Last Updated:
Udaipur Bollywood Celebrities: झीलों की नगरी उदयपुर में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से हलचल बढ़ गई. अभिनेत्री कैटरीना कैफ, अभिनेता शाहिद कपूर, वाणी कपूर और सिंगर हर्षदीप कौर महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचे. बताया जा रहा है कि सभी सितारे शहर में आयोजित होने वाली शादियों में शामिल होने आए हैं. एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ जुट गई.
शाही डेस्टिनेशन वेडिंग में शामिल होने पहुंची हैं बॉलीवुड हस्तियां
उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर में एक बार फिर फिल्मी सितारों की चकाचौंध और ग्लैमर का नजारा देखने को मिला. बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री कैटरीना कैफ, लोकप्रिय अभिनेता शाहिद कपूर, मशहूर पार्श्व गायिका हर्षदीप कौर और अभिनेत्री वाणी कपूर एक साथ उदयपुर पहुंचे. जैसे ही इन दिग्गज कलाकारों के डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचने की खबर शहर में फैली, अपने चहेते सितारों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का हुजूम एयरपोर्ट परिसर के बाहर उमड़ पड़ा.
एयरपोर्ट पर इन फिल्मी हस्तियों के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रशंसकों की भीड़ और उनके उत्साह को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी सितारों को सुरक्षित उनके वाहनों तक पहुंचाया.
शाही डेस्टिनेशन वेडिंग में शामिल होने पहुंची हैं बॉलीवुड हस्तियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड की ये तमाम चर्चित हस्तियां उदयपुर में आयोजित होने जा रही भव्य शाही शादियों में शिरकत करने और अपनी प्रस्तुतियां देने के लिए पहुंची हैं. डबोक एयरपोर्ट पर उतरते ही प्रसिद्ध इवेंट प्लानर अनीस जैन ने अपनी पूरी टीम के साथ इन सभी मेहमानों और बॉलीवुड सितारों का राजस्थानी परंपरा और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. स्वागत की औपचारिकताओं के बाद सभी कलाकार कड़े सुरक्षा घेरे के बीच अपने-अपने लग्जरी होटलों और रिजॉर्ट्स के लिए रवाना हो गए. सितारों की सादगी और उनके स्टाइलिश अंदाज ने एयरपोर्ट पर मौजूद हर व्यक्ति का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया.
सोशल मीडिया पर छाई सितारों की झलक
उदयपुर की धरती पर एक साथ इतने बड़े सितारों के पहुंचने की खबर ने स्थानीय युवाओं और सिने प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है. एयरपोर्ट के बाहर मौजूद प्रशंसकों ने अपने मोबाइल कैमरों में अपने पसंदीदा कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो कैद किए, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल होने लगे. अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने भी हाथ हिलाकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे वहां मौजूद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
डेस्टिनेशन वेडिंग का प्रमुख केंद्र बना उदयपुर
अपनी खूबसूरत झीलों, ऐतिहासिक महलों और शाही आतिथि सत्कार के लिए मशहूर उदयपुर शहर देश-दुनिया के अमीरों और सेलिब्रिटीज के लिए ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ का सबसे पसंदीदा ठिकाना बन चुका है. वर्तमान वेडिंग सीजन के दौरान शहर के नामचीन होटलों में कई बड़े शाही विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते एक बार फिर लेकसिटी में बॉलीवुड सितारों की यह मौजूदगी पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है.