‘सहने की बहुत क्षमता है’, काली स्कॉर्पियो में बैठ जेल से बाहर निकले आजम खान, बेटा अदीब बोला- आज हमारी ईद

‘सहने की बहुत क्षमता है’, काली स्कॉर्पियो में बैठ जेल से बाहर निकले आजम खान, बेटा अदीब बोला- आज हमारी ईद


Last Updated:

Azam Khan Reaction After Relesed Dasna Jail: करीब आठ साल के लंबे इंतजार और कानूनी लड़ाई के बाद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान आखिरकार जेल से बाहर आ गए. 18 नवंबर की शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होते ही आजम खान काली स्कॉर्पियो में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हो गए. बाहर समर्थकों की भारी भीड़ ने उनका स्वागत किया. मीडिया से बातचीत में आजम खान ने कहा, ‘सहने की बहुत क्षमता है.’ वहीं, बेटे अदीब आजम ने पिता की रिहाई पर खुशी जताते हुए कहा, ‘आज हमारी ईद है.’

Zoom

जेल से बाहर निकलते ही आजम खान ने मीडिया से की बातचीत.

लखनऊ: सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान 18 नवंबर की शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का परवाना जेल प्रशासन पहुंचा. आवश्यक दस्तावेजों की जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जेल से बाहर जाने की अनुमति दी गई. जेल से बाहर आते ही आजम खान काली स्कॉरपियो में बैठकर रामपुर के लिए निकले. इसी दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सहने की बहुत क्षमता है.

करीब आठ वर्षों से कानूनी लड़ाई और जेल की कार्रवाई का सामना कर रहे आजम खान की रिहाई पर सपा नेताओं और समर्थकों ने खुशी जताई. पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे सत्य की जीत बताया. जेल से बाहर आने के बाद आजम खां ने अपने अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा,’मेरा वही कहना है, जो मैंने हमेशा कहा है. शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बनाया है, यह उसकी सजा है.’ उनकी रिहाई की सूचना मिलते ही जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई. आजम खान ब्लैक स्कॉर्पियो से जेल परिसर से बाहर निकले तो समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया.

इस दौरान उनसे हाथ मिलाने की होड़ लगी रही और समर्थक लगातार ‘आजम खां जिंदाबाद’ के नारे लगाते रहे. उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी उन्हें लेने जेल पहुंचे. आजम खान की रिहाई पर उनके बेटे अदीब आजम ने खुशी जताते हुए कहा कि यह परिवार और सभी शुभचिंतकों के लिए ईद जैसा दिन है.

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दोनों अदालतों ने अपनी संवैधानिक शक्तियों और न्यायिक अधिकारों का महत्व साबित किया है. उन्होंने कहा, ‘हम अपराधी नहीं हैं.’ इससे पहले आजम खान के वकील मोहम्मद यासीर अब्बासी ने बताया था कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जमानत की शर्तें तय कराने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की गई थी. अदालत ने प्रति जमानतदार 50 हजार रुपए की जमानत राशि निर्धारित की.

आजम खान के मेडिकल इतिहास और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए जमानतदारों के सत्यापन के दौरान रिहाई की मांग भी की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया. इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ. आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आज सत्य की जीत हुई है. पिछले आठ वर्षों से आजम खान और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. सरकार ने अन्याय की सारी हदें पार कर दी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट से जमानत मिलने के अगले ही दिन सरकार उन्हें राहत मिलने से रोकने के लिए अदालत पहुंच गई.

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका ने इस मामले में जो रुख अपनाया है, वह याद रखा जाएगा. जनता और न्यायालय सब देख रहे हैं और आने वाले दो-तीन महीनों में प्रदेश की जनता सरकार को जवाब देगी. सपा के जिला अध्यक्ष फैजल हुसैन ने भी आजम खां की रिहाई पर खुशी जताई.

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और इंसाफ पसंद लोग उनकी रिहाई से खुश हैं. संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों की दुआओं और न्यायपालिका के फैसले से आजम खान जेल से बाहर आए हैं. गोरखपुर में पीडीए रथयात्रा के दौरान आजम खान की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘सत्य की जीत हुई है, हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. उन्हें आगे भी न्याय मिलेगा.’



Source link