वो झटका देकर भागा तो झट से CISF ने दबोच लिया, IGI एयरपोर्ट पर टली अनहोनी
Last Updated:
दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की चाक चौबंद सुरक्षा के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई है. एक संदिग्ध शख्स जबरन एयरपोर्ट के भीतर घुसने की कोशिश कर रहा था. इस संदिग्ध शख्स को सीआईएसएफ ने बिना किसी देरी के चेकइन एरिया से दबोच लिया है. सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस की ज्वाइंट टीम इस संदिग्ध शख्स से पूछताछ कर रही है.
सीआईएसएफ की चौकसी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी अनहोनी टल गई है.
Delhi IGI Airport Security: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की चौकसी के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई. दरअसल, टर्मिनल थ्री के इंट्री गेट पर खड़े सीआईएसएफ के अफसर एयर ट्रैवल के लिए एयरपोर्ट पहुंचने वाले पैसेंजर्स के डॉक्यूमेंट की जांच कर रहे थे. इसी बीच एक ब्लैक टी-शर्ट और लोवर पहने एक शख्स इंट्री गेट पर पहुंचता है. इस शख्स ने अपनी पीठ पर लाल रंग का बैग भी टांगा हुआ था. सीआईएसएफ अफसर जैसे ही उससे ट्रैवल डॉक्यूमेंट दिखाने के लिए कहते हैं, वह उन्हें धक्का देखकर चेक-इन एरिया की तरफ भागने लगता है.
इस शख्स को चेक-इन एरिया की तरफ भागता देख सीआईएसएफ के अफसर भी उसको पकड़ने के लिए पीछे दौड़ पड़े. इसी बीच, मुस्तैद खड़े सीआईएसएफ के क्यूआरटी कमांडोज की नजर इस पैसेंजर पर पड़ गई. सीआईएसएफ के उस अफसर और क्यूआरटी कमांडोज ने एक सेकेंड की देरी किए बगैर इस शख्स को चेकइन एरिया से दबोच लिया. इस बीच, इस शख्स ने खुद को पकड़ से छुड़ाने के लिए काफी जद्दोजहद की, लेकिन वह सीआईएसएफ के जवानों की पकड़ से खुद को बाहन नहीं निकाल सका.
फिलहाल, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस की ज्वाइंट टीम इस शख्स से पूछताछ कर रही हैं. यह शख्स एयरपोर्ट में जबरन क्यों घुसा और उसके क्या इरादे हैं, यह सब पूछताछ के बाद ही सामने आ सकेगा. फिलहाल, आईजीआई एयरपोर्ट की सुरक्षा संभाल रही सीआईएसएफ की चौकसी के चलते एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया. सीआईएसएफ के एयरपोर्ट सेक्टर ने इस घटनाक्रम को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है. इस फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि यह शख्स किस तरह एयरपोर्ट में दाखिल हुआ और सीआईएसएफ के जवानों ने किसी देरी के उसे धर दबोचा.