चमड़े के छोटे हाथी से लेकर बड़े ऊंट तक, ₹300 से शुरू है कीमत; दिल्ली ट्रेड फेयर में छाया गुजरात का हुनर

चमड़े के छोटे हाथी से लेकर बड़े ऊंट तक, ₹300 से शुरू है कीमत; दिल्ली ट्रेड फेयर में छाया गुजरात का हुनर


Delhi Trade Fair Gujarat Toys: दिल्ली के ट्रेड फेयर में आपने चमड़े के बैग, बेल्ट और जूते तो खूब देखे होंगे, लेकिन क्या कभी चमड़े से बने हाथी, घोड़े, ऊंट और गाय जैसे खिलौने देखे हैं अगर नहीं, तो इस बार ट्रेड फेयर में गुजरात के कारीगरों का यह हुनर आपको हैरान कर सकता है. यहां चमड़े से बने ये खिलौने लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.खास बात यह है कि इन्हें बनाने में सिर्फ चमड़े का ही नहीं, बल्कि कागज, तार और घास का भी इस्तेमाल किया जाता है.

तार और कागज से तैयार होता है खिलौने का ढांचा
गुजरात से आए कैलाशभाई मंगलाल मोची बताते हैं कि इन खिलौनों को तैयार करने की प्रक्रिया काफी अलग है. सबसे पहले तार की मदद से खिलौने का ढांचा बनाया जाता है. इसके बाद कागज और घास की मदद से उसे आकार दिया जाता है. जब खिलौने का पूरा आकार तैयार हो जाता है, तब उसके ऊपर चमड़े की परत चढ़ाई जाती है. आखिर में इसे रंग देकर खूबसूरत रूप दिया जाता है. रंग भरने के लिए स्प्रे गन मशीन का इस्तेमाल किया जाता है.

हाथी, घोड़े और ऊंट की सबसे ज्यादा मांग
कारीगरों के स्टॉल पर हाथी, घोड़े, ऊंट, बैल और गाय जैसे कई जानवरों के खिलौने देखने को मिल रहे हैं. कैलाशभाई बताते हैं कि वे वही डिजाइन ज्यादा तैयार करते हैं, जिनकी बाजार में मांग रहती है. फिलहाल हाथी और घोड़े के खिलौनों की मांग सबसे ज्यादा है. इनका आकार भी अलग-अलग होता है. छोटे खिलौनों से लेकर बड़े आकार के जानवर तक यहां मिल जाते हैं.

300 से शुरू होकर ₹30 हजार तक कीमत
इन खिलौनों की कीमत इनके आकार और डिजाइन के हिसाब से तय होती है. छोटे खिलौनों की शुरुआत करीब 300 रुपये से होती है, जबकि बड़े और खास डिजाइन वाले खिलौनों की कीमत 25 से 30 हजार रुपये तक पहुंच जाती है. कैलाशभाई बताते हैं कि एक बड़ी गाय का खिलौना 11 हजार रुपये में भी बिक चुका है. फिलहाल उनके पास करीब 2500 रुपये की गाय भी उपलब्ध है.

20-25 लोगों का परिवार मिलकर संभालता है काम
यह काम सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है. गुजरात में उनका अपना लेदर क्लस्टर है, जहां करीब 20 से 25 लोग मिलकर इन खिलौनों को तैयार करते हैं. खिलौनों का उत्पादन किसी तय संख्या में नहीं होता, बल्कि ग्राहकों की मांग के हिसाब से इन्हें बनाया जाता है. इसके अलावा वे ऑनलाइन भी अपने उत्पाद बेचते हैं.

1999 से ट्रेड फेयर का हिस्सा हैं कैलाशभाई
कैलाशभाई बताते हैं कि वह साल 1999 से सरस मेले और ट्रेड फेयर जैसे आयोजनों में हिस्सा लेते आ रहे हैं. इतने सालों में उन्होंने बिक्री और लोगों की पसंद में काफी बदलाव देखा है. उनके मुताबिक, पहले के मुकाबले अब बिक्री बेहतर हो रही है और लोगों की तरफ से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. उनके लिए यह सिर्फ खिलौने बेचने का काम नहीं, बल्कि गुजरात की पारंपरिक कारीगरी को लोगों तक पहुंचाने का एक जरिया भी है.9



Source link