Last Updated:
Bilaspur: बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ की इकलौती ऑटोमेटिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है. यहां RFID कार्ड दिखाते ही कार पार्किंग की प्रक्रिया शुरू हो जाती है. लिफ्ट, शटल और रोबोट की मदद से गाड़ी अपने आप खाली स्लॉट में पार्क होती है. एक्सपर्ट शांतनु बनर्जी ने लोकल 18 को इसकी पूरी कार्यप्रणाली की जानकारी दी.
Bilaspur Robotic Car Parking: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के पुराने बस स्टैंड में बनी ऑटोमेटिक मल्टीलेवल पार्किंग इन दिनों अपनी आधुनिक तकनीक को लेकर चर्चा में है. यह छत्तीसगढ़ की इकलौती ऑटोमेटिक मल्टीलेवल पार्किंग है, जहां कार पार्क करने के लिए न तो आपको खुद पार्किंग की जगह तलाशनी पड़ती है और न ही गाड़ी को किसी फ्लोर तक ले जाने की जरूरत होती है. यहां सिर्फ एक आरएफआईडी (RFID) कार्ड दिखाते ही पार्किंग का पूरा सिस्टम अपने आप काम करना शुरू कर देता है. इसके बाद बैरियर गेट और शटर खुलते हैं, चालक अपनी कार निर्धारित स्थान पर खड़ी कर बाहर आ जाता है और फिर लिफ्ट, शटल और रोबोट मिलकर कार को पार्किंग के खाली स्लॉट तक पहुंचा देते हैं. खास बात यह है कि गाड़ी कहां पार्क होगी, इसका फैसला भी सिस्टम में लगा सॉफ्टवेयर खुद करता है. जब आपको अपनी कार वापस लेनी हो तो एग्जिट पॉइंट पर वही कार्ड दिखाना होता है और कुछ ही देर में आपकी कार ऑटोमेटिक तरीके से बाहर पहुंच जाती है. आखिर यह पूरा सिस्टम कैसे काम करता है, इसमें कितनी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है और आम लोग किस तरह इसका लाभ उठा सकते हैं, यह जानने के लिए लोकल 18 की टीम बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित इस पार्किंग में पहुंची. यहां पार्किंग के संचालन से जुड़े एक्सपर्ट शांतनु बनर्जी ने हमें इसकी पूरी प्रक्रिया समझाई.
आरएफआईडी कार्ड दिखाते ही खुल जाता है एंट्री गेट
ऑटोमेटिक मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी करने की प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है. सबसे पहले वाहन चालक को पार्किंग में प्रवेश के लिए एक आरएफआईडी कार्ड दिया जाता है. एंट्री गेट पर लगे रीडर के सामने कार्ड दिखाते ही सिस्टम उसे पहचान लेता है. इसके बाद बैरियर गेट और सामने लगा ऑटोमेटेड शटर एक साथ खुलने लगते हैं. चालक को अपनी कार निर्धारित स्टॉल तक ले जाकर सही पोजीशन में खड़ी करनी होती है. इसके बाद गाड़ी को हैंड गियर में छोड़कर हैंडब्रेक लगाना और लॉक करना होता है. चालक के बाहर आने के बाद एंटर बटन दबाते ही बैरियर बंद हो जाता है और आगे की पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटिक तरीके से शुरू हो जाती है.
शटल और रोबोट मिलकर पहुंचाते हैं कार को पार्किंग स्लॉट तक
इस पार्किंग की सबसे खास बात इसमें इस्तेमाल की गई आधुनिक तकनीक है. यहां लिफ्ट के ऊपर शटल और रोबोटिक डिवाइस लगाए गए हैं. एंटर कमांड मिलने के बाद शटल और रोबोट अपनी निर्धारित दिशा में मूवमेंट करते हैं. रोबोट कार को नीचे से उठाकर शटल पर रखता है. इसके बाद शटल और रोबोट मिलकर लिफ्ट के जरिए कार को संबंधित फ्लोर तक पहुंचाते हैं. यहां लगे सॉफ्टवेयर की मदद से आसपास मौजूद खाली पार्किंग स्लॉट की पहचान की जाती है और कार को उसी स्थान पर सुरक्षित तरीके से पार्क कर दिया जाता है. इस पूरी प्रक्रिया में अलग-अलग डिवाइस आपस में सिंक्रोनाइज होकर काम करते हैं.
कार वापस लेने के लिए भी दिखाना होगा वही कार्ड
अगर किसी व्यक्ति को अपनी कार वापस लेनी है तो उसे पार्किंग के एग्जिट पॉइंट पर जाना होगा. यहां लगे रीडर पर वही आरएफआईडी कार्ड दिखाना होगा, जिससे गाड़ी की एंट्री हुई थी. सिस्टम कार्ड की पहचान करते ही संबंधित वाहन को ढूंढकर बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर देता है. इसके बाद लिफ्ट, शटल और रोबोट की मदद से कार एग्जिट स्टॉल तक पहुंचाई जाती है. वहां से चालक अपनी कार लेकर आसानी से बाहर निकल सकता है. यानी वाहन चालक को यह याद रखने की भी जरूरत नहीं है कि उसकी कार किस फ्लोर या किस स्लॉट में खड़ी है. जरूरत पड़ने पर स्क्रीन पर वाहन से जुड़ी जानकारी भी देखी जा सकती है.
एक ट्रेंड ऑपरेटर संभाल सकता है पूरा सिस्टम
इस पूरी पार्किंग व्यवस्था का संचालन एक कंट्रोल पैनल के जरिए होता है. इसमें अलग-अलग पीएलसी और डिवाइस लगाए गए हैं, जो एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करते हैं. एक्सपर्ट शांतनु बनर्जी के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटेड है और इसे संचालित करने के लिए एक प्रशिक्षित ऑपरेटर पर्याप्त है. सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से यहां ऑपरेटर की व्यवस्था रखी जाती है, लेकिन पार्किंग की अधिकांश प्रक्रिया मशीनों और सॉफ्टवेयर के जरिए अपने आप पूरी होती है.
पार्किंग शुल्क और समय को लेकर निगम करेगा फैसला
पार्किंग में वाहन कितनी देर तक खड़ा किया जा सकता है और इसके लिए कितना शुल्क लिया जाएगा, यह नगर निगम के नियमों पर निर्भर करेगा. एक्सपर्ट ने बताया कि अलग-अलग शहरों में इस तरह की पार्किंग के शुल्क अलग-अलग होते हैं. कहीं प्रति घंटे 50 रुपये तो कहीं 100 रुपये तक शुल्क लिया जाता है. हालांकि बिलासपुर की इस पार्किंग में कितने घंटे या कितने समय के लिए वाहन खड़ा करने की सुविधा होगी और इसके लिए कितना शुल्क निर्धारित किया जाएगा, इस पर अंतिम फैसला नगर निगम को लेना है.
शहर में पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत
बिलासपुर जैसे तेजी से बढ़ते शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में बाजार और व्यस्त इलाकों में पार्किंग की समस्या भी देखने को मिलती है. पुराने बस स्टैंड में बनी यह ऑटोमेटिक मल्टीलेवल पार्किंग शहर के लोगों के लिए एक आधुनिक सुविधा साबित हो सकती है. खासकर इसमें कम जगह में व्यवस्थित तरीके से वाहनों को पार्क करने की तकनीक इस्तेमाल की गई है. अब लोगों को इसका नियमित संचालन शुरू होने और निर्धारित शुल्क की जानकारी मिलने का इंतजार है.