Last Updated:
Muzaffarpur Woman Death News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक विवाहिता की मौत के बाद ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. जिस महिला को जीते जी ससुराल में कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया, मौत के बाद उसका शव लेकर मायके वाले उसी ससुराल पहुंच गए. इतना ही नहीं, पति के दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इस दौरान भाई के मुंह से निकले शब्दों ने सबको झकझोर दिया. उसने कहा कि जब जीते जी बहन को साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
मुजफ्फरपुर में पति के घर के बाहर मायके वालों ने किया अंतिम संस्कार
मुजफ्फरपुर. सदर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पताही गांव में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी विभा ठाकुर के रूप में हुई है. मौत के बाद आक्रोशित मायके वालों ने शव को मोहम्मदपुर पताही स्थित उसके ससुराल पहुंचाया. इसके बाद मंगलवार शाम ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. मृतका के भाई आकाश चौधरी ने ससुराल पक्ष पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में सदर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है.
2014 में हुई थी शादी, कोर्ट में चल रहा था विवाद
मृतका के भाई आकाश चौधरी के अनुसार, वर्ष 2014 में उनकी बहन विभा की शादी मोहम्मदपुर पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी. दोनों की एक 12 वर्षीय बेटी भी है. आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था. विभा लगातार इसकी जानकारी अपने मायके वालों को देती थी. आकाश का आरोप है कि गर्भवती रहने के दौरान भी चंदन और उसके परिवार के लोग बीभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे. विवाद बढ़ने के बाद विभा अपने मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी. बच्चे के जन्म के बाद वह वापस लौटी. इधर, पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था. आकाश के मुताबिक, इस मामले में आगामी 12 दिसंबर को अंतिम फैसला आने वाला था.
खाने में जहर देने का आरोप, अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों का कहना है कि छठ पूजा की संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले विभा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी, जिसके बाद मौसेरे भाई राहुल ने उसे प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया. आकाश का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि विभा के लीवर और किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. उन्हें आशंका है कि खाने के साथ कोई विषैला पदार्थ दिया गया था. इसी बीच इलाज के दौरान विभा की मौत हो गई. हालांकि, जहर दिए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पति के दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार, ससुराल वाले फरार
दूसरी ओर मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर मोहम्मदपुर पताही गांव पहुंचे. इसके बाद पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान आकाश चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि जब जीते जी बहन को साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार उसके पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे. फिलहाल, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.