Last Updated:
उत्तर प्रदेश के कुंडा में राजा भैया के यहां होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर विवाद चल रहा है. अखिलेश यादव इसका विरोध कर रहे हैं. यह विरोध एमपी में भी पहुंच चुका है. यदुवंशियों के विरोध की चर्चाओं के बीच सीधी में धीरेंद्र शास्त्री के समर्थक खुलकर सामने आ गए हैं. सीधी के ठाकुर समाज के लोगों ने कथा में शामिल होने की तैयारी की है. वहीं, समर्थकों ने विरोध करने वालों को चुनौती देते हुए कहा है कि कोई भी महाराज जी की कथा नहीं रोक सकता.
धीरेंद्र शास्त्री के सपोर्ट में उतरे सीधी का ठाकुर समाज.
सीधी. बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ विवाद अब मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भी सियासी चर्चा का विषय बन गया है. कुंडा में राजा भैया के यहां आयोजित होने वाली श्रीराम कथा को लेकर विरोध और समर्थन के स्वर तेज हो रहे हैं. इसी बीच सीधी के ठाकुर समाज के लोगों ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में उतरने का ऐलान किया है. बाबा बागेश्वर के समर्थक अनिल ने विरोध करने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि किसी में भी महाराज जी की कथा रोकने का दम नहीं है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश के किसी भी राज्य और दुनिया के किसी भी हिस्से में उनकी कथा नहीं रोकी जा सकती. सनातन समाज एकजुट है और आगे भी एकजुट रहेगा.
समर्थक अनिल ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा धार्मिक आयोजन है और इसे लेकर विरोध करना उचित नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सीधी के लोग भी इस आयोजन के समर्थन में हैं और ठाकुर समाज के लोग कथा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं. सीधी नगर पालिका उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने भी बाबा बागेश्वर के समर्थन में बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर रहे हैं.
अखिलेश यादव को नसीहत
विक्रम सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि बाबा बागेश्वर का विरोध करने में जितनी ताकत और जोर-जुगत लगाई जा रही है, अगर उतनी ही ताकत कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए संघर्ष करने में लगाई जाती, तो शायद आज कृष्ण जन्मभूमि की तस्वीर कुछ और होती.
यूपी से एमपी तक पहुंचा विरोध और समर्थन का मामला
दरअसल, उत्तर प्रदेश के कुंडा में राजा भैया के यहां प्रस्तावित बागेश्वर धाम की श्रीराम कथा को लेकर विरोध और समर्थन की चर्चाएं चल रही हैं. यदुवंशियों की ओर से विरोध की बात सामने आने के बाद मामला धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया है.अब सीधी में भी इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक तरफ विरोध की चर्चाएं हैं, तो दूसरी तरफ बाबा बागेश्वर के समर्थक खुलकर उनके पक्ष में खड़े हो रहे हैं. ऐसे में कुंडा की कथा को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक और सामाजिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.