Last Updated:
Nalanda News: भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में हंगामा हो गया. वह एक तिलक समारोह में पहुंचे थे. उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी. नौबत यहां तक आ गई कि भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. लोगों ने सैकड़ों कुर्सियां तोड़ डालीं और जमकर उत्पात मचाया. गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ.
नालंदा में खेसारी लाल यादव के प्रोग्राम में हंगामा.
नालंदाः बिहार के नालंदा में भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ. इस्लामपुर थाना क्षेत्र के शेखली गांव में एक तिलक समारोह के दौरान यह घटना हुई. खेसारी लाल यादव अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे. उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए. भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे. इस दौरान कई लोग कुर्सियों पर चढ़ गए. देखते ही देखते समारोह में रखी कुर्सियां टूटने लगीं.
खेसारी को देखने के लिए मची आपाधापी
जानकारी के अनुसार, शेखली गांव में एक तिलक समारोह का आयोजन किया गया था. इसमें भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव को कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था. खेसारी लाल अपनी टीम के साथ पहुंचे और मंच पर कार्यक्रम शुरू हुआ. उनके आने की खबर मिलते ही उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी.
मच गई अफरा-तफरी
कार्यक्रम के दौरान दर्शक खेसारी लाल को करीब से देखना चाहते थे. इसके लिए लोग आगे बढ़ने लगे. कुछ दर्शक कुर्सियों पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे. इस दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की और आपाधापी शुरू हो गई. इसी बीच समारोह में रखी कई कुर्सियां टूट गईं. कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया..
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि, समारोह में कुर्सियों के टूटने से काफी अव्यवस्था हुई. घटना का मामला सामने आने के बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.