Last Updated:
Purnia News : बिहार के पूर्णिया में आईफोन की जिद में एक युवक ऐसा कदम उठा बैठा कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया. दरभंगा का रहने वाला यह युवक मरंगा के मिल्की गांव में मखाना फोड़ी का काम करता है. उसे आईफोन खरीदना था, लेकिन पैसे कम पड़ रहे थे. उसने साहूकार से रुपये मांगे, पर पैसे नहीं मिले. इसके बाद युवक सीधे 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया और ऊपर से हंगामा करने लगा. फिर क्या हुआ जानिए…
बिहार के पूर्णिया में आईफोन की जिद में एक युवक ऐसा कदम उठा बैठा कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
पूर्णिया. फिल्म ‘शोले’ में धर्मेंद्र यानी वीरू को याद कीजिए. बसंती को मनाने के लिए वह पानी की टंकी पर चढ़ गया था. बिहार के पूर्णिया में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, लेकिन यहां मामला प्यार का नहीं, बल्कि आईफोन की जिद का था. एक युवक आईफोन खरीदने के लिए पैसे नहीं मिलने पर सीधे 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया. ऊपर पहुंचकर वह हंगामा करने लगा. यह देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
घटना पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की गांव की है. बताया जाता है कि युवक मूल रूप से दरभंगा का रहने वाला है और पूर्णिया के मरंगा इलाके में मखाना फोड़ी का काम करता है. वह आईफोन खरीदना चाहता था, लेकिन उसके पास इतने पैसे नहीं थे. इसके लिए उसने एक साहूकार से रुपये मांगे. आरोप है कि साहूकार ने उसे पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद युवक ने ऐसा कदम उठाया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
वह गांव के पास स्थित 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया और ऊपर से ही हंगामा करने लगा. युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर लोगों की सांसें अटक गईं. किसी को समझ नहीं आ रहा था कि उसे सुरक्षित नीचे कैसे उतारा जाए.
पुलिस ने पहले कटवाई बिजली, फिर युवक को उतारा
घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश शुरू की. काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ.
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. सबसे पहले बिजली कटवाई गई और फिर काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया. बाद में उसे समझाया-बुझाया गया. फिलहाल युवक ठीक है. आईफोन खरीदने की जिद में युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी. गनीमत रही कि पुलिस ने समय रहते बिजली कटवाई और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया. वरना 33 हजार वोल्ट के टावर पर उसका यह कदम किसी बड़े हादसे में बदल सकता था.