Teaching Kids to Accept Failure : बच्चों को जीतना अच्छा लगता है. चाहे स्कूल में कोई खेल हो, दोस्तों के साथ बोर्ड गेम खेलना हो या फिर घर में भाई-बहन के साथ छोटी-सी प्रतियोगिता, हर बच्चा चाहता है कि जीत उसी की हो. लेकिन जब बाजी उसके हाथ से निकल जाती है, तो कुछ बच्चे रोने लगते हैं, गुस्सा करने लगते हैं या खेल बीच में ही छोड़ देते हैं. कई बार वे हार मानने को तैयार ही नहीं होते. अगर आपका बच्चा भी हार बर्दाश्त नहीं कर पाता, तो परेशान होने के बजाय इसे उसके सीखने का एक मौका समझें.
दरअसल, बचपन में बच्चों के लिए अपनी भावनाओं को संभालना आसान नहीं होता. हारने पर उन्हें निराशा, गुस्सा या शर्मिंदगी महसूस हो सकती है. ऐसे में पेरेंट्स की जिम्मेदारी सिर्फ बच्चे को जीतने के तरीके सिखाना नहीं, बल्कि उसे हार को स्वीकार करना भी सिखाना है. याद रखें, जिंदगी में हर बार जीत मिलना संभव नहीं है. इसलिए बच्चे को छोटी उम्र से ही यह समझाना जरूरी है कि हारना कोई बुरी बात नहीं है.
बच्चों को इस तरह सिखाएं हार जीत का महत्व-
हारने पर बच्चे को डांटें नहीं
अगर बच्चा खेल में हारने के बाद रोने लगता है, तो सबसे पहले उसे डांटने से बचें. ‘इतनी-सी बात पर कौन रोता है’ या ‘तुम्हें तो खेलना ही नहीं आता’ जैसी बातें उसके मन को चोट पहुंचा सकती हैं. इसके बजाय उससे कहें कि हारने पर बुरा लगना स्वाभाविक है. आप भी कभी-कभी किसी काम में सफल नहीं हो पाते. इससे बच्चे को समझ आएगा कि उसकी भावनाएं गलत नहीं हैं और वह उनके बारे में खुलकर बात कर सकता है.
हर बार बच्चे को जीतने न दें
कई पेरेंट्स बच्चों का मन रखने के लिए जानबूझकर उनसे हार जाते हैं. शुरुआत में यह तरीका अच्छा लग सकता है, लेकिन इससे बच्चा हर बार जीतने की उम्मीद करने लगता है. जब उसे दूसरे बच्चों से हार मिलती है, तो वह निराश हो जाता है. इसलिए कभी-कभी बच्चे को खेल में वास्तविक हार का अनुभव भी होने दें. उसे बताएं कि खेल का मजा सिर्फ जीतने में नहीं, बल्कि खेलने और कुछ नया सीखने में भी है.
हार को सीखने का मौका बनाएं
बच्चा हार जाए तो उसे सिर्फ यह न बताएं कि वह कहां गलत था. बल्कि प्यार से पूछें कि अगली बार वह क्या अलग कर सकता है. उदाहरण के लिए, अगर वह क्रिकेट में आउट हो गया या दौड़ में पीछे रह गया, तो उससे पूछें कि अगली बार बेहतर करने के लिए वह क्या तैयारी करना चाहेगा. इससे बच्चा हार को अपनी कमजोरी मानने के बजाय सुधार का मौका समझना सीखेगा.
दूसरों से तुलना करने से बचें
‘देखो, तुम्हारा दोस्त कितना अच्छा खेलता है’ या ‘तुमसे छोटा बच्चा भी जीत गया’ जैसी बातें बच्चे का आत्मविश्वास कम कर सकती हैं. हर बच्चे की अपनी खूबियां और सीखने की रफ्तार होती है. इसलिए उसकी तुलना किसी दूसरे बच्चे से करने के बजाय उसकी पिछली कोशिशों से करें. अगर उसने पहले से बेहतर खेला है, तो उसकी तारीफ जरूर करें. इससे उसे अपनी मेहनत की अहमियत समझ आएगी.
दरअसल, बचपन में बच्चों के लिए अपनी भावनाओं को संभालना आसान नहीं होता.
खुद भी हारकर दिखाएं
बच्चे अपने माता-पिता को देखकर बहुत कुछ सीखते हैं. अगर आप किसी खेल में हारने पर गुस्सा करते हैं या बहस करने लगते हैं, तो बच्चा भी वही व्यवहार अपना सकता है. इसलिए जब आप बच्चे के साथ खेलें और हार जाएं, तो सहजता से कहें, ‘कोई बात नहीं, इस बार तुम जीत गए. अगली बार मैं फिर कोशिश करूंगा.’ इस तरह बच्चा समझेगा कि हारने के बाद भी शांत और खुश रहा जा सकता है.
कोशिश की तारीफ करें, सिर्फ जीत की नहीं
अगर बच्चा किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेता है, तो उसकी तारीफ सिर्फ मेडल या जीत मिलने पर न करें. उसने कितनी मेहनत की, कितनी तैयारी की और मुश्किल आने पर भी कोशिश जारी रखी, इन बातों पर भी उसका हौसला बढ़ाएं. इससे बच्चे को समझ आएगा कि मेहनत और लगन भी सफलता जितनी ही जरूरी हैं. वह अगली बार हारने पर खुद को असफल नहीं मानेगा.
बच्चे को अपनी भावनाएं संभालना सिखाएं
हारने के बाद बच्चा रो रहा है या गुस्से में है, तो उसे तुरंत चुप कराने की कोशिश न करें. पहले उसे थोड़ा समय दें. जब वह शांत हो जाए, तब उससे बात करें. उसे गहरी सांस लेना, थोड़ी देर पानी पीना या कुछ समय के लिए खेल से ब्रेक लेना सिखाएं. धीरे-धीरे वह समझने लगेगा कि निराशा होने पर भी अपने व्यवहार को कैसे संभालना है.
आखिर में एक बात समझना जरूरी है
बच्चे को हार स्वीकार करना सिखाने का मतलब यह नहीं है कि वह जीतने की इच्छा छोड़ दे. बल्कि उसे यह समझाना है कि जीत और हार दोनों खेल का हिस्सा हैं. जिंदगी में कई बार कोशिश करने के बाद भी मनचाहा नतीजा नहीं मिलता. ऐसे में दोबारा उठकर कोशिश करना ही असली हिम्मत है. इसलिए बच्चे को ऐसा बनाएं जो जीतने पर खुश हो, लेकिन हारने पर टूटे नहीं. यही सीख उसे आगे चलकर स्कूल, दोस्ती और जिंदगी की मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने में मदद करेगी.