China Japan Relations Live : सब ट्रंप-पुतिन देखते रहे, उधर चीन पहुंच गईं जिनपिंग की सबसे बड़ी ‘दुश्मन’, किसकी पीठ पर भोंका जाएगा छुरा?

China Japan Relations Live : सब ट्रंप-पुतिन देखते रहे, उधर चीन पहुंच गईं जिनपिंग की सबसे बड़ी ‘दुश्मन’, किसकी पीठ पर भोंका जाएगा छुरा?


अंतरराष्ट्रीय राजनीति में इस वक्त जो कुछ चल रहा है, वो किसी थ्रिलर फिल्म की कहानी से कम नहीं है. पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि चीन के शेनझेन शहर में हो रहे एशिया-पैसिफिक आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन क्या गुल खिलाएंगे. खुद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सारे पुराने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए एयरपोर्ट पर जाकर ट्रंप का भव्य स्वागत किया. इस चकाचौंध के बीच एशिया में तब हलचल मच गई, जब 18 नवंबर 2026 को चीन की धरती पर जिनपिंग की ‘सबसे बड़ी दुश्मन’ ने कदम रखा.

कौन हैं APEC में पहुंचीं शी जिनपिंग की सबसे बड़ी दुश्मन?

जिनपिंग की सबसे बड़ी ‘दुश्मन’ मानी जाने वाली जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची खुद चीन पहुंच गई हैं. पिछले 7 साल में किसी जापानी प्रधानमंत्री का ये पहला चीन दौरा है. इस दौरे के साथ ही एक सबसे बड़ा और डरावना सवाल खड़ा हो गया है, जब ट्रंप और जिनपिंग और जापान की सबसे कट्टर राष्ट्रवादी नेता ताकाइची एक ही छत के नीचे मौजूद हैं, तो क्या पर्दे के पीछे कोई ऐसी ‘सीक्रेट डील’ पक रही है, जिससे किसी की पीठ में छुरा भोंका जाएगा? और क्या इस पूरे खेल में सबसे बड़ी बलि ताइवान की चढ़ने वाली है?

एयरपोर्ट पर साने ताकाइटी से बेरुखी, लेकिन डिनर टेबल पर मुस्कान

कूटनीति की दुनिया में नेताओं के स्वागत का तरीका बहुत कुछ कह जाता है. बिना कुछ बोले ही देश अपने इरादे साफ कर देते हैं. शेनझेन एयरपोर्ट पर बुधवार को जो नजारा दिखा, वो चीन की दोहरी नीति का सबसे बड़ा सबूत था.

  1. दक्षिण कोरिया के लिए नाच-गाना: जब दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग अपनी पत्नी के साथ उतरे, तो लाल कालीन के दोनों तरफ सफेद शर्ट और गुलाबी स्कर्ट पहने 100 से ज्यादा डांसर फूलों के गुलदस्ते लेकर नाच रहे थे और ‘गर्मजोशी से स्वागत है’ के नारे लगा रहे थे.
  2. ट्रंप के लिए खुद पहुंचे जिनपिंग: जब डोनाल्ड ट्रंप का विमान उतरा, तो खुद राष्ट्रपति शी जिनपिंग रनवो पर उनका स्वागत करने पहुंचे.
  3. ताकाइची के साथ ठंडा व्यवहार: लेकिन जब जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची उतरीं, तो वहां न कोई डांसर था, न कोई बड़ा मंत्री. उनके स्वागत के लिए एक रिटायर्ड चीनी राजनयिक झांग कियुए और चीन में जापान के राजदूत को भेजा गया. ताकाइची चुपचाप गार्ड ऑफ ऑनर लेकर अपनी कार में बैठकर निकल गईं.

लेकिन असली चौंकाने वाली तस्वीर शाम को APEC के डिनर बैंक्वेट से पहले सामने आई. जिस साने ताकाइची को चीन पिछले एक साल से फूटी आंख नहीं सुहा रहा था, उन्हीं ताकाइची के साथ शी जिनपिंग ने न केवल हाथ मिलाया, बल्कि दोनों के चेहरों पर हल्की मुस्कान भी दिखी और कुछ सेकंड तक शिष्टाचार भरी बातचीत भी हुई. ये मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब जापान की तमाम कोशिशों के बावजूद चीन ने औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत के लिए मना कर दिया था.

साने ताकाइची को जिनपिंग सबसे बड़ा ‘दुश्मन’ क्यों मानते हैं?

साने ताकाइची को जापान की राजनीति में ‘आयरन लेडी’ और पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का सबसे करीबी राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता है. अक्टूबर 2025 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही उन्होंने चीन के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपना रखा है.

नवंबर 2025 में यानी ठीक एक साल पहले ताकाइची ने एक ऐसा बयान दिया था, जिसने बीजिंग की नींद उड़ा दी थी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि अगर ताइवान जलडमरूमध्य में कोई संकट आता है या चीन हमला करता है, तो ये जापान के अस्तित्व के लिए सीधा खतरा माना जाएगा. इसका सीधा मतलब ये था कि ताइवान को बचाने के लिए जापान की सेना भी जंग के मैदान में उतर सकती है.

चीन इस बयान से आगबबूला हो गया था. बीजिंग ने इसे अपने आंतरिक मामलों में दखल बताया और मांग की कि ताकाइची अपना बयान वापस लें. लेकिन ताकाइची टस से मस नहीं हुईं. पिछले एक साल से दोनों देशों के बीच रिश्ते बिल्कुल बर्फ की सिल्ली की तरह जमे हुए थे. यहां तक कि इसी हफ्ते मनीला में हुए ASEAN सम्मेलन में भी चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग, ताकाइची से आमना-सामना बचाने के लिए तय समय से पहले ही बीजिंग लौट गए थे.

ताइवान को लेकर चीन की पॉलिसी क्या है?

इस पूरे विवाद की जड़ में ‘ताइवान’ है. ये समझना बहुत जरूरी है कि आखिर चीन ताइवान के पीछे इतना पागल क्यों है और उसकी पॉलिसी क्या है?

  • ‘वन चाइना’ पॉलिसी: चीन मानता है कि दुनिया में सिर्फ एक ही चीन है और ताइवान उसका एक ‘विद्रोही प्रांत’ है, कोई अलग देश नहीं. बीजिंग का मानना है कि 1949 के गृहयुद्ध के बाद से ताइवान उससे अलग हुआ है और एक दिन उसका मेन लैंड चाइना में विलय होना तय है.
  • ताकत के इस्तेमाल की धमकी: शी जिनपिंग कई बार खुले मंच से कह चुके हैं कि वो ताइवान का शांतिपूर्ण विलय चाहते हैं, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वो सेना के दम पर (बलपूर्वक) भी ताइवान पर कब्जा करने से पीछे नहीं हटेंगे.
  • रणनीतिक और आर्थिक महत्व: ताइवान सिर्फ जमीन का एक टुकड़ा नहीं है. ये दुनिया की सबसे आधुनिक सेमीकंडक्टर चिप्स बनाता है, जिसके बिना दुनिया के स्मार्टफोन, कंप्यूटर और आधुनिक हथियार नहीं बन सकते. इसके अलावा, भौगोलिक रूप से ताइवान उस जगह पर है, जहां से चीन प्रशांत महासागर में अमेरिका और जापान की घेराबंदी को तोड़ सकता है. अगर चीन ने ताइवान पर कब्जा कर लिया, तो जापान की समुद्री व्यापारिक लाइनें पूरी तरह चीन के रहमोकरम पर आ जाएंगी.

चीन और जापान के बीच बातचीत होना ताइवान के लिए सबसे बड़ा खतरा क्यों है?

अब आते हैं उस सबसे अहम सवाल पर, जिसने ताइपे में बैठे नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं. आखिर चीन और जापान के बीच बर्फ पिघलना या बातचीत शुरू होना ताइवान के लिए खतरे की घंटी क्यों है?

  • ताइवान का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है जापान: ताइवान के पास इतनी बड़ी सेना नहीं है कि वो अकेले चीन की विशालकाय पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का मुकाबला कर सके. ताइवान की सुरक्षा दो ही देशों के भरोसे टिकी है, पहला अमेरिका और दूसरा जापान. जापान भौगोलिक रूप से ताइवान के सबसे करीब है. अगर युद्ध होता है, तो अमेरिका भी जापान में बने अपने सैन्य अड्डों के बिना ताइवान की मदद नहीं कर सकता.
  • चीन की ‘फूट डालो और अलग-थलग करो’ नीति: चीन जानता है कि अगर अमेरिका और जापान ताइवान के साथ खड़े रहे, तो ताइवान पर कब्जा करना नामुमकिन है. इसलिए चीन की पूरी कोशिश ये है कि जापान को ताइवान के मुद्दे से पीछे हटने के लिए मजबूर किया जाए.
  • आर्थिक दबाव और व्यापार का लालच: जापान की अर्थव्यवस्था काफी हद तक चीन के साथ व्यापार पर निर्भर है. सितंबर 2026 में जब जापान के पूर्व विदेश मंत्री और 50 बड़े जापानी बिजनेसमैन बीजिंग गए थे, तब चीन ने साफ कर दिया था कि जब तक जापान ताइवान पर अपना रुख नरम नहीं करता, व्यापारिक रिश्ते सामान्य नहीं होंगे. 17 नवंबर को मनीला में हुई ‘क्वाड’ बैठक में खुद ताकाइची ने चीन के आर्थिक दबाव पर चिंता जताई थी. अगर आर्थिक हितों के चक्कर में जापान ताइवान से हाथ खींचता है, तो ताइवान पूरी तरह अनाथ हो जाएगा.

ट्रंप और ताकाइची दोनों चीन में: क्या ताइवान के खिलाफ होने वाला है कोई बड़ा फैसला?

शेनझेन में 18-19 नवंबर को दुनिया की बड़ी ताकतें जुटी हैं. एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप हैं जिनकी जिनपिंग से यारी बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ जापान की पीएम साने ताकाइची हैं जो अपने देश के हितों के लिए चीन पहुंची हैं. जानकारों को डर है कि इस समिट में ताइवान के साथ बड़ा धोखा हो सकता है, जिसकी तीन बड़ी वजहें हैं.

ट्रंप की ‘डील’ वाली राजनीति: ट्रंप हर रिश्ते को फायदे से तौलते हैं. अगर जिनपिंग ने उन्हें कोई बड़ा ट्रेड ऑफर दिया, तो ट्रंप ताइवान के मुद्दे पर चीन को छूट दे सकते हैं.

अमेरिका के बिना अकेला जापान: जापान अकेले चीन से नहीं लड़ सकता, उसकी सुरक्षा अमेरिका पर टिकी है. अगर अमेरिका पीछे हटा, तो जापान भी मजबूर होकर ताइवान को अकेला छोड़ देगा.

इतिहास वाला डर: साल 2014 की तरह इस बार भी जिनपिंग और ताकाइची की मुलाकात इस बात का इशारा है कि पर्दे के पीछे कोई ऐसा खेल चल रहा है जिससे चीन की ‘वन चाइना’ पॉलिसी मजबूत हो सकती है.



Source link