Last Updated:
Rajasthan Panchayat Chunav BJP Badabandi : राजस्थान पंचायत चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों में मतदान की प्रक्रिया पूरे होने के बाद अब बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित और एकजुट रखने के लिए धार्मिक स्थलों का सहारा लेना शुरू कर दिया है. होटल और रिसोर्ट शादियों के कारण बुक होने के कारण अब बाड़ाबंदी के लिए प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर स्थित धर्मशालाओं में राजनीति की पाठशाला लगाई जा रही है.
बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों को एकत्र कर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाना शुुरू कर दिया.
जयपुर. राजस्थान पंचायत चुनाव के लिए चौथे चरण का मतदान पूरा होने के साथ ही अब राजनीतिक दलों की नजर जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव पर टिक गई है. चुनाव परिणाम आने से पहले ही प्रत्याशियों को एकजुट रखने और आगे की रणनीति बनाने की कवायद शुरू हो गई है. लेकिन इस बार राजनीतिक दलों के सामने बाड़ेबंदी के लिए ठिकाने तलाशना आसान नहीं हो रहा है. दिवाली के बाद देवउठनी एकादशी के साथ ही शादियों के सावे के चलते होटल और रिसॉर्ट पहले से बुक हैं. पंचायत चुनाव के बाद जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की कवायद में जुटी भाजपा के सामने बाड़ेबंदी के लिए ठिकाने तलाशना बड़ी चुनौती बन गया है. भाजपा ने अब अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी के लिए सालासर, खाटूश्यामजी और पुष्कर जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर स्थित धर्मशालाओं को अपना विकल्प बनाया है.
हालांकि वहां धर्मशालाओं में होटल्स जैसी सुविधाएं और निजी आजादी मिलना मुश्किल है. लेकिन जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी के समीकरण साधने से पहले दलों को ठहरने का जैसे-तैसे इंतजाम करना पड़ रहा है. राजस्थान की 41 जिला परिषदों की 1403 और 457 पंचायत समितियों की 8245 सीटों के लिए हुए चुनाव के बाद बड़ी संख्या में सदस्यों को एकजुट रखने की रणनीति बनाई जा रही है. लेकिन देवउठनी एकादशी के साथ ही सावे ने पार्टी का इंतजाम बिगाड़ दिया है. जयपुर सहित प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों के होटल, रिसॉर्ट और मैरिज बैंक्वेट पहले से बुक हैं.
बीजेपी अपने प्रत्याशियों को धार्मिक स्थलों पर स्थित धर्मशालाओं में ठहरा रही है.
प्रत्याशियों को सुविधाओं की कमी खल रही है
ऐसे में भाजपा अब सूबे के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों सालासर, खाटूश्यामजी, पुष्कर ,मेहंदीपुर बालाजी,नाथद्वारा, रामदेवरा, नाकोड़ा और देशनोक में स्थित धर्मशालाओं को बाड़ेबंदी का ठिकाना बनाया है. हालांकि धर्मशालाओं में ठहरने वाले कुछ प्रत्याशियों को सुविधाओं की कमी खल रही है. कमरों की उपलब्धता, भोजन, आराम और निजी सुविधाओं को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं. होटल और रिसॉर्ट में मिलने वाली लग्जरी और स्वतंत्रता धर्मशालाओं में नहीं मिल पा रही. लेकिन पार्टी को राजनीतिक समीकरण साधने के साथ प्रत्याशियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना पड़ रहा है.
20 नवंबर का है इंतजार
बहरहाल राजनीतिक पार्टियों को 20 नवंबर का इंतजार है. 20 नवंबर को मतगणना होगी. मतगणना का काम पूरा होने तक प्रत्याशियों बाड़ेबंदी में रहना होगा. परिणाम के बाद जीतने वालों को बाड़ाबंदी में रही रखा जाएगा और हारे हुए प्रत्याशियों को आजाद कर दिया जाएगा. मतगणना के बाद 25 नवंबर को जिला परिषदों के जिला प्रमुखों और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुखों का चुनाव होगा. वहीं उसके बाद 27 नंवबर को पंचायत समितियों के प्रधानों और 28 नवंबर को उपप्रधानों का चुनाव होगा.