5 राज्यों की वोटर ड्राफ्ट लिस्ट जारी, नहीं है नाम तो अभी है मौका, जानें तरीका
Last Updated:
यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हो चुकी है. अगर एसआईआर के दौरान आपका नाम कट गया है या अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, तो अभी भी नाम जुड़वाने का मौका है. इसके लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है. आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है. जानिए फॉर्म-6 कैसे भरें, कहां आवेदन करें और उम्र व पते के प्रमाण के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे.
यूपी, पंजाब और उत्तराखंड सहित पांच राज्यों की वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है. (एआई इमेज)
How to Include Your Name in Voter List: उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर एसआईआर का काम पूरा हो चुका है. अब स्पेशल समरी रिवीजन (एसएसआर) की प्रक्रिया चल रही है. स्पेशल समरी रिवीजन के तहत सभी पांच राज्यों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी हो चुकी है. ऐसे में जिनका नाम वोटर लिस्ट से किसी वजह से हट गया है या अब तक नहीं जुड़ा है, तो वे मतदाता सूची में अभी भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं.
कैसे जड़वाएं नाम और लगेंगे कौन से दस्तावेज
चुनाव आयोग के अनुसार, नए मतदाता के तौर पर पंजीकरण कराने या मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा. इसके लिए आवेदक चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. पोर्टल पर फॉर्म-6 का विकल्प चुनने के बाद आवेदक को व्यक्तिगत जानकारी, जन्मतिथि और निवास संबंधी विवरण भरना होगा. इसके साथ जरूरी दस्तावेज और फोटो अपलोड कर आवेदन जमा करना होगा. आवेदन के बाद मिले रेफरेंस नंबर के जरिए इसकी स्थिति भी पता की जा सकती है.
ऑफ लाइन भी कर सकते हैं आवेदन
जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं. बीएलओ से फॉर्म-6 प्राप्त कर उसे भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा कराया जा सकता है. इसके अलावा, यह फॉर्म निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में भी जमा किया जा सकता है. फॉर्म-6 के साथ आवेदक को हाल की पासपोर्ट साइज फोटो, आयु और निवास प्रमाण से जुड़े दस्तावेज देने होंगे. आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन चुनाव अधिकारियों की तरफ से किया जाएगा.
आवेदन के समय चाहिए ये दस्तावेज
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 18 से 21 वर्ष की उम्र के आवेदकों को जन्मतिथि के प्रमाण के तौर पर निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक देना होगा. इनमें जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मान्यता प्राप्त बोर्ड की दसवीं या बारहवीं की मार्कशीट शामिल हैं. सरकार की ओर से जारी जन्मतिथि का प्रमाण पत्र भी दिया जा सकता है. वहीं, पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, बिजली-पानी या गैस का बिल, बैंक अथवा डाकघर की पासबुक, भारतीय पासपोर्ट, राजस्व विभाग का भूमि संबंधी रिकॉर्ड, पंजीकृत किरायानामा या मकान की रजिस्ट्री जैसे दस्तावेजों में से कोई एक जमा किया जा सकता है.
एक नजर में दस्तावेजों की लिस्ट
| दस्तावेज का प्रकार | मान्य दस्तावेज |
|---|---|
| जन्मतिथि का प्रमाण |
|
| निवास का प्रमाण |
|
| फोटो | हाल की पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो |
| अन्य जानकारी | Form-6 में मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल नंबर और जरूरी घोषणा |
निवास प्रमाण पत्र के तौर पर दे सकते हैं ये दस्तावेज
निर्धारित शर्तों के तहत आवेदक अपने माता-पिता, पति-पत्नी या उसी पते पर पहले से मतदाता के रूप में दर्ज वयस्क बच्चे के नाम का निवास प्रमाण भी दे सकते हैं. चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, किसी भी व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सकता है. इसलिए आवेदन करते समय यह घोषणा करनी होगी कि आवेदक का नाम किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं है. मतदाता सूची में नाम शामिल होने के बाद ही संबंधित व्यक्ति मतदान कर सकेगा. गौर करने वाली बात ये हैं कि तमाम दस्तावजे देखने और संतुष्ट होने के बाद ही ईआरओ किसी को मतदाता बनाने का फैसला करेगा.