यूपी चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के नए आंकड़ों ने किस दल को बेचैन कर दिया है? चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 13.58 करोड़ वोटर हो गए हैं. अप्रैल में जारी अंतिम SIR सूची के मुकाबले करीब सात महीने में 18.84 लाख मतदाता बढ़े हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा हुआ है. ऐसे में सवाल है कि महिला वोटरों की बढ़ती भागीदारी से किस पार्टी को फायदा हो सकता है और किसके चुनावी समीकरण पर असर पड़ सकता है? क्यों अखिलेश यादव ने अफसरों को चेतावनी दी है. क्या महिला वोटर्स यूपी चुनाव 2027 में बड़ा खेल खेलेंगे?
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से 17 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं. इनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं. 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम SIR सूची में कुल 13,39,84,792 मतदाता थे. यानी सात महीने में 18,84,113 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है.
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले तमाम राजनीतिक दलों का फोकस युवा वोटरों की तरफ बढ़ता जा रहा है.
यूपी चुनाव 2027 में महिला वोट क्या निर्णायक होंगे?
इसमें सबसे बड़ा बदलाव महिला मतदाताओं की संख्या में देखने को मिला है. सात महीने में 10,96,828 महिला मतदाता बढ़ीं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 का इजाफा हुआ. वहीं थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई. महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रति 1000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या 834 से बढ़कर 840 हो गई है. यानी मतदाता सूची में महिलाओं का अनुपात बेहतर हुआ है.
महिला वोटरों का बढ़ना किसके लिए चुनौती?
यूपी की राजनीति में महिला मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती गई है. बीजेपी महिला लाभार्थियों, उज्ज्वला योजना, आवास, राशन और सुरक्षा के मुद्दे पर महिला वोटरों तक अपनी पहुंच बनाने का प्रयास करती रही है. वहीं समाजवादी पार्टी भी महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा के वादों के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहती है. ऐसे में महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों से ज्यादा बढ़ोतरी दोनों प्रमुख दलों के लिए महत्वपूर्ण है.
वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं नाम. (एआई तस्वीर)
महिला मतदाताओं के बीच अपनी उपलब्धियां गिनाने की लगेगी होड़
योगी सरकार की योजनाओं और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पार्टी महिला मतदाताओं के बीच अपनी उपलब्धियां गिनाना चाहेगी. वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के सामने महिला वोटरों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने और बीजेपी के लाभार्थी समीकरण को चुनौती देने का अवसर होगा. हालांकि, केवल मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या बढ़ने से यह तय नहीं होता कि उनका झुकाव किसी खास पार्टी की तरफ है. इसके लिए मतदान प्रतिशत और चुनावी नतीजों का इंतजार करना होगा. नए आंकड़ों में एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है. 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या अप्रैल में 17,63,360 थी, जो नवंबर की ड्राफ्ट सूची में घटकर 11,83,352 रह गई है. यानी इस आयु वर्ग में 5,80,008 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई.
2027 से पहले वोटर लिस्ट पर एक और मौका
इसका एक कारण यह है कि अप्रैल में इस आयु वर्ग में शामिल कई युवा नवंबर तक 19 वर्ष से अधिक उम्र के हो चुके हैं और अब दूसरे आयु वर्ग में चले गए हैं. इसके अलावा मतदाता सूची में सुधार और नए पंजीकरण की प्रक्रिया भी चल रही है. चुनाव आयोग ने युवाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अभियान चलाने की बात कही है.
यूपी चुनाव 2027 से सपा, बसपा और बीजेपी में आपाधापी शुरू हो गई है.
2.58 करोड़ संभावित मतदाताओं का अंतर भी बड़ा सवाल
वोटरों की संख्या में 18.84 लाख का इजाफा होने के बावजूद एक बड़ा अंतर सामने आया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र की अनुमानित आबादी करीब 16.16 करोड़ है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 13.58 करोड़ नाम हैं. यानी करीब 2.58 करोड़ का अंतर है. इसका मतलब यह नहीं है कि ये सभी लोग मतदाता सूची से बाहर किए गए हैं. अनुमानित वयस्क आबादी और पंजीकृत मतदाताओं के आंकड़ों में अंतर के कई कारण हो सकते हैं. लेकिन चुनाव आयोग के सामने पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने की चुनौती जरूर है.
चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया है. नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है. दावों और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर है. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.