Last Updated:
Pottery studio rishikesh : ऋषिकेश में इन दिनों पॉटरी स्टूडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. यहां लोगों को चाक पर मिट्टी से अलग-अलग चीजें बनाना सिखाया जाता है. इसे सीखने विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं. लोकल 18 से ऋषिकेश पॉटरी स्टूडियो के मालिक परम बताते हैं कि पोटरी स्टूडियो शुरू करने के पीछे उनका मकसद इस कला को हर किसी तक पहुंचाना था. उनके लिए मिट्टी के साथ काम करना सिर्फ एक कला सीखना नहीं है, बल्कि इससे मन को शांति भी मिलती है. परम ने बताया कि यूरोप से आने वाले लोगों में इस कला को लेकर काफी दिलचस्पी है, क्योंकि वहां पहले से ही पॉटरी का चलन है. भारत में पर्यटक कम खर्च में इस कला को करीब से समझ और सीख सकते हैं.
ऋषिकेश. उत्तराखंड के ऋषिकेश का नाम आते ही सबसे पहले गंगा, घाट और योग की तस्वीर सामने आती है, लेकिन यहां की पहचान सिर्फ इतनी ही नहीं है. शहर में कुछ ऐसे हुनर भी हैं, जो देश-विदेश से आने वाले लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं. ऐसा ही एक हुनर है मिट्टी से खूबसूरत बर्तन और सजावटी चीजें बनाने की कला यानी पॉटरी. ऋषिकेश में एक शख्स ने इसी कला को बढ़ावा देने के लिए अपना पॉटरी स्टूडियो शुरू किया है, जहां लोगों को चाक पर मिट्टी से अलग-अलग चीजें बनाना सिखाया जाता है. इस स्टूडियो में विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं और मिट्टी को अपने हाथों से आकार देने की कला सीखने में काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
तनाव कम होता है
लोकल 18 से ऋषिकेश पॉटरी स्टूडियो के मालिक परम बताते हैं कि पोटरी स्टूडियो शुरू करने के पीछे उनका मकसद इस कला को हर किसी तक पहुंचाना था. वह चाहते थे कि पैसों की कमी की वजह से कोई भी इसे सीखने से पीछे न रहे. इसी सोच के साथ वह आसपास के अनाथ आश्रमों के बच्चों और गंगा किनारे फूल बेचने वाले बच्चों को भी स्टूडियो में बुलाकर पॉटरी सिखाते हैं. उनके लिए मिट्टी के साथ काम करना सिर्फ एक कला सीखना नहीं है, बल्कि इससे मन को शांति भी मिलती है. इससे तनाव कम होता है और लोग क्लास के बाद काफी अच्छा महसूस करते हैं.
विदेश में महंगा
परम ने बताया कि उनके स्टूडियो में विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में पॉटरी सीखने पहुंच रहे हैं. यूरोप से आने वाले लोगों में इस कला को लेकर काफी दिलचस्पी है, क्योंकि वहां पहले से ही पॉटरी का चलन है. ऋषिकेश आने वाले कई विदेशी पर्यटक यहां अपना समय बिताने के साथ-साथ भारतीय तरीके से मिट्टी के बर्तन बनाना भी सीखना चाहते हैं. विदेशों में पॉटरी सीखना काफी महंगा होता है. भारत में पर्यटक कम खर्च में इस कला को करीब से समझ और सीख सकते हैं.
जो बनाओ, साथ ले जाओ
अगर आप भी पॉटरी सीखना चाहते हैं, तो ऋषिकेश के लोअर तपोवन में साई घाट के पास स्थित ऋषिकेश पोटरी स्टूडियो पहुंच सकते हैं. यहां पहली क्लास की फीस 1500 रुपये है, जो करीब 90 मिनट से 2 घंटे तक चलती है. इसमें लोगों को पॉटरी व्हील और हाथों से मिट्टी के बर्तन बनाना सिखाया जाता है. इस दौरान बनाई गई चीजें वे अपने साथ भी ले जा सकते हैं. इसके अलावा, स्टूडियो में 5 दिन का कोर्स भी उपलब्ध है, जिसकी फीस 7000 रुपये है. यहां आने के लिए लोग स्टूडियो की वेबसाइट www.rishikeshpotterystudio.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या सीधे स्टूडियो पहुंचकर भी जानकारी ले सकते हैं.