Last Updated:
जावेद अख्तर ने ‘रामायण’ की जमकर तारीफ की. लेखक ने कहा कि उन्होंने अभीतक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी जोया इसकी मुरीद हो गई हैं. जावेद अख्तर ने कहा कि भगवान राम एक आदर्श हैं. जहां उनके इस बयान से ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद राशिदी ने उनको खरी-खोटी सुनाई. वहीं संत समाज और नेताओं ने जावेद अख्तर का सपोर्ट किया है.
जावेद अख्तर ने ‘रामायण’ की तारीफ की तो संत समाज उनके सपोर्ट में आए.
नई दिल्ली. मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान पर अब अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं और संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. जावेद अख्तर ने कहा था कि भगवान राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं. उन्होंने अपने बयान में कहा था कि धर्म कोई भी हो, राम हर भारतीय के खून में हैं. अब अयोध्या के संत सीताराम दास, भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, शिवसेना नेता शायना एनसी और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने उनके बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
अयोध्या में संत सीताराम दास ने जावेद अख्तर के बयान का समर्थन करते हुए कहा, ‘भगवान राम का नाम दो अक्षरों का है लेकिन उनकी महिमा अनंत है. सनातन धर्म सभी धर्मों का पिता है. समय के साथ बदलाव के कारण अलग-अलग पंथ बने और आने वाले समय में भी नए पंथ बन सकते हैं. सनातन धर्म का महत्व सभी के लिए है’.
जावेद अख्तर के सपोर्ट में आए नेता
झारखंड के रांची में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी जावेद अख्तर की बात का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ‘भगवान राम देश की आस्था के प्रतीक हैं और उनका हर व्यक्ति के जीवन से जुड़ाव है. जावेद अख्तर की बात को समझने की जरूरत है. देश में रहने वाले कई मुस्लिम परिवारों के पूर्वज हिंदू थे और मुगल शासन के दौरान मजबूरी में उनका धर्मांतरण हुआ था. इस्लाम से राम का इतिहास पुराना है और भगवान राम हर भारतीय के मन में बसे हैं’.
मुंबई में शिवसेना नेता शायना एनसी ने भी जावेद अख्तर की तारीफ की. उन्होंने कहा, ”जावेद ने ऐसी बात कहने की हिम्मत दिखाई है. भारत में रहते हुए भगवान राम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि जीवन जीने का तरीका भी सिखाती है. इससे बड़ों का सम्मान करना, सच के लिए लड़ना और अपने वादे पूरे करना जैसी सीख मिलती है.’
वहीं, अयोध्या में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी जावेद अख्तर की बात को सही बताया. हालांकि, उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर किसी को टिप्पणी करने से बचना चाहिए और सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए. दरअसल, जावेद अख्तर ने मंगलवार को मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (आईपीआरएस) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट लॉन्च के मौके पर मीडिया से बातचीत की थी. इस दौरान उनसे नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सवाल किया गया.
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ मचा रही धमाल
जावेद अख्तर ने कहा, ‘अभी तक मैंने फिल्म नहीं देखी है लेकिन मैं इसे जरूर देखना चाहूंगा. मेरी बेटी जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्होंने इसकी तारीफ की है. वह किसी चीज की तारीफ बहुत कम करती हैं. उसने तो कभी अपने पिता के काम की भी इतनी तारीफ नहीं की’.