Last Updated:
Simone Ashley In Earthshot Prize 2026 : अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स 2026 में हॉलीवुड एक्ट्रेस सिमोन एश्ले ने अपने पारंपरिक और रॉयल तमिल लुक से सभी का दिल जीत लिया. मनीष मल्होत्रा और स्वदेश के इस शानदार आउटफिट को तैयार करने में कारीगरों को करीब 750 घंटे की कड़ी मेहनत लगी है. शुद्ध मलबरी सिल्क, सोने की जरी और कुंदन-पोल्की के खूबसूरत काम से सजी यह ड्रेस भारतीय हथकरघा और मॉडर्न फैशन का एक बेहतरीन संगम है.
Simone Ashley In Manish Malhotra Outfit: अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स 2026 (Earthshot Prize Awards 2026) का आयोजन इस बार मुंबई में हुआ, जहां दुनिया भर के जाने-माने सितारे शामिल हुए. इस भव्य इवेंट में अपनी खूबसूरती और अंदाज से सबसे ज्यादा ध्यान खींचा हॉलीवुड और मशहूर सीरीज ‘ब्रिजर्टन’ की एक्ट्रेस सिमोन एश्ले ने. सिमोन ने इस खास मौके पर किसी विदेशी गाउन को चुनने के बजाय अपनी तमिल जड़ों और भारतीय संस्कृति को चुना. उनका यह लुक इस बात की एक खूबसूरत मिसाल बन गया कि कैसे जब आधुनिक फैशन और पारंपरिक भारतीय कला आपस में मिलते हैं, तो एक जादुई क्रिएशन तैयार होती है.(Image : Instagram-Swadesh Online)
सिमोन का यह शाही और शानदार लुक मनीष मल्होत्रा के लेबल ‘मनीष मल्होत्रा वर्ल्ड’ और रिलायंस फाउंडेशन की पहल ‘स्वदेश’ के कोलेबोरेशन का नतीजा है. इस आउटफिट का सबसे मजबूत और मुख्य हिस्सा इसकी पारंपरिक कांजीवरम वीविंग है, जिसे शुद्ध मलबरी सिल्क और सोने की जरी के टिश्यू से तैयार किया गया है. इस पूरी बुनाई के काम को स्वदेश के मास्टर वीवर (बुनकर) राजेश शा ने अपने हाथों से लगभग 700 से 750 घंटों की लगातार मेहनत के बाद पूरा किया है. यानी इस एक लिबास को तैयार करने में करीब 31 दिनों की कड़ी मेहनत लगी है.(Image : Instagram-Swadesh Online)
इस ड्रेस की बॉर्डर पर दिए गए ‘रेक्कु’ (Rekku) मोटिफ्स इस आउटफिट को और भी खास बनाते हैं. इन डिज़ाइनों की प्रेरणा दक्षिण भारत के प्राचीन मंदिरों की भव्य वास्तुकला से ली गई है, जो सिमोन एश्ले के तमिल वंश और उनकी सांस्कृतिक जड़ों से उनके गहरे जुड़ाव को साफ तौर पर दर्शाती है. सिर्फ बुनाई ही नहीं, बल्कि इस पोशाक में किया गया जरदोजी का काम किसी बेहतरीन और एंटीक ज्वैलरी की तरह चमक रहा है, जो देखने वाले का मन मोह लेता है.(Image : Instagram-Swadesh Online)
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस जरदोजी एम्ब्रॉयडरी के डिजाइन भारत की विंटेज कुंदन और पोल्की ज्वैलरी परंपरा के उन क्लासिक फ्लोरल पैटर्न्स से प्रेरित हैं, जो राजघरानों की शान हुआ करते थे. इन जटिल नक्काशी और कढ़ाई के काम को और ज्यादा खूबसूरत बनाने के लिए इसमें पन्ना (emerald), रूबी, टूमलाइन और एमिथिस्ट जैसे चमकीले और कीमती रत्नों के रंगों वाले स्टोंस का इस्तेमाल किया गया है. यह कारीगरी इस बात का सबूत है कि भारतीय हस्तकला किस हद तक कलात्मक और बेमिसाल हो सकती है.(Image : Instagram-Swadesh Online)
इस आउटफिट का सिग्नेचर एमएम (MM) बोडिस इस पूरे लुक को एक अलग ही स्टेटमेंट देता है, जिसमें मनीष मल्होत्रा की पारंपरिक और मॉडर्न डिजाइन लैंग्वेज साफ झलकती है. इस ड्रेस के पिछले हिस्से में यानी बैक पर दिया गया काउल एक अलग ही डायमेंशन जोड़ता है, जिसमें कुंदन के एलिमेंट्स के साथ जुड़ी हुई लेयर्ड ज्वैल्ड स्ट्रिंग्स इसे एक बेहतरीन और हाई-एंड कॉउचर डिटेल देती हैं. इसके साथ जोड़ा गया बनारसी टिश्यू ड्रेप इस पहनावे को कंप्लीट और बेहद आलीशान रूप देता है.(Image : Instagram-Swadesh Online)
यह पूरा पहनावा एक तरफ जहां स्वदेश के उन अनुभवी मास्टर बुनकरों के हुनर का सम्मान करता है, जो पीढ़ियों से इस कला को जीवित रखे हुए हैं, तो वहीं दूसरी तरफ यह मनीष मल्होत्रा की अनूठी कॉउचर सेंसिबिलिटी को भी बखूबी बयां करता है. सिमोन एश्ले ने मुंबई के इस ग्लोबल मंच पर इस देशी और पारंपरिक पहनावे को पहनकर यह साबित कर दिया कि भारतीय हथकरघा और मॉडर्न फैशन का यह मेल ग्लोबल स्टेज पर कितना ताकतवर और गर्व महसूस कराने वाला है.(Image : Instagram-Swadesh Online)