वैष्णो देवी की यात्रा नहीं कर पा रहे तो दिल्ली में ही ले सकते हैं प्रसाद
Last Updated:
Mata Vaishno Devi Prasad In Delhi Fair: दिल्ली के IITF में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का स्टॉल लगा है. वे भक्त जो किसी कारण से माता के दरबार नहीं जा सकते वो यहां आकर प्रसाद और और 16 श्रृंगार का सामान खरीद सकते हैं. प्रसाद 100 रुपये से शुरू है और कई वैरायटी मिल रही हैं.
दिल्ली. अगर आप दिल्ली में रहते हैं और माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जम्मू नहीं जा पा रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. अब माता का प्रसाद लेने के लिए आपको वैष्णो देवी भवन तक जाने की जरूरत नहीं है. दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में ही आपको माता का प्रसाद और उनके श्रृंगार से जुड़ा सामान मिल जाएगा. यहां श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से एक खास स्टॉल लगाया गया है, जहां भक्त माता के लिए चढ़ावे का सामान भी खरीद सकते हैं.
वैष्णो देवी नहीं जा सकते, उनके लिए खास पहल
इस स्टॉल को लगाने का मुख्य उद्देश्य उन भक्तों तक माता का प्रसाद पहुंचाना है, जो किसी वजह से वैष्णो देवी की यात्रा नहीं कर पाते. खासकर बुजुर्ग, चलने-फिरने में परेशानी महसूस करने वाले या किसी दूसरी वजह से यात्रा नहीं कर सकने वाले लोग यहां आकर माता का प्रसाद ले सकते हैं. श्राइन बोर्ड की ओर से भक्तों को माता के दरबार में चढ़ाई जाने वाली चीजें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
माता के 16 श्रृंगार का सामान भी मिलेगा
स्टॉल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि माता का दिन में दो बार 16 श्रृंगार किया जाता है. इस दौरान जिन चीजों का इस्तेमाल होता है, उन्हें भी यहां लाया गया है. इसमें माता की चुनरी, श्रृंगार चोला, दुपट्टा और साड़ी जैसी चीजें शामिल हैं. भक्त अपनी श्रद्धा और जरूरत के हिसाब से इन चीजों को खरीद सकते हैं.
100 रुपये से शुरू है माता का प्रसाद
अगर कीमत की बात करें तो यहां हर बजट के हिसाब से सामान रखा गया है. माता की साड़ी 600 और 800 रुपये में उपलब्ध है. वहीं, माता का प्रसाद 100, 300, 500 और 2100 रुपये तक के पैकेट में मिल रहा है. हर पैकेट में अलग-अलग चीजें रखी गई हैं. शुरुआती पैकेट में भी प्रसाद उपलब्ध है, जबकि बड़े पैकेट में ड्राई फ्रूट्स समेत दूसरी चीजें शामिल हैं. इसके अलावा स्टॉल पर सोने और चांदी के सिक्के भी उपलब्ध हैं. हालांकि, इन्हें तुरंत देने के बजाय तैयार करने में करीब 10 से 15 मिनट का समय लग सकता है.
कहां लगा है यह स्टॉल
अगर आप भी माता वैष्णो देवी का प्रसाद लेना चाहते हैं, तो दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंच सकते हैं. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का यह स्टॉल हॉल नंबर 7A में स्टॉल नंबर 2 पर लगाया गया है. यहां आकर आप माता का प्रसाद लेने के साथ ही उनके श्रृंगार से जुड़ा सामान भी खरीद सकते हैं.