दुनिया की राजनीति और कूटनीति के लिहाज से आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के दक्षिणी हिस्से में बसे हाई-टेक शहर शेनझेन में मौजूद हैं. ट्रंप पद पर रहते हुए शेनझेन का दौरा करने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बन गए हैं. वो यहां 33वें APEC शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस शहर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत दुनिया भर के कई पावरफुल लीडर्स को इकट्ठा किया है. जिस शेनझेन में ये सब चल रहा है, वो कोई साधारण शहर नहीं है. बल्कि चीन की ‘मिरैकल सिटी’ है.
क्यों खास है चीन का शेनझेन शहर?
इसे ‘चीन की सिलिकॉन वैली’ के नाम से जाना जाता है. हैरानी की बात ये है कि करीब चार दशक पहले तक ये जगह महज मछुआरों का एक छोटा और गुमनाम सा गांव हुआ करती थी, लेकिन आज ये शहर दुनिया के सबसे बड़े अरबपतियों और दिग्गज टेक कंपनियों का सबसे बड़ा गढ़ बन चुका है.
ट्रंप-पुतिन के साथ यहीं होगी जिनपिंग की ऐतिहासिक ट्रायलेटरल मीटिंग
18 नवंबर को जब डोनाल्ड ट्रंप का विमान शेनझेन की धरती पर उतरा, तो चीन की तरफ से उनके स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी गई. प्रोटोकॉल से आगे बढ़ते हुए खुद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग एयरपोर्ट पर ट्रंप की अगवानी करने पहुंचे. दोनों दिग्गज नेताओं ने बेहद गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से हाथ मिलाया और गले लगे. इसके बाद ट्रंप ने वहां मौजूद चीन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मीडिया के कैमरों के सामने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं.
अंतरराष्ट्रीय राजनीति के जानकार इस गर्मजोशी भरे स्वागत को काफी बड़े संकेत के तौर पर देख रहे हैं. अब पूरी दुनिया की निगाहें 19 नवंबर के दिन पर टिकी हैं, जब डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन एक साथ एक ही मेज पर बैठेंगे. इन तीनों नेताओं के बीच एक ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक होने जा रही है. माना जा रहा है कि बंद कमरे में होने वाली इस हाई-वोल्टेज बैठक में मध्य पूर्व में जारी ईरान संकट और लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे ग्लोबल मुद्दों पर मंथन होगा.
मछुआरों का एक साधारण गांव कैसे बन गया ‘अरबपतियों का हब’?
डोनाल्ड ट्रंप जिस शहर शेनझेन की चकाचौंध देख रहे हैं, उसकी कामयाबी की कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं है. 1970 के दशक के आखिर तक शेनझेन हांगकांग की सीमा से सटा मछुआरों का एक शांत और पिछड़ा हुआ गांव था. उस वक्त यहां की आबादी मुश्किल से 30 हजार के आसपास थी और लोगों की रोजी-रोटी का अहम जरिया सिर्फ मछली पकड़ना और खेती करना था.
लेकिन साल 1980 में चीन के तत्कालीन सर्वोच्च नेता देंग शियाओपिंग ने एक ऐसा क्रांतिकारी फैसला लिया, जिसने इस गांव की तकदीर हमेशा के लिए बदल दी. उन्होंने शेनझेन को चीन का पहला ‘स्पेशल इकोनॉमिक जोन’ (SEZ) घोषित कर दिया. इस फैसले के तहत विदेशी कंपनियों को यहां निवेश करने, फैक्ट्रियां लगाने और कारोबार करने के लिए टैक्स में भारी छूट, सस्ती जमीन और बेहद आसान नियम दिए गए.
- दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों का बना अड्डा: सरकारी छूट और हांगकांग के नजदीक होने की वजह से दुनिया भर की कंपनियों ने यहां पैसा लगाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते ये गांव एक बड़े औद्योगिक शहर में बदल गया. आज हुवावे (Huawei), टेनसेंट (Tencent), ड्रोन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी डीजेआई (DJI) और इलेक्ट्रिक कारों की दिग्गज कंपनी बीवाईडी (BYD) के हेडक्वाटर्स इसी शहर में हैं.
- आसमान छूती इमारतें और आधुनिक रफ्तार: जिस इलाके में कभी कच्ची झोपड़ियां और लकड़ी की नावें दिखती थीं, आज वहां बादलों को छूती गगनचुंबी इमारतें, बुलेट ट्रेनें और दुनिया के सबसे आधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर मौजूद हैं.
- अरबपतियों की फैक्ट्री बना शहर: आज शेनझेन की आबादी बढ़कर करीब पौने दो करोड़ तक पहुंच चुकी है. ये शहर चीन की आर्थिक ताकत और तकनीकी महत्वाकांक्षाओं का सबसे बड़ा शोकेस है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के सबसे ज्यादा अरबपतियों के रहने के मामले में शेनझेन शीर्ष शहरों में शुमार है.
शेनझेन के जरिए क्या मैसेज देना चाहता है चीन?
अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से ट्रेड वॉर, टैरिफ और आधुनिक तकनीक (AI और सेमीकंडक्टर) को लेकर कड़ी होड़ चल रही है. ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चीन की हाई-टेक सिटी शेनझेन पहुंचना कूटनीति के लिहाज से बेहद खास है. इस शहर के जरिए चीन पूरी दुनिया और खासकर अमेरिका को बड़े संदेश देना चाहता है.
आर्थिक और तकनीकी ताकत का प्रदर्शन: शेनझेन को चीन की ‘मिरैकल सिटी’ कहा जाता है. यहां समिट रखकर चीन ये दिखाना चाहता है कि उसने आर्थिक और तकनीकी मोर्चे पर कितनी बड़ी छलांग लगाई है और अब वह अमेरिका से किसी भी मामले में पीछे नहीं है.
ट्रेड वॉर और प्रतिबंधों का जवाब: अमेरिका की तरफ से लगाए गए टैरिफ और टेक प्रतिबंधों के बावजूद चीन खुद को एक मजबूत और आत्मनिर्भर वैश्विक शक्ति के तौर पर पेश कर रहा है, जो नई तकनीक के मामले में दुनिया का लीड करने के लिए तैयार है.
अमेरिका का जवाबी दांव: दूसरी तरफ, ट्रंप ने चीन की धरती पर कदम रखने से ठीक पहले फिलीपींस के साथ बड़ी ट्रेड डील की और क्वाड बैठक में हिस्सा लिया. इसके जरिए अमेरिका ने भी ये साफ कर दिया है कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र की राजनीति और व्यापार में उसका दबदबा आज भी मजबूती से कायम है.
नई वैश्विक दिशा के संकेत: अब पूरी दुनिया की नजरें गुरुवार को होने वाली ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन की मुलाकात पर टिकी हैं. इस बैठक से ये तय होगा कि आने वाले दिनों में वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था किस करवट बैठेगी.