Last Updated:
Samastipur Meena Devi Success Story: समस्तीपुर की मीना देवी ने पति के निधन के बाद संघर्ष कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. वे साड़ियों पर मिथिला पेंटिंग और ब्लॉक प्रिंटिंग कर 70-75 महिलाओं को रोजगार दे रही हैं. उद्योग विभाग से ऋण लेकर उन्होंने अपने कारोबार को विस्तार दिया है.
समस्तीपुर. समस्तीपुर में साड़ी पर खूबसूरत पेंटिंग और कलाकृतियां उकेरने वाली मीना देवी की कहानी संघर्ष और आत्मनिर्भरता की मिसाल है. शादी के महज चार साल बाद उनके पति का निधन हो गया. उस समय उनका बेटा केवल एक साल का था. अचानक परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई. बच्चे की परवरिश और घर चलाने की चिंता सामने थी, लेकिन मीना देवी ने हालात के आगे घुटने नहीं टेके.
उन्होंने इस कठिन समय में खुद को संभाला और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाने की राह चुनी. आज वह महिला उद्यमी के रूप में आगे बढ़ रही हैं. अपने हुनर से साड़ियां और अन्य उत्पाद तैयार करने के साथ वह दूसरी महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ रही हैं. उनकी यह यात्रा बताती है कि मुश्किल हालात में भी हिम्मत और लगातार प्रयास से नई राह बनाई जा सकती है.
70-75 महिलाओं का समूह, मिथिला पेंटिंग, ब्लॉक प्रिंटिंग से तैयार साड़ियां
मूल रूप से वैशाली जिले के राजापाकर की रहने वाली मीना देवी लंबे समय से एक एनजीओ के माध्यम से महिलाओं के समूह से जुड़ी हैं. उनके मुताबिक, उनके संगठन में करीब 70 से 75 महिलाएं शामिल हैं. सभी मिलकर कपड़ों पर ब्लॉक प्रिंटिंग, रंगाई और मिथिला पेंटिंग सहित कई तरह की कलाकृतियां तैयार करती हैं. साड़ियों पर दिखने वाली आकर्षक डिजाइन और पेंटिंग समूह की महिलाएं अपने हाथों से बनाती हैं.
मीना देवी बताती हैं कि साड़ी पर पेंटिंग करना उनके काम की खास पहचान है. तैयार साड़ियों और दूसरे हस्तनिर्मित उत्पादों को लेकर उनका समूह अलग-अलग मेलों में स्टॉल लगाता है. बिहार सरकार या केंद्र सरकार की ओर से आयोजित मेलों में अवसर मिलने पर वे अपने उत्पादों के साथ पहुंचती हैं. इससे उनके सामान को बाजार मिलता है और समूह की महिलाओं को काम करने का अवसर भी मिलता है.
उद्योग विभाग से मिला 5 लाख का ऋण, कारोबार को मिला नया विस्तार
मीना देवी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान रोजगार को लेकर परेशानी बढ़ी, तब उन्होंने इस काम को अपनाया. समूह की महिलाओं के साथ कारोबार आगे बढ़ाया. उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग की ओर से उन्हें पांच लाख रुपये का ऋण मिला, जिससे काम को विस्तार देने में मदद मिली.
मीना देवी के अनुसार, इस काम से परिवार चलाने में सहारा मिला है और अब वह अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश कर रही हैं. पति के निधन के बाद चुनौतियों के बावजूद उन्होंने काम जारी रखा. आज परिवार में बेटा और बहू हैं, वहीं उनका महिला समूह भी आगे बढ़ रहा है.