भारत से मनीला क्या-क्या ले गए पीएम मोदी? लॉस्ट वैक्स की मूर्ति के लेकर रोगन-गोंड पेंटिंग तक, सब कुछ था खास

भारत से मनीला क्या-क्या ले गए पीएम मोदी? लॉस्ट वैक्स की मूर्ति के लेकर रोगन-गोंड पेंटिंग तक, सब कुछ था खास


Last Updated:

PM Modi Gifts from India to Manila: पीएम मोदी जब आसियान शिखर सम्मेलन के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला गए तो वे खाली हाथ नहीं गए थे. वे अपने साथ भारत से बहुत से गिफ्ट भी लेकर गए थे, जिसमें अलग-अलग राज्यों से जुड़ी हुई विशेषताएं थीं. उन्होंने ये अनमोल तोहफे मनीला में भेंट किए.

ख़बरें फटाफट

Zoom

पीएम मोदी खाली हाथ नहीं गए थे मनीला. (फोटो क्रेडिट- एएनआई)

PM Modi Gifts from India to Manila: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में जब गए, तो उनके साथ भारतीय संस्कृति की झलक दिखाते हुए तमाम तोहफे भी ले जाए गए. यहां पर आयोजित कूटनीतिक मुलाकातों के दौरान अलग-अलग देशों के नेताओं को भारत की पारंपरिक कला और शिल्प से जुड़े खास तोहफे प्रधानमंत्री ने भेंट किए. इन उपहारों में कहीं दक्षिण भारत की सदियों पुरानी चोल कांस्य कला की झलक मिली तो कहीं राजस्थान के गुलाबी क्वार्ट्ज से तराशा गया हाथी आकर्षण के केंद्र में रहा. गुजरात की दुर्लभ रोगन पेंटिंग, कर्नाटक की बिदरी कला और मध्य भारत की गोंड चित्रकला के जरिए भी भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दुनिया को मिली.

खुद को प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा फैन बताने वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को चोल कांस्य मूर्ति भेंट की गई. दक्षिण भारत में नौवीं से तेरहवीं शताब्दी के बीच चोल राजवंश के शासनकाल में इस कला का विशेष विकास हुआ था. इसे पारंपरिक ‘मधुच्छिष्ट विधान’ यानी लॉस्ट वैक्स तकनीक से तैयार किया जाता है. इन मूर्तियों में शारीरिक अनुपात, भाव-भंगिमा और आभूषणों का बेहद सूक्ष्म चित्रण देखने को मिलता है. ये तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत और भारत की प्राचीन धातु कला का बेहतरीन उदाहरण है.

पीएम मोदी ने कौन-कौन से तोहफे दिए?

  1. लाओस के प्रधानमंत्री सलेउमक्से कोमासिथ को गुलाबी रोज क्वार्ट्ज पत्थर से बना सोने की सजावट वाला हाथी भेंट की गई. राजस्थान, खासकर जयपुर के पत्थर तराशने वाले कारीगरों की परंपरा से जुड़ी इस कलाकृति में प्राकृतिक गुलाबी क्वार्ट्ज को तराशकर चमकदार रूप दिया जाता है. इस पर सुनहरी चित्रकारी और फूलों की पारंपरिक आकृतियां बनाई जाती हैं. भारतीय परंपरा में हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता, गरिमा और राजसी वैभव का प्रतीक है.
  2. मलेशिया का भी आसियान में प्रतिनिधित्व था. प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की नक्काशी से सजा उरली भेंट किया गया. यह पारंपरिक भारतीय सजावटी पात्र है, जिसे आमतौर पर पानी और तैरते फूलों से सजाया जाता है. भारतीय परंपरा में उरली को पवित्रता, समृद्धि, आतिथ्य और सद्भाव से जोड़ा जाता है. इसकी सुंदर बनावट और चांदी की सजावट उपयोगिता तथा कलात्मकता का अनूठा मेल प्रस्तुत करती है.
  3. गोंड चित्रकला की कलाकृति सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को दी गई. मध्य भारत के गोंड आदिवासी समुदायों से जुड़ी यह लोककला मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रचलित है. इसमें पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और प्रकृति को बिंदुओं, रेखाओं और चमकीले रंगों के जरिए उकेरा जाता है. यह कला गोंड समुदाय के प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव और उसकी सांस्कृतिक मान्यताओं को अभिव्यक्त करती है.
  4. थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की दुर्लभ रोगन कला की पेंटिंग भेंट की गई. यह कला कच्छ के निरोना गांव में कुछ चुनिंदा कारीगर परिवारों द्वारा पीढ़ियों से संरक्षित की जा रही है. इसमें अरंडी के तेल को उबालकर तैयार किए गए गाढ़े रंग में प्राकृतिक रंगद्रव्य मिलाए जाते हैं. इसके बाद धातु की पतली सलाई से कपड़े पर हाथों से बारीक डिजाइन बनाए जाते हैं.
  5. तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री जानाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात की प्रसिद्ध अगेट पत्थर से बनी कटोरी भेंट की गई. अगेट एक अर्ध-कीमती पत्थर है, जिसमें प्राकृतिक धारियां और अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं. खंभात सदियों से अगेट पत्थर के प्रसंस्करण और नक्काशी का प्रमुख केंद्र रहा है. इस शिल्प को 2017 में जीआई टैग मिला था, जबकि 2023 में आनंद जिले के ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ कार्यक्रम में अगेट उत्पादों को शामिल किया गया.
  6. वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को पारंपरिक भारतीय चमड़े से तैयार दीवार पर सजाने वाली कलाकृति दी गई. इसमें चमड़े को विशेष तरीके से तैयार कर उस पर छेदकारी, उभरी हुई नक्काशी और रंगों के जरिए फूलों, ज्यामितीय आकृतियों तथा वन्यजीवों के चित्र बनाए जाते हैं. यह कलाकृति ग्रामीण शिल्प परंपराओं और पीढ़ियों से चले आ रहे कारीगरों के हुनर को दर्शाती है.
  7. ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर की प्रसिद्ध बिदरी कला से तैयार चांदी की नक्काशी वाला फूलदान भेंट किया गया. जस्ता और तांबे के मिश्रण से बने इस धातु शिल्प पर शुद्ध चांदी की बारीक जड़ाई की जाती है. इसकी गहरी काली सतह और चमकदार चांदी की नक्काशी इसे अलग पहचान देती है. इसके फूलों और ज्यामितीय डिजाइनों में बीदर किले की स्थापत्य कला की झलक मिलती है. बिदरी शिल्प को भौगोलिक संकेतक टैग भी प्राप्त है. म्यांमार को भी इसी पारंपरिक कला से तैयार चांदी की नक्काशी वाला फूलदान दिया गया.
  8. कंबोडिया को डोकरा कला से तैयार नाव की कलाकृति भेंट की गई. यह प्राचीन भारतीय धातु शिल्प करीब चार हजार साल पुरानी लॉस्ट वैक्स तकनीक पर आधारित है. इसमें पहले मोम से आकृति तैयार की जाती है और फिर धातु की ढलाई के जरिए उसे अंतिम रूप दिया जाता है. नाव में बैठे लोगों और पक्षियों की आकृतियां सामुदायिक जीवन, प्रकृति के साथ सामंजस्य और सामूहिक प्रगति का संदेश देती हैं.

इन उपहारों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कलाओं को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से जोड़ने का प्रयास किया. हर भेंट के साथ किसी क्षेत्र का इतिहास, वहां के कारीगरों की पीढ़ियों की मेहनत और स्थानीय संस्कृति की पहचान भी जुड़ी हुई है. पहली बार नहीं है कि प्रधानमंत्री ने भारतीय मिट्टी में रचे बसे उपहार भेंट किए हों इससे पहले भी जब भी किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष ने भारत का दौरा किया या बतौर अतिथि प्रधानमंत्री विदेशी दौरे पर गए तो उन्होंने उपहार ऐसे दिए जिसके कुछ मायने थे या उनमें इंसानी मेहनत की कहानी झलकती थी.



Source link