Last Updated:
Bihar Board Inter Sent Up Exam: बिहार में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से कल यानी 19 नवंबर से इंटर की सेंटअप परीक्षा शुरू होगी और आगामी 28 नवंबर तक आयोजित की जाएगी. बोर्ड ने परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और पूरा शेड्यूल जारी किया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बिहार में 19 नवंबर से शुरू होगी इंटर की सेंटअप परीक्षा
पटना. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सेंटअप (Sent-Up) परीक्षा की शुरुआत 19 नवंबर से होने जा रही है. बोर्ड से जारी सूचना के अनुसार राज्य भर के प्लस टू स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित होने वाली यह परीक्षा 28 नवंबर तक चलेगी. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. बोर्ड से जारी निर्देश के अनुसार पहली पाली सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी. विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा.
दो पालियों में परीक्षा, 15 मिनट का अतिरिक्त समय
बीएसईबी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, इंटर सेंटअप परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए बोर्ड ने दोनों पालियों में प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त (कूल-ऑफ) समय देने का प्रावधान किया है. पहले दिन यानी 19 नवंबर को पहली पाली में साइंस के छात्रों की फिजिक्स, आर्ट्स की फिलॉसफी और कॉमर्स की इंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा होगी. वहीं दूसरी पाली में केमिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस और अकाउंटेंसी के पेपर लिए जाएंगे.
30 नवंबर से प्रैक्टिकल, कलेक्शन सेंटर भी तैयार
बोर्ड से जारी सूचना के अनुसार, सैद्धांतिक (Theory) परीक्षा समाप्त होने के बाद इंटर की प्रायोगिक (Practical) परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थानों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण (Collection) के लिए विशेष केंद्र बनाए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, स्कूलों को प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही उपलब्ध करा दी गई हैं.
परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य, वरना रुकेगा एडमिट कार्ड
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि नियमित और स्वतंत्र कोटि के सभी पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए सेंटअप परीक्षा में शामिल होना और उत्तीर्ण होना पूरी तरह अनिवार्य है. जो छात्र इस परीक्षा में अनुपस्थित रहेंगे या अनुत्तीर्ण (फेल) हो जाएंगे, उन्हें वर्ष 2027 की मुख्य इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा. वहीं, मैट्रिक (10वीं) की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित की जाएगी.