बिना बीज, बिना खर्च, घर के पौधे से तैयार करें नए पौधे, रोहतास के इस किसान का तरीका जानकर होंगे हैरान

बिना बीज, बिना खर्च, घर के पौधे से तैयार करें नए पौधे, रोहतास के इस किसान का तरीका जानकर होंगे हैरान


Last Updated:

किसान लालबाबू बताते हैं कि इस तकनीक की मदद से उन्होंने एक ही मूल पौधे से अब तक छह नए पौधे तैयार कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि वे अक्सर नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) जाते रहते हैं। इसी दौरान उन्हें एयर लेयरिंग तकनीक की जानकारी मिली थी।

अगर आपके घर में भी किसी खास किस्म के फल या फूल का पौधा है और आप उसी वैरायटी के कई नए पौधे तैयार करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको नर्सरी से पौधे खरीदने या पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। रोहतास जिले के एक प्रगतिशील किसान ने इसका ऐसा तरीका अपनाया है जिससे पुराने पौधे की टहनियों से ही नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में बीज की जरूरत नहीं पड़ती और न ही नए पौधे खरीदने पड़ते हैं।

दरअसल, रोहतास जिले के प्रगतिशील किसान लालबाबू ने सेब की एक खास वैरायटी का पौधा लगाया था। पौधे की गुणवत्ता और खासियत से प्रभावित होकर उन्होंने इसकी संख्या बढ़ाने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने एयर लेयरिंग तकनीक यानी गूटी विधि का सहारा लिया। इस तकनीक के जरिए उन्होंने पुराने पौधे की टहनियों से ही नए पौधे तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।

इसके लिए सबसे पहले उन्होंने पौधे की कुछ स्वस्थ टहनियों का चयन किया। इसके बाद प्रत्येक टहनी की छाल को करीब 2 से 3 सेंटीमीटर की लंबाई में पूरी गोलाई में हटा दिया। फिर लगभग 10 दिनों तक नमी बनाए रखी गई मिट्टी को छाल हटाए गए हिस्से के चारों ओर अच्छी तरह लगाया। इसके बाद उस हिस्से को पारदर्शी प्लास्टिक से चारों तरफ लपेटकर पूरी तरह सील कर दिया ताकि अंदर की नमी बरकरार रहे और मिट्टी सूखने न पाए।

इस प्रक्रिया के करीब एक महीने बाद छाल हटाए गए हिस्से से नई जड़ें निकलने लगीं। अब जड़ विकसित हो चुके इस हिस्से को टहनी से काटकर अलग गमले में लगाया जाएगा ताकि पौधे की जड़ों का और बेहतर विकास हो सके। इसके बाद इसे आसानी से दूसरी जगह भी लगाया जा सकेगा।

किसान लालबाबू बताते हैं कि इस तकनीक की मदद से उन्होंने एक ही मूल पौधे से अब तक छह नए पौधे तैयार कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि वे अक्सर नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) जाते रहते हैं। इसी दौरान उन्हें एयर लेयरिंग तकनीक की जानकारी मिली थी। उन्होंने इस तकनीक को अपने सेब के पौधे पर आजमाया और अब इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है। उनका यह प्रयोग उन लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकता है जो अपने घर या खेत में लगे किसी खास वैरायटी के पौधे की संख्या कम खर्च में बढ़ाना चाहते हैं।



Source link