8 नौसैनिकों ने की आत्महत्या की कोशिश, अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन का काला सच आया सामने

8 नौसैनिकों ने की आत्महत्या की कोशिश, अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन का काला सच आया सामने


Last Updated:

US Navy News: अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन की करीब नौ महीने की तैनाती के दौरान 8 नौसैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की. कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ ने सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रांड को भेजे पत्र में यह जानकारी दी. जहाज पर करीब 5,000 लोग तैनात थे और परिवारों ने मानसिक स्वास्थ्य तथा रहने की परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई थी.

Zoom

USS अब्राहम लिंकन.

USS Abraham Lincoln News: अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन पर लंबी तैनाती के दौरान 8 नौसैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की. यह खुलासा कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ ने सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रांड को भेजे पत्र में किया है. करीब 5,000 लोगों वाले इस कैरियर पर लंबे समय से खराब हालात और सैनिकों की मानसिक सेहत को लेकर परिवारों की चिंता सामने आ रही थी. अब जहाज की वापसी के बीच सामने आए इस आंकड़े ने उन चिंताओं को और गंभीर बना दिया है.

9 महीने की तैनाती

USS अब्राहम लिंकन पिछले साल नवंबर से तैनात था और अब अमेरिका लौट रहा है. इस दौरान जहाज पर तैनात जवानों और उनके परिवारों की तरफ से मानसिक स्वास्थ्य और रहने की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठते रहे. सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रांड ने इन्हीं चिंताओं को लेकर नौसेना से जवाब मांगा था. इसके जवाब में हंग काओ ने मंगलवार को भेजे पत्र में बताया कि तैनाती के दौरान 8 लोगों ने आत्महत्या की कोशिश की. काओ के मुताबिक इनमें सिर्फ विमानवाहक पोत के चालक दल के सदस्य ही नहीं थे. इसमें कैरियर एयरविंग, स्ट्राइक ग्रुप और डिस्ट्रॉयर स्क्वाड्रन स्टाफ, साथ चल रहे विध्वंसक जहाजों और विमानन स्क्वाड्रनों के नौसैनिक भी शामिल थे.

जवानों की मानसिक सेहत पर सवाल

USS अब्राहम लिंकन पर करीब 5,000 लोगों की तैनाती हो सकती है. परिवारों की तरफ से लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं कि लंबी तैनाती के कारण जवानों की मानसिक हालत और काम करने की परिस्थितियां खराब हो रही हैं. नौसेना ने हालांकि इसे जहाज पर किसी व्यापक मानसिक स्वास्थ्य संकट के तौर पर स्वीकार नहीं किया है. हंग काओ ने कहा कि जवानों की आध्यात्मिक और भावनात्मक जरूरतों को पूरा करने के लिए जहाज पर 5 पादरी और कई मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद थे. यानी नौसेना का कहना है कि मदद की व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन आत्महत्या की कोशिशों का सामने आना तैनाती के दौरान जवानों पर पड़ने वाले दबाव को लेकर सवाल जरूर खड़े करता है.

खाने-पानी और टॉयलेट को लेकर आई थी दिक्कत

मानसिक स्वास्थ्य के अलावा USS अब्राहम लिंकन पर सुविधाओं को लेकर भी परिवारों ने चिंता जताई थी. इनमें खराब पाइपलाइन, ताजा खाने की कमी और जहाज की दूसरी बुनियादी समस्याएं शामिल थीं. काओ ने व्यापक स्तर पर पाइपलाइन टूटने और ताजा खाने की कमी की बात से इनकार किया. हालांकि उन्होंने माना कि जहाज पर कुछ समय के लिए स्थानीय स्तर पर पाइपलाइन में खराबी आई थी. उन्होंने यह भी बताया कि समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाली रिवर्स ऑस्मोसिस इकाइयों में समस्याएं आई थीं. खाने में भी कुछ समय के लिए मुख्य भोजन के विकल्प दो से घटाकर एक कर दिए गए थे.



Source link