Last Updated:
Bhushan Pandit Dholak Craft: बुरहानपुर के शिकारपुरा निवासी भूषण प्रकाश पंडित पिछले 30 सालों से ढोलक बना रहे हैं. प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत मिले 1 लाख रुपए के ऋण से उनके कारोबार को नई रफ्तार मिली है.
Bhushan Pandit Dholak Craft: हुनर, मेहनत और पारिवारिक विरासत के दम पर अपना अलग मुकाम बनाने वाले शिकारपुरा निवासी भूषण प्रकाश पंडित की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो पारंपरिक कला को अपना रोजगार बनाकर आगे बढ़ रहे हैं. भूषण पिछले करीब 30 वर्षों से ढोलक बनाने और बजाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने अपने हुनर और मेहनत से ढोलक निर्माण को न केवल अपना व्यवसाय बनाया बल्कि शहर की पारंपरिक कारीगरी को भी पहचान दिलाई है.
कलाकार ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को कलाकार भूषण प्रकाश पंडित ने बताया कि संगीत और वाद्ययंत्र बनाने की कला विरासत में मिली है. उनके पिता प्रकाश पंडित और सुरेश पंडित संगीत से जुड़े हुए थे. उनके पिता म्यूजिक टीचर थे. घर में शुरू से ही संगीत का माहौल होने के कारण भूषण की रुचि भी वाद्ययंत्रों की ओर बढ़ने लगी. धीरे-धीरे उन्होंने ढोलक बनाने की बारीकियां सीखीं और इसे अपने जीवन का व्यवसाय बना लिया.वे ढोलक तैयार करने के लिए मुख्य रूप से शीशम और बीजेसार की लकड़ी का उपयोग करते हैं. लकड़ी का चयन करने से लेकर उसे आकार देने, खोखला करने और ढोलक की आवाज को सही सुर देने तक हर काम में विशेष सावधानी बरतते हैं. एक अच्छी ढोलक तैयार करने के लिए अनुभव और तकनीकी समझ जरूरी होती है. यही वजह है कि उनकी बनाई ढोलकों को कलाकार पसंद करते हैं.
मुंबई दिल्ली नागपुरी तक है डिमांड
भूषण की कारीगरी की पहचान बुरहानपुर तक सीमित नहीं है. नागपुर के तबला वादक असलम खान और मुंबई के अकबर खान जैसे कलाकारों तक उनकी बनाई ढोलकों की मांग पहुंचती है. इससे उनके हुनर को दूसरे शहरों में भी पहचान मिली है.
योजना का लिया लाभ
वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना उनके कारोबार के लिए नई उम्मीद बनकर आई. योजना के तहत उन्हें 1 लाख रुपए का ऋण मिला। इस आर्थिक मदद से उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और काम का विस्तार करने में मदद हासिल की. करीब तीन दशक से अपनी कला को संजोकर रखने वाले भूषण आज भी पारंपरिक तरीके से ढोलक बनाने के काम में जुटे हैं. उनकी कहानी बताती है कि पारिवारिक विरासत में मिले हुनर को मेहनत और सरकारी योजनाओं का सहयोग मिले तो रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं.