बागेश्वर का ऐतिहासिक कुली बेगार आंदोलन: मकर संक्रांति पर 40 हजार लोगों ने फूंका था बिगुल, बिना खून बहाए हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत

बागेश्वर का ऐतिहासिक कुली बेगार आंदोलन: मकर संक्रांति पर 40 हजार लोगों ने फूंका था बिगुल, बिना खून बहाए हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत


Last Updated:


अंग्रेजी हुकूमत के जुल्म और शोषण के खिलाफ जब पहाड़ का स्वाभिमान जागा, तो बिना एक बूंद खून बहाए ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिल गई. यह कहानी है उत्तराखंड के ऐतिहासिक ‘कुली बेगार आंदोलन’ की, जिसने आजादी की लड़ाई को एक नई दिशा दी. 14 जनवरी 1921 को मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बागेश्वर के सरयू बगड़ में उमड़े जनसैलाब ने न सिर्फ गुलामी के प्रतीक रजिस्टरों को सरयू की धारा में विसर्जित किया, बल्कि पूरी दुनिया को अहिंसक जनक्रांति की ताकत भी दिखाई. पढ़ें इस गौरवशाली इतिहास की पूरी दास्तान.

बागेश्वर: उत्तराखंड में स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में कुली बेगार आंदोलन का विशेष महत्व है. यह आंदोलन अंग्रेजी हुकूमत की शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ पहाड़ के लोगों की एकजुटता, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है. 14 जनवरी 1921 को मकर संक्रांति के मौके पर बागेश्वर के सरयू बगड़ में हजारों लोगों ने एकत्र होकर अंग्रेजों की कुली बेगार और कुली उतार प्रथा के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका था. उत्तरायणी मेले में उमड़े करीब 40 हजार लोगों ने गुलामी के प्रतीक बेगार रजिस्टर सरयू नदी में बहा दिए, और भविष्य में कभी बेगार नहीं करने की शपथ ली.

क्या थी कुली बेगार, कुली उतार और बरदायिश प्रथा?
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी परिवार के सदस्य व वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण न्यास के अध्यक्ष दलीप खेतवाल बताते हैं कि अंग्रेजी शासन के दौरान पहाड़ के ग्रामीणों को कुली बेगार जैसी व्यवस्था का सामना करना पड़ता था. इसके तहत स्थानीय लोगों को अंग्रेज अधिकारियों और उनके कर्मचारियों का सामान बिना किसी मेहनताने के ढोना पड़ता था. ग्रामीणों को अपनी खेती-बाड़ी और घरेलू काम छोड़कर अधिकारियों की सेवा में हाजिर होना पड़ता था. गांवों के लोगों के नाम बाकायदा रजिस्टर में दर्ज किए जाते थे. इसी व्यवस्था को कुली बेगार कहा जाता था. वहीं, कुली उतार और बरदायिश जैसी प्रथाओं के माध्यम से भी ग्रामीणों पर अतिरिक्त बोझ डाला जाता था.

उत्तरायणी मेले में फूंका गया क्रांति का बिगुल
लंबे समय से इस अन्याय को सह रहे लोगों के भीतर अंग्रेजी शासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही थी. इस व्यवस्था को समाप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता शुरू हुई. बद्री दत्त पांडे, हरगोविंद पंत और विक्टर मोहन जोशी सहित कई नेताओं ने लोगों को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई. आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए उत्तरायणी मेले को चुना गया. 14 जनवरी 1921 को दूर-दराज के गांवों से हजारों लोग बागेश्वर पहुंचे. सरयू बगड़ में विशाल जनसभा आयोजित हुई. यहां लोगों ने अंग्रेजी शासन की अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया.

सरयू नदी में बहाए गए गुलामी के रजिस्टर
सभा में लोगों ने बागनाथ मंदिर और सरयू नदी को साक्षी मानकर भविष्य में किसी भी परिस्थिति में कुली बेगार नहीं करने का संकल्प लिया. इसके बाद ग्रामीणों के नाम दर्ज करने वाले बेगार रजिस्टर सरयू नदी में बहा दिए गए. यह घटना अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनशक्ति के प्रदर्शन का बड़ा उदाहरण बनी. खास बात यह रही कि इतने बड़े जनसमूह ने बिना हिंसा का सहारा लिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी. इस आंदोलन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अहिंसक प्रकृति थी. हजारों लोगों ने एक साथ अंग्रेजी शासन की अन्यायकारी व्यवस्था का विरोध किया, लेकिन किसी प्रकार की हिंसा नहीं की.

महात्मा गांधी ने दी ‘रक्तहीन क्रांति’ की संज्ञा
इस जनक्रांति का असर केवल बागेश्वर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धीरे-धीरे पूरे कुमाऊं क्षेत्र में फैल गया. लोगों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्होंने बेगार प्रथा का विरोध करना शुरू कर दिया. महात्मा गांधी भी बागेश्वर में हुए इस आंदोलन से प्रभावित हुए थे. उन्होंने इसे रक्तहीन क्रांति की संज्ञा दी थी. आंदोलन के प्रमुख नेता बद्री दत्त पांडे को उनके योगदान के लिए ‘कुमाऊं केसरी’ के नाम से पहचान मिली. कुली बेगार आंदोलन ने यह साबित किया कि जब आम जनता किसी अन्याय के खिलाफ एकजुट होती है तो बड़ी से बड़ी सत्ता को चुनौती दी जा सकती है.

आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है सरयू बगड़
आज भी बागेश्वर का सरयू बगड़ इस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है. हर वर्ष मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाला उत्तरायणी मेला इस गौरवशाली इतिहास से जुड़ा हुआ है. यहां आने वाले लोग उस स्थान के इतिहास को याद करते हैं, जहां हजारों लोगों ने गुलामी की व्यवस्था के खिलाफ एक साथ आवाज उठाई थी. कुली बेगार आंदोलन उत्तराखंड के स्वतंत्रता संग्राम की ऐसी ऐतिहासिक घटना है, जो आज भी आने वाली पीढ़ियों को एकता, स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देती है.



Source link