समस्तीपुर: बेटे पर तनी पिस्तौल तो ‘दुर्गा’ बन गई मां, दिलेरी दिखाकर फायरिंग कर रहे अपराधी से छीना हथियार, जान बचाकर भागे बदमाश

समस्तीपुर: बेटे पर तनी पिस्तौल तो ‘दुर्गा’ बन गई मां, दिलेरी दिखाकर फायरिंग कर रहे अपराधी से छीना हथियार, जान बचाकर भागे बदमाश


Last Updated:

Samastipur Crime News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक मां की अदम्य साहस और दिलेरी ने न सिर्फ अपने बेटे की जान बचाई, बल्कि हथियारों से लैस दर्जनों अपराधियों के मंसूबों को भी नाकाम कर दिया. महिला के इस साहसी कदम के बाद अपराधी घबरा गए और मौके से भाग खड़े हुए. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

समस्तीपुर में मां की दिलेरी से टली बड़ी अनहोनी

समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बरहेता पंचायत अंतर्गत भगवानपुर काली स्थान वार्ड संख्या-9 स्थित सहनी टोले में मोटरसाइकिल सवार दर्जनों अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया. अपराधियों ने राजा कुमार सहनी के घर पर तीन राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. लेकिन, इस दौरान राजा कुमार सहनी की मां भगवती देवी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीन ली. महिला की इस दिलेरी के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और भीड़ का फायदा उठाकर सभी अपराधी फरार हो गए.

बेटे पर संकट देख निहत्थे ही बदमाश से भिड़ गईं भगवती देवी

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राजा कुमार सहनी छठ पर्व मनाने के लिए गुजरात से अपने गांव आए थे. रविवार शाम चारपहिया वाहन से आए कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो उस समय शांत हो गया. लेकिन सोमवार दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार दर्जनों अपराधी राजा के घर पर आ धमके और दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की तड़तड़ाहट और बेटे पर मंडराते खतरे को देख मां भगवती देवी बिना डरे आगे बढ़ीं और एक अपराधी से भिड़कर उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली. छीना-झपटी में अपराधियों की मैगजीन और एक मोबाइल फोन भी वहीं गिर गया, जिसके बाद शोर मचने पर सभी बदमाश फरार हो गए.

पुलिस ने हथियार व मोबाइल किया जब्त, प्राथमिकी दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया है. थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत ने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद मौके से देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

दहशत के बीच महिला के साहस की हो रही सराहना

इधर, दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सहनी टोले सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है. वहीं, पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. वहीं दूसरी ओर, पूरे इलाके में मां भगवती देवी के साहस की जमकर तारीफ हो रही है. लोगों का कहना है कि अगर उन्होंने समय रहते हिम्मत न दिखाई होती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.



Source link