Banswara News: विधायक कैलाश मीणा को दोहरा झटका, गृह पंचायत में बेटा हारा; रिश्तेदार भी नहीं जीत पाए चुनाव

Banswara News: विधायक कैलाश मीणा को दोहरा झटका, गृह पंचायत में बेटा हारा; रिश्तेदार भी नहीं जीत पाए चुनाव


Last Updated:

Banswara Panchayat Chunav 2026: बांसवाड़ा में भाजपा विधायक कैलाश मीणा को पंचायत चुनाव में दोहरा झटका लगा है. उनकी गृह पंचायत बोरी में बेटा जनित कुमार 238 वोटों से हार गया. वहीं मोर पंचायत में उनके रिश्तेदार भी चुनाव हार गए. गढ़ी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कैलाश मीणा लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. उनका पैतृक गांव चंदनपुरा बोरी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है. इसी वजह से बोरी को उनकी गृह पंचायत भी माना जाता है. विधायक ने इस पंचायत में सरपंच पद के लिए अपने बेटे जनित कुमार को चुनाव मैदान में उतारा था.

ख़बरें फटाफट

Zoom

विधायक कैलाश मीणा को दोहरा झटका

बांसवाड़ा. राजस्थान के बांसवाड़ा में पंचायत चुनाव के नतीजों ने गढ़ी से भाजपा विधायक कैलाश मीणा को बड़ा झटका दिया है. लगातार दूसरी बार विधायक बने कैलाश मीणा अपने ही घर की पंचायत में बेटे को सरपंच नहीं बनवा पाए. बोरी ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ रहे उनके बेटे जनित कुमार को हार का सामना करना पड़ा. यहां राजेंद्र कुमार ने उन्हें 238 वोटों से हरा दिया. इतना ही नहीं, विधानसभा क्षेत्र की मोर ग्राम पंचायत में विधायक के जिस रिश्तेदार के समर्थन को लेकर चुनाव से पहले एक ऑडियो वायरल हुआ था, वह भी चुनाव नहीं जीत सके.

एक ही चुनाव में विधायक के बेटे और रिश्तेदार की हार ने इलाके में राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है. खास बात यह है कि बोरी विधायक कैलाश मीणा की अपनी गृह पंचायत है. ऐसे में यहां बेटे की हार को उनके लिए बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है.

अपनी ही पंचायत में बेटे को नहीं जिता पाए विधायक
गढ़ी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कैलाश मीणा लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. उनका पैतृक गांव चंदनपुरा बोरी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है. इसी वजह से बोरी को उनकी गृह पंचायत भी माना जाता है. विधायक ने इस पंचायत में सरपंच पद के लिए अपने बेटे जनित कुमार को चुनाव मैदान में उतारा था. परिवार और राजनीतिक पकड़ के लिहाज से यह चुनाव उनके लिए अहम माना जा रहा था. लेकिन मतगणना के बाद जो नतीजे आए, वे विधायक के पक्ष में नहीं रहे. बोरी ग्राम पंचायत से राजेंद्र कुमार ने जनित कुमार को 238 वोटों के अंतर से हरा दिया. इस तरह विधायक के बेटे को अपनी ही पंचायत में हार का सामना करना पड़ा. लगातार दो बार विधायक बनने के बाद भी अपने गृह क्षेत्र में बेटे की जीत तय नहीं कर पाना अब चर्चा का विषय बना हुआ है.

वायरल ऑडियो में रिश्तेदार के समर्थन की बात आई थी सामने
विधायक कैलाश मीणा को दूसरा झटका मोर ग्राम पंचायत से लगा. यहां भी उनके एक रिश्तेदार सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली. चुनाव से ठीक तीन दिन पहले इस पंचायत को लेकर एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. बताया गया था कि यह ऑडियो विधायक कैलाश मीणा और भाजपा के मंडल महामंत्री के बीच हुई बातचीत का था. इसमें दोनों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज सुनाई देने का दावा किया गया था. वायरल ऑडियो को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा हुई थी. ऑडियो में विधायक कथित तौर पर मंडल महामंत्री पर अपने एक रिश्तेदार को सरपंच चुनाव में समर्थन देने का दबाव बना रहे थे. यह रिश्तेदार मोर ग्राम पंचायत से चुनाव लड़ रहे थे. अब चुनाव परिणाम आने के बाद सामने आया कि विधायक के इस रिश्तेदार को भी हार का सामना करना पड़ा है.

आसन पंचायत में बराबर वोट, लॉटरी से हुआ फैसला
बांसवाड़ा जिले की एक दूसरी ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव का नतीजा काफी दिलचस्प रहा. सरेड़ी बड़ी पंचायत समिति की आसन ग्राम पंचायत में दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला इतना करीबी रहा कि मतगणना के बाद दोनों को बराबर वोट मिले. यहां रामचंद्र कलासुआ और कचरा के बीच सरपंच पद के लिए मुकाबला था. मतगणना पूरी हुई तो दोनों उम्मीदवारों को 638-638 वोट मिले. यानी दोनों के बीच एक भी वोट का अंतर नहीं रहा. बराबर वोट मिलने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने नियमानुसार लॉटरी के जरिए नतीजा तय किया. इसमें रामचंद्र कलासुआ की किस्मत ने साथ दिया और उन्हें विजेता घोषित कर दिया गया.

पंचायत चुनाव के नतीजों ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा
बांसवाड़ा के इन नतीजों में तीन बातें खास रहीं. गढ़ी विधायक कैलाश मीणा के बेटे जनित कुमार को उनकी गृह पंचायत बोरी में हार मिली. मोर पंचायत में वायरल ऑडियो से चर्चा में आए विधायक के रिश्तेदार भी चुनाव नहीं जीत सके. वहीं आसन पंचायत में बराबर वोट मिलने के बाद लॉटरी से सरपंच का फैसला हुआ. इन नतीजों के बाद गढ़ी विधानसभा क्षेत्र में विधायक कैलाश मीणा की राजनीतिक पकड़ को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि पंचायत चुनाव के नतीजों को सीधे विधानसभा की राजनीति से जोड़कर देखना अलग बात है, लेकिन अपने ही क्षेत्र में बेटे और रिश्तेदार की हार ने विधायक को जरूर चर्चा में ला दिया है.



Source link