग, जवाहर रंगमंच और वरुण सागर रोड से हाथीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर भी निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं.

फॉयसागर-पुष्कर रोड समेत ग्रामीण सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण

सड़क विकास योजना का दायरा केवल शहरी कॉलोनियों तक सीमित नहीं है. ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए कई कार्य किए जाएंगे. इनमें फॉयसागर-खरखेड़ी-पुष्कर रोड और फॉयसागर-अजयसर रोड का सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण शामिल है. काजीपुरा में लक्की चौराहे से संबंधित गली, तेजाजी मंदिर से रतन पाचूजी के मकान तक सड़क और भैरव मंदिर मार्ग पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा बोराज मुख्य सड़क का नवीनीकरण, रावत कॉलोनी में मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण, वरुण सागर से अजयसर सड़क, लोहागल के कुम्हार मोहल्ले और माकड़वाली में विभिन्न सड़कों का निर्माण कराया जाएगा. इन कार्यों से ग्रामीण आबादी को मुख्य सड़कों से जोड़ने और आवागमन आसान बनाने में मदद मिलेगी.

जनाना अस्पताल में जनवरी तक तैयार होंगी कॉटेज

सड़क परियोजनाओं के साथ जनाना अस्पताल के कॉटेज निर्माण कार्य भी जारी है. विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और जनवरी 2027 तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने शहर में अनावश्यक रूप से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों की संख्या कम करने को भी कहा, ताकि यातायात सुगम हो सके. देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए. निर्माण के दौरान आमजन को होने वाली असुविधाओं को कम करने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएं. उन्होंने साफ किया कि सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.



Source link