Ground Report : रेलवे क्रॉसिंग 41C बंद होने से बहराइच की 50 हजार आबादी परेशान, RTI के खुलासों से बढ़ा गुस्सा, लोग बोले- कोई नहीं आना चाहता इधर

Ground Report : रेलवे क्रॉसिंग 41C बंद होने से बहराइच की 50 हजार आबादी परेशान, RTI के खुलासों से बढ़ा गुस्सा, लोग बोले- कोई नहीं आना चाहता इधर


Last Updated:

Ground Report Bahraich : बहराइच शहर में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 41C के अचानक बंद कर दिए जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. यह चांदमारी, बक्शीपुरा, नई बस्ती और आसपास के इलाकों के करीब 50,000 लोगों के लिए मुख्य रास्ता था. इस मुद्दे पर जब सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी गई, तो प्रशासन और रेलवे के रवैये ने सबको चौंका दिया. पहली बार जानकारी दी गई कि इस स्थान पर अंडरपास निर्माण प्रक्रिया में है और स्वीकृत हो चुका है. तीन महीने बाद जब दोबारा आरटीआई डाली गई, तो अधिकारियों ने यूटर्न लेते हुए कह दिया कि यहां अंडरपास बनना तकनीकी रूप से संभव ही नहीं है. ​

​बहराइच. यूपी के बहराइच शहर के चांदमारी, बक्शीपुरा, नई बस्ती और आसपास के इलाकों के करीब 50,000 लोगों की जीवनरेखा माना जाने वाला मुख्य रास्ता रेलवे क्रॉसिंग संख्या 41C के अचानक बंद कर दिए जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इस रास्ते के बंद होने से न सिर्फ आम जनता को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों की राह भी मुश्किल हो गई है. ​स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले यह पूरा रास्ता आवागमन के लिए पूरी तरह खुला हुआ था, लेकिन आमान परिवर्तन के कार्य के दौरान और उसके बाद कथित तौर पर चुपके से रातों-रात यहां एंगल और बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता हमेशा के लिए बंद कर दिया गया. अब आलम यह है कि स्कूली बच्चों को अपनी साइकिलें उठा-उठाकर और महिलाओं को छोटे बच्चों को गोद में और भारी सामान खुद ढोकर इस पार से उस पार जाने को मजबूर होना पड़ रहा है. यहां तक कि रिक्शा-ठेले वाले भी इस रास्ते पर आने से साफ इनकार कर देते हैं.

​आरटीआई के विरोधाभासी जवाबों ने बढ़ाई शंका

​इस मुद्दे पर जब स्थानीय जागरूक नागरिकों की ओर से सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी गई, तो प्रशासन और रेलवे के रवैये ने सबको चौंका दिया. ​आरटीआई के तहत पहली बार जानकारी दी गई कि इस स्थान पर अंडरपास निर्माण प्रक्रिया में है और स्वीकृत हो चुका है. इसकी फिजिबिलिटी दिखाते हुए लगभग 6.21 करोड़ रुपये के बजट आवंटन एलोकेशन का भी जिक्र किया गया. इसके ठीक तीन महीने बाद जब दोबारा आरटीआई डाली गई, तो अधिकारियों ने यूटर्न लेते हुए कह दिया कि यहां अंडरपास बनना तकनीकी रूप से संभव ही नहीं है. ​इसके बाद अगली आरटीआई में यह गाइडलाइन थमा दी गई कि पहले किसी कार्य की स्वीकृति दिखाने के बाद उसे निरस्त किया जा सकता है. इस पत्राचार और विरोधाभास से जनता में भारी रोष और भ्रम है कि आखिर जब इस प्रोजेक्ट के नाम पर राशि स्वीकृत हुई थी, तो उसका क्या हुआ.

 ‘सौतेला व्यवहार क्यों’

​स्थानीय निवासी निकुंज केडिया ने इस समस्या को केवल एक मोहल्ले तक सीमित न बताते हुए पूरे बहराइच शहर की समस्या करार दिया है. लोकल 18 से वे बताते हैं कि झिगहा घाट से दो नक्के के बीच मुख्य मार्ग के बाधित होने से शहर का पूरा ट्रैफिक बेपटरी हो जाता है. बृहस्पतिवार को दरगाह पर लगने वाले नौचंदी मेले के दौरान यहां भीषण जाम की स्थिति बन जाती है. लोगों का कहना है कि जब सुल्तानपुर या करनैलगंज में रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों के पास क्रॉसिंग और ओवरब्रिज सुचारू रूप से खुले हुए हैं, तो बहराइच के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है.

चंदा लगाकर लगवाई लाइट

​इस बंद रास्ते और आसपास के क्षेत्र में रात के समय भारी अंधेरा छाया रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है. स्थानीय निवासियों ने खुद चंदा जुटाकर और नगर पालिका के सहयोग से बिजली के पोल पर लाइट लगवाई हैं ताकि राहगीरों को कुछ राहत मिल सके. इस अवरोध के चलते अब तक यहां चार छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें एक बार पोल पर लाइट लगवाते समय एक बुजुर्ग महिला को चक्कर आने जैसी घटना भी शामिल रही, जिन्हें आसपास के लोगों ने तत्परता से संभाला.

अब एक ही मांग

​मुख्य मार्ग के बंद होने के कारण अब आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसी गाड़ियों और स्कूली वाहनों को 5 से 6 किलोमीटर का लंबा अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है. लोगों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस रेलवे क्रॉसिंग को जल्द से जल्द खोला जाए या एक पर्याप्त चौड़े वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.



Source link