IITF दिल्ली में उत्तराखंड की हर्बल चाय का जलवा, 121 वैरायटी में क्या है खास?
Last Updated:
Delhi IITF Vedavi Herbal Tea: दिल्ली के IITF में उत्तराखंड के हिम्मत सिंह बिष्ट ने वेदावी हर्बल टी के तहत 121 तरह की आयुर्वेदिक हर्बल चाय पेश की हैं, जो कोरोना काल में शुरू हुई थीं.
Delhi IITF Vedavi Herbal Tea: दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में इस बार चाय के शौकीनों के लिए कुछ खास देखने को मिल रहा है. यहां एक ऐसा स्टॉल लगा है, जहां आपको एक-दो नहीं, बल्कि 121 तरह की हर्बल चाय मिलेंगी. खास बात यह है कि इन चाय को अलग-अलग जरूरतों और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. उत्तराखंड के टिहरी जिले से आए हिम्मत सिंह बिष्ट अपने ब्रांड वेदावी हर्बल टी के साथ मेले में पहुंचे हैं.
121 तरह की चाय, हर स्वाद के लिए कुछ खास
हिम्मत सिंह बिष्ट बताते हैं कि उनके स्टॉल पर वात-पित्त-कफ बैलेंस चाय, इम्युनिटी बूस्टर, पहाड़ी सिप, डाइजेशन टी, हार्ट केयर, वुमन हेल्थ, थायरॉइड, बीपी, रिफ्रेशमेंट और एंटी-एजिंग जैसी कई तरह की चाय उपलब्ध हैं. इनमें सबसे ज्यादा मांग वात-पित्त-कफ बैलेंस चाय की है. इसे 21 तरह की सामग्री से तैयार किया गया है. यह कैफीन फ्री है. इसे रोजमर्रा की चाय के विकल्प के तौर पर भी लिया जा सकता है.
हार्ट केयर टी में मिलाई खास जड़ी-बूटियां
यहां मिलने वाली हर चाय को अलग-अलग सामग्री के साथ तैयार किया गया है. हार्ट केयर टी में अश्वगंधा, गुड़हल और दिल की सेहत को ध्यान में रखकर चुनी गई जड़ी-बूटियां मिलाई गई हैं. ब्रांड का दावा है कि इन मिश्रणों को तैयार करते समय स्वाद के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य लाभों का भी ध्यान रखा गया है.
कोरोना के समय गांव में हुई शुरुआत
हिम्मत सिंह बताते हैं कि इस ब्रांड की शुरुआत किसी बड़े बिजनेस प्लान के साथ नहीं हुई थी. कोरोना के समय उन्हें गांव में रहने का मौका मिला. उस दौरान उन्होंने सोचा कि प्राकृतिक जड़ी-बूटियों की मदद से इम्युनिटी बढ़ाने के लिए कुछ बनाया जाए. इसी सोच के साथ उन्होंने स्थानीय जड़ी-बूटियों से एक खास चाय तैयार की. शुरुआत में इसे परिवार और जानने वालों को गिफ्ट किया गया. लोगों को इसका स्वाद पसंद आया और अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा. इसके बाद उन्होंने इस पर करीब तीन साल तक रिसर्च और डेवलपमेंट किया. चाय का स्वाद कैसा हो, जड़ी-बूटियों को किस तरह सुरक्षित रखा जाए और अलग-अलग सामग्री का सही मिश्रण कैसे तैयार किया जाए, इन सभी बातों पर काम किया. इस दौरान करीब 3-4 लाख रुपये का निवेश किया गया. साल 2024 में उन्होंने अपने ब्रांड वेदावी हर्बल टी को बाजार में उतारा.
बच्चों के नाम से रखा ब्रांड का नाम
इस ब्रांड के नाम के पीछे भी एक खास कहानी है. हिम्मत सिंह ने बताया कि उनके बच्चों के नाम वेद और अवि हैं. इन्हीं दोनों नामों को मिलाकर उन्होंने अपने ब्रांड का नाम वेदावी रखा है.
कहां से खरीद सकते हैं ये हर्बल चाय
हिम्मत सिंह के मुताबिक, जो लोग अलग-अलग तरह की हर्बल चाय आजमाना चाहते हैं, वे उनकी वेबसाइट के जरिए ऑर्डर कर सकते हैं. इसके लिए ग्राहक vedaviherbaltea.com पर जा सकते हैं. वही IITF में भी उनके स्टॉल पर पहुंचकर अलग-अलग तरह की चाय के बारे में जानकारी ले सकते हैं.