Last Updated:
Maatrubhumi First Review: सलमान खान एक बार फिर अपने दमदार किरदार से दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में हैं. इस बार वह पर्दे पर किसी रोमांटिक हीरो या मसाला एक्शन स्टार के रूप में नहीं, बल्कि एक सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे. उनकी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर रिलीज से पहले ही चर्चा तेज हो गई है. फिल्म देखने वाले कुछ खास मेहमानों ने सलमान की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की है.
‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर को रिलीज हो रही है.
नई दिल्ली. सलमान खान की फिल्मों का इंतजार उनके फैंस को हमेशा रहता है. खासकर जब वह एक्शन के साथ इमोशन का तड़का लगाते हैंतो दर्शकों को उनका अलग अंदाज देखने को मिलता है. अब उनकी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है. फिल्म रिलीज होने से पहले ही इंडस्ट्री के कुछ खास लोगों ने इसे देख लिया है. बताया जा रहा है कि फिल्म में सलमान की एक्टिंग ने उन्हें काफी प्रभावित किया है. कुछ लोगों को उनका यह अंदाज उनकी पुरानी फिल्मों ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ की याद दिला गया.
DNA की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में फिल्म की एक प्राइवेट स्क्रीनिंग रखी गई थी. इसमें सलमान के करीबी दोस्त और फिल्ममेकर कबीर खान, सूरज बड़जात्या और सुभाष घई शामिल हुए. इनके अलावा रितेश देशमुख और प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर ने भी फिल्म देखी.
रफ कट देखकर ही मिली तारीफ
यह फिल्म का वर्क-इन-प्रोग्रेस यानी रफ कट था. इसका मतलब है कि फिल्म पर अभी कुछ काम बाकी है. इसके बावजूद स्क्रीनिंग में मौजूद लोगों को सलमान की परफॉर्मेंस पसंद आई. फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सलमान ने अपने किरदार में जबरदस्त इंटेंसिटी और इमोशनल गहराई दिखाई है. रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि सलमान ने ‘बजरंगी भाईजान’ और ‘सुल्तान’ जैसी फिल्मों में जिस तरह अपनी एक्टिंग से दर्शकों को प्रभावित किया था, वैसा ही दम इस बार भी देखने को मिलेगा. उनका स्क्रीन प्रेजेंस और किरदार के प्रति गंभीरता फिल्म की बड़ी ताकत बताई जा रही है.
क्या है ‘मातृभूमि’ की कहानी?
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ एक वॉर ड्रामा फिल्म है. इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है. फिल्म की कहानी जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए संघर्ष पर आधारित है. यह पूर्वी लद्दाख का वह इलाका है, जहां दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. फिल्म में सलमान खान कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं. वह उस संघर्ष के दौरान भारतीय सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे. फिल्म में सिर्फ युद्ध और एक्शन नहीं, बल्कि सैनिकों की जिंदगी, उनके परिवारों और उनके बलिदान को भी दिखाया जाएगा.
‘बैटल ऑफ गलवान’ से बदला फिल्म का नाम
दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था. हालांकि, 16 मार्च 2026 को मेकर्स ने इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया. फिल्म के नाम के साथ इसकी कहानी का भाव भी सामने आता है. यह फिल्म सीमा पर तैनात सैनिकों की मुश्किलों और उनके परिवारों के संघर्ष को दिखाने वाली है.
4 दिसंबर को ‘ईथा’ से होगी टक्कर
सलमान खान की यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके साथ ही बॉक्स ऑफिस पर श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से इसका मुकाबला होगा.