‘राजीव की गोद में सोनिया’ वाले बयान पर बीजेपी ने घेरा तो राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की तस्वीर से दिया जवाब

‘राजीव की गोद में सोनिया’ वाले बयान पर बीजेपी ने घेरा तो राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की तस्वीर से दिया जवाब


कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते पर दिए बयान को लेकर बीजेपी की आलोचना का जवाब दिया है. राहुल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर शेयर करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि डर, गुस्से और नफरत ने उनके दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जिसकी वजह से वे प्यार को महसूस करने और उसे जाहिर करने में असमर्थ हैं.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत का ऐसा जाल बन गया है, जो उन्हें प्रेम के अनुभव और अभिव्यक्ति से रोकता है. उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की खूबसूरती और आनंद को महसूस कर सकें.

राहुल ने अपनी पोस्ट का अंत ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के शब्दों के साथ किया. उनकी इस पोस्ट को माता-पिता के रिश्ते पर दिए गए बयान को लेकर बीजेपी नेताओं की आलोचना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.

माता-पिता के रिश्ते पर राहुल के बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, राहुल गांधी ने सोमवार शाम दिल्ली में अपनी मां सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन के दौरान परिवार से जुड़ी कुछ निजी यादें साझा की थी. उन्होंने बताया था कि बचपन में उनके घर में माता-पिता के बीच काफी प्यार और अपनापन था.

राहुल ने कहा था कि जब परिवार के लोग साथ बैठकर खाना खाते थे, तो उनके पिता राजीव गांधी मौजूद होते थे और उनकी गोद में मां सोनिया गांधी बैठी होती थीं. राहुल के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था. लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे, तो वहां माता-पिता को इस तरह साथ नहीं देखते थे.

उन्होंने बताया कि वह दोस्तों से पूछते थे कि उनके घर में उनकी मां अपने पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं. राहुल ने कहा कि वह इसी माहौल में बड़े हुए हैं, जहां उन्होंने अपने माता-पिता को एक-दूसरे के प्रति बेहद प्यार और समर्पण रखते देखा.

राहुल ने अपने माता-पिता के रिश्ते को बयां करते हुए कहा था कि उनकी मां उनके पिता की थीं और उनके पिता उनकी मां के थे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सोनिया गांधी से यह भी कहा था कि राजीव गांधी उनसे बहुत प्यार करते थे और उन्हें अपनी पत्नी पर कितना गर्व होता, इसे शब्दों में बताना मुश्किल है.

हिमंत बिस्वा सरमा ने साधा था निशाना

राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर राहुल का वीडियो साझा करते हुए उन पर तंज कसा था. उन्होंने लिखा था, ‘सॉरी मैम, वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके.’

सरमा ने आगे कहा था कि देश को यह बात काफी पहले समझ आ गई थी और उम्मीद है कि अब सोनिया गांधी भी इसे समझ पाएंगी. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ऐसा ‘प्रोडक्ट’ बताया, जिसे बार-बार लॉन्च और री-लॉन्च करने से भी फायदा नहीं होने वाला.

बीजेपी की इसी आलोचना के बाद राहुल गांधी ने भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर के साथ प्रेम, नफरत और अपनेपन पर अपनी बात रखी. इस तरह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में साझा की गई एक पारिवारिक याद ने राजनीतिक बयानबाजी का रूप ले लिया है.



Source link