हांगकांग सुपर 500: चार गेम प्वाइंट बचाए, 68 मिनट तक लड़े… सात्विक-चिराग ने ऐसे पलटी बाजी

हांगकांग सुपर 500: चार गेम प्वाइंट बचाए, 68 मिनट तक लड़े… सात्विक-चिराग ने ऐसे पलटी बाजी


कोवलून: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी ने हांगकांग सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां चीनी ताइपे के जे-हुई ली और पो-हुआन यांग के खिलाफ रोमांचक जीत से अपने अभियान का आगाज किया.

पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और दूसरा गेम जीतकर मुकाबले में बराबरी की. सात्विक-चिराग ने निर्णायक गेम में चार गेम प्वाइंट बचाते हुए 68 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 15-21, 21-17, 28-26 से जीत दर्ज की.

इससे पहले ध्रुव कपिला और राधिका शर्मा की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने हांगकांग की यिंग किट चेंग और युएट यी लियुंग को केवल 36 मिनट में 21-17 21-17 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की की.

इस भारतीय जोड़ी के सामने अब चौथी वरीयता प्राप्त चीन के गुओ शिन वा और चेन फांग हुई की चुनौती होगी. सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी इस मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ 7-0 के शानदार रिकॉर्ड के साथ उतरी थी.

इस सत्र में दो खिताब जीत चुकी भारतीय जोड़ी को हालांकि कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला.

पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढ़त बना ली थी, लेकिन चीनी ताइपे के खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए 15-15 के स्कोर के बाद लगातार अंक जुटाए और 21-15 से गेम जीत लिया.

दूसरे गेम में भी ली और यांग ने 6-3 की बढ़त के साथ अच्छी शुरुआत की. सात्विक और चिराग ने इसके बाद लगातार तीन अंक लेकर स्कोर बराबर कर दिया, इसके बाद दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर 11-11 हो गया. भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद 16-11 की बढ़त बनाई, लेकिन प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने वापसी करते हुए अंतर 18-16 कर दिया.

भारतीय जोड़ी ने दबाव में धैर्य बनाए रखा और 21-17 से गेम जीतकर मुकाबले में बराबरी कर ली. निर्णायक गेम में दोनों जोड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी. कोई भी जोड़ी बड़ी बढ़त बनाने में सफल नहीं रही. ली और यांग ने 6-3 की बढ़त जरूर बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले में वापसी की.

सात्विक और चिराग को दो मैच प्वाइंट मिले, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके, इसके बाद भी उन्हें जीत के मौके मिले, लेकिन वे सफल नहीं हुए. चीनी ताइपे की जोड़ी को भी मैच प्वाइंट मिले, लेकिन वह भी इसका फायदा नहीं उठा सकी.

चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने आखिरकार सर्विस रिटर्न पर नेट पर शॉट मारने की गलती की, जिससे सात्विक और चिराग ने 28-26 से निर्णायक गेम जीतकर रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया.



Source link