Last Updated:
Burning in Eye: दिल्ली-एनसीआर में भयंकर पॉल्यूशन है. इस पॉल्यूशन में सांस के मरीजों का जीना मुहाल हो रहा है. इसके बाद सबसे ज्यादा आंखों में दिक्कत होती है. अगर आप थोड़ी देर के लिए भी बाहर जाए तो आंखों में तेज चुभन होने लगेगी. जलन के साथ-साथ आंखों से पानी भी बहुत निकलने लगता है.आखिर इसकी क्या वजह है और इससे छुटकारा पाने के क्या उपाय है, इसके लिए हमने एक्सपर्ट से बात की.
आंखों को पॉल्यूशन से कैसे बचाएं.
Eye Protection in Pollution: जिस खतरनाक लेवल पर पॉल्यूशन पहुंच गया है, वह इंसान के हर अंगों के लिए खराब है. इस प्रदूषण में सबसे पहले सांसों की बीमारी से पीड़ित लोगों की परेशानी होती है. उसके बाद सबसे ज्यादा आंखों पर असर होता है. प्रदूषण से निकले जहरीले कण आंखों में घुसकर आंखों में चुभन और जलन पैदा करते हैं. यदि कोई बाइक पर एक घंटे-दो घंटे का सफर कर रहा है या बाहर टहल रहा है तो आंखों में ज्यादा पानी आने लगता है. पॉल्यूशन के कारण आंखों में जलन आखिर होता क्यों है और इसके क्या कारण है. इसके लिए अरुणा आसफ अली अस्पतालमें आई डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. कामिनी सिंघल से बात की.
आंखों में जलन क्यों होती है
डॉ. कामिनी सिंघल ने बताया कि हमारी आंखें बेहद नाजुक और संवेदनशील अंग है. इसकी सबसे उपरी परत को टियर फिल्म कहते हैं. यह एक डिफेंसिव लेयर होता है जो आंखों को बाहर के धूल-कण, मिट्टी आदि से बचाता है. इसके साथ ही यह आंखों को नमी देता है. जब पॉल्यूशन बढ़ता है तो पॉल्यूशन में मौजूद जहरीले कण तैरते रहते हैं. इसमें नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे कण होते हैं. ये जब आंखों से टकराते हैं तो आंखों की इसी सुरक्षात्मक लेयर यानी टियर फिल्म को तोड़ देता है जिसके बाद आंखों के अंदर मौजूद नसें डायरेक्ट हवा के संपर्क में आ जाती है. इस कारण बहुत जलन या चुभन महसूस होने लगता है. इसमें खुजली भी होने लगती है. इतना ही नहीं इस पॉल्यूशन में PM 2.5 मैटर भी होता है जो और ज्यादा नुकसान पहुंचाता है. ये सूक्ष्म कण आंख की पुतली और पलकों के अंदरुनी हिस्सों पर बैठ जाते हैं. कभी-कभी प्रदूषण के कण इतने ज्यादा हो जाते हैं कि पलक झपकाने पर ऐसा लगता है कि ये रेत के बारीक कण हैं जो सतह पर रगड़ पैदा कर रहे हैं. इस पॉल्यूशन का असर कभी-कभी लंबे समय तक भी हो सकता है. इसके कारण एलर्जी की तरह हो जाती है. जो लोग पहले से आंखों की समस्या से परेशान हैं, उनके लिए इस पॉल्यूशन का ज्यादा असर करता है. कॉन्ेटेकच लेंस पहनते है इंटलॉरेंस हो जाता है.
आंखों में पानी क्यों आने लगता
डॉ. कामिनी सिंघल ने बताया कि हमारी आंखों को हर तरह से बचाने के लिए आंखों में प्रोटेक्टिव लेयर होता है. पहला प्रोटेक्टिव लेयर टियर फिल्म होती है. इसके बाद अगर आंखों में दिक्कत होती है तो हमारा प्रोटेक्टिव मैकेनिज्म एक्टिव हो जाता है. जैसे ही आंखों की नसें यह महसूस करती हैं कि सतह पर कोई बाहरी कण या हानिकारक केमिकल आ गया है, दिमाग तुरंत आंसू वाले ग्लैंड को संकेत भेजता है. ये ग्लैंड तेजी से अतिरिक्त आंसू बनाना शुरू कर देती हैं. इससे आंखों की सतह पर जो भी प्रदूषण के कण या धूल कण है या जहरीले कण या केमिकल्स होते हैं वे सब धोकर आंख से बाहर निकाल जाते हैं. इस तरह यह आंखों का प्राकृतिक बचाव तंत्र है.
इससे कैसे बचें
डॉ. कामिनी सिंघल कहती हैं कि प्रदूषण का स्तर चाहे जैसा भी हो, सभी लोगों के लिए ऐसा संभव नहीं है कि वह अपना घर छोड़कर कहीं चले जाएं, ऐसे में एहितयाती कदम उठाने की दरकार है. सबसे पहले तो अगर पॉल्यूशन का स्तर ज्यादा है तो कोशिश करें कि कम से कम बाहर निकलें. जब तक आपको जरूरी नहीं है, तब तक बाहर निकलने की कोशिश न करें. इसके अलावा यदि आपको बाहर जाना जरूरी है तो चश्मा लगाकर निकलें ताकि केमिकल का कम से कम असर है. इसके बाद अगर आंखों में जलन या खुजली है तो उसे कभी भी मले नहीं या रगड़ें नहीं. इससे मामला और खराब हो जाएगा. आंखों में जलन या चुभन है तो आंखों में पानी का छीटा मारें. सिर्फ साफ पानी से इसे साफ करें. अगर आप लगातार बाहर निकल रहे हैं तो टियर वाटर यानी लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें. यदि आपको लगातार आंखों में चुभन है तो आप आई स्पेशलिस्ट से जरूर मिलें.