डॉक्टरों की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला, सनी देओल की ‘सूर्या’ के ट्रेलर और फिल्म में जोड़ना होगा डिस्क्लेमर

डॉक्टरों की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला, सनी देओल की ‘सूर्या’ के ट्रेलर और फिल्म में जोड़ना होगा डिस्क्लेमर


हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के निर्माताओं ने दिल्ली उच्च न्यायालय को आश्वासन दिया है कि वे फिल्म और उसके ट्रेलर में उचित अस्वीकरण (डिस्क्लेमर) जोड़ेंगे. दरअसल फिल्म में निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को कथित तौर पर भ्रष्ट दिखाए जाने पर चिकित्सकों ने अदालत में याचिका दायर की थी और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा भड़कने की आशंका जताई थी.

फिल्म निर्माता कंपनी एम एम मूवीज ने न्यायमूर्ति अमित महाजन को बताया कि सनी देओल अभिनीत इस फिल्म में यह स्पष्ट करने के लिए अस्वीकरण जोड़ा जाएगा कि यह एक काल्पनिक कहानी है और मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का हिंदी रूपांतरण मात्र है.

फिल्म के टीजर की जांच करने का निर्देश
निर्माताओं के इस आश्वासन पर विचार करते हुए अदालत ने 17 नवंबर को कहा कि याचिका पर कोई आदेश पारित करने की आवश्यकता नहीं है. याचिका में संबंधित अधिकारियों को फिल्म के टीजर की जांच करने और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था.

क्यों हुई आपत्ति
दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत डॉ. निशांत सोनी, डॉ. आशीष तोमर, डॉ. रवि भाटिया और डॉ. शिवम वत्सल ने यह याचिका दायर की थी. याचिकाकर्ताओं ने सक्षम अधिकारियों द्वारा जांच पूरी होने तक फिल्म के टीजर को ऑनलाइन मंचों से हटाने या उस तक पहुंच रोकने का भी अनुरोध किया था. इन चिकित्सकों ने दलील दी कि फिल्म में चिकित्सकों की नकारात्मक छवि पेश की गई है, जिससे अग्रिम पंक्ति में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ प्रतिकूल माहौल बन सकता है.

अभी नहीं मिला सर्टिफिकेट
निर्माता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि याचिकाकर्ताओं की आशंकाएं निराधार हैं. उन्होंने कहा कि ‘सूर्या’ मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का रीमेक है, जिस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था. इसके विपरीत, फिल्म को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं. संबंधित अधिकारियों की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि फिल्म को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणपत्र नहीं मिला है.

ट्रेलर में उचित अस्वीकरण जोड़ा जाएगा
अदालत ने अपने आदेश में कहा, ‘‘याचिकाकर्ताओं की ओर से जताई गई आशंकाओं और प्रतिवादी संख्या चार (एम एम मूवीज) की ओर से दिए गए इस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए याचिका का निस्तारण किया जाता है कि फिल्म और उसके ट्रेलर में उचित अस्वीकरण जोड़ा जाएगा. इसमें स्पष्ट किया जाएगा कि फिल्म एक काल्पनिक रचना है और मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का रूपांतरण मात्र है.’’

चिकित्सा संगठनों ने जताई थी आपत्ति
चिकित्सकों के चित्रण को लेकर चिकित्सा संगठनों की आपत्तियों के बीच ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ की सिनेमाघरों में रिलीज स्थगित कर दी गई है. निर्माताओं ने फिल्म की प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने तक इसकी रिलीज टालने का फैसला किया है. एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं.

सूर्या फिल्म के बारे में
फिल्म पहले 20 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. निर्माताओं ने कहा है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणपत्र मिलने के बाद फिल्म की नई रिलीज तारीख की घोषणा की जाएगी. ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ वर्ष 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का हिंदी रूपांतरण है. मूल फिल्म का निर्देशन भी एम. पद्मकुमार ने ही किया था. मलयालम फिल्म की कहानी एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक निजी अस्पताल से जुड़े मानव अंगों की अवैध निकासी और तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश करता है.



Source link